Bihar Top News Today 06 july 2026: बिहार (BIHAR) में आज 06 जुलाई को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…
पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे युवक की दौड़ लगाते समय गिरकर मौत
गोपालगंज। जिले के नगर थाना क्षेत्र से आज सोमवार की सुबह एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां बिहार पुलिस भर्ती परीक्षा की शारीरिक दक्षता की तैयारी कर रहे एक 23 वर्षीय युवक की दौड़ लगाने के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ गई। आनन-फानन में उसे स्थानीय लोगों और दोस्तों की मदद से सदर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। अस्पताल के डॉक्टरों ने जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया। इस अचानक हुई दुखद घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है और पूरे इलाके में शोक की लहर है।
12 साल बाद मिला एसिड अटैक पीड़ितों को न्याय
मोतिहारी। पूर्वी चंपारण जिले के मोतिहारी व्यवहार न्यायालय ने एक दशक से अधिक समय से लंबित एसिड अटैक मामले में ऐतिहासिक फैसला सुनाते हुए न्याय की मिसाल कायम की है। कोर्ट ने जमीन विवाद में अपनी सगी भाभी और भतीजी पर तेजाब फेंकने के दोषी विजय यादव को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। यह हृदयविदारक घटना 2014 में घोड़ासहन थाना क्षेत्र के जगीरहा गांव में घटी थी। पीड़ित अभय यादव के अनुसार उनके बड़े भाई विजय यादव की नजर पैतृक संपत्ति की 20 कट्ठा जमीन पर थी। जब अभय यादव ने अपनी हिस्से की जमीन देने से इनकार कर दिया तो विजय यादव ने रंजिश पाल ली। इसी विवाद के चलते एक रात आरोपी ने अंधेरे का फायदा उठाकर अभय यादव की पत्नी और उनकी भतीजी पर एसिड से बर्बर हमला कर दिया। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया था।
उपचुनाव राजद उम्मीदवार बनीं रेखा कुमारी गुप्ता
पटना। आगामी बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इस चुनावी मुकाबले को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने अपनी रणनीति स्पष्ट कर दी है। पार्टी ने अपने पुराने और अनुभवी चेहरे रेखा कुमारी गुप्ता पर एक बार फिर भरोसा जताते हुए उन्हें अपना उम्मीदवार घोषित किया है। इस निर्णय की आधिकारिक घोषणा करते हुए राजद नेता मंगलीलाल मंडल ने एक प्रेस वार्ता को संबोधित किया। मंडल ने स्पष्ट किया कि रेखा कुमारी गुप्ता केवल राजद की ही नहीं बल्कि संपूर्ण महागठबंधन की अधिकृत उम्मीदवार होंगी। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने जमीनी स्तर पर सक्रिय रहने वाली और कार्यकर्ताओं के बीच लोकप्रिय चेहरे के रूप में रेखा गुप्ता के नाम पर मुहर लगाई है।
नहर में मिला लापता युवक का शव
सासाराम। डेहरी-ऑन-सोन। रोहतास जिले के डेहरी अनुमंडल अंतर्गत सोन नहर से सोमवार को एक युवक का शव बरामद होने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। शव की शिनाख्त मुफस्सिल थाना क्षेत्र के रुद्रपुर गांव निवासी विकास कुमार यादव के रूप में हुई है। युवक की मौत की खबर सुनते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार विकास कुमार यादव जो स्थानीय निवासी देवमुनि यादव का पुत्र था बीते दिन से ही अपने घर से रहस्यमय तरीके से लापता था। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे लेकिन कहीं कोई सुराग नहीं मिल पा रहा था। सोमवार को जैसे ही डेहरी के हदहदवा पुल के पास सोन नहर में शव तैरता हुआ दिखाई दिया स्थानीय लोगों ने फौरन इसकी सूचना पुलिस को दी।
मुकेश सहनी का सम्राट सरकार पर बड़ा हमला
पटना। वीआईपी सुप्रीमो मुकेश सहनी ने बिहार सरकार द्वारा 100 फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाए जाने की घोषणा पर सवाल उठाया है। पटना एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि, अगर अब इसकी जरूरत महसूस हो रही है, तो इसका सीधा मतलब है कि पिछले 20 साल में नीतीश सरकार कानून व्यवस्था के मामले में फेल रही है। सहनी ने कहा कि, सरकार को पहले अपने पुराने वादे पूरे करने चाहिए, उसके बाद ही नई योजनाओं की बात करनी चाहिए। सड़कों पर टैक्स लगाने के फैसले पर भी मुकेश सहनी ने सम्राट सरकार को घेरा और तंज कसते हुए कहा कि आने वाले समय में शायद कपड़ा पहनने और सांस लेने पर भी टैक्स लगा दिया जाए। उनके अनुसार सरकार का पूरा ध्यान जनता से पैसा वसूलने पर है। वहीं, यूपी में नजरबंदी (हाउस अरेस्ट, लखनऊ) के मुद्दे पर बोलते हुए मुकेश सहनी ने वहां की स्थिति को अघोषित इमरजेंसी जैसा बताया, लेकिन साथ में ये भी कहा कि चुनाव आने वाले हैं और जनता इसका जवाब देगी।
कबाड़ से संवारा भविष्य
सासाराम। रोहतास जिले के डेहरी स्थित पतपुरा गांव के रहने वाले एक होनहार किशोर सनीश कुमार ने अपनी प्रतिभा से सबको आश्चर्यचकित कर दिया है। हाई स्कूल, भेड़िया के छात्र सनीश ने कबाड़ से जुगाड़ तकनीक का इस्तेमाल करते हुए एक मिनी इलेक्ट्रिक ट्रैक्टर तैयार किया है। सनीश का यह आविष्कार न केवल पर्यावरण के अनुकूल है बल्कि यह खेती-बारी के छोटे-मोटे कार्यों में भी बेहद कारगर साबित हो रहा है।
ग्रामीण सड़कों पर नहीं लगेगा कोई टैक्स
पटना। बिहार सरकार में ग्रामीण कार्य विभाग मंत्री सुनील कुमार आज सोमवार (6 जुलाई) को जदयू कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने पहले से तय जनसुनवाई कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने जनसुनवाई कार्यक्रम में आए लोगों की समस्याओं को सुना और उनका समाधान किया।
जनसनुवाई पूरी होने के बाद मंत्री सुनील कुमार ने मीडिया से बातचीत में कहा कि जनता के दरबार में आए जनता की समस्याओं का हम लोग लगातार समाधान कर रहे हैं। कुछ ऐसे मामले जो जटिल हैं। उनका त्वरित समाधान नहीं किया जा सकता है उसके लिए अब मुख्यमंत्री भी नए तरीके से सहयोग कार्यक्रम करके समाधान करेंगे।
राम मंदिर चंदा घोटाले पर सियासी घमासान
सासाराम। कांग्रेस के सासाराम सांसद मनोज कुमार ने अयोध्या स्थित भगवान श्री राम मंदिर निर्माण के लिए एकत्रित चंदे में कथित घोटाले को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। सासाराम में पत्रकारों से चर्चा के दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि जिन लोगों ने राम मंदिर के नाम पर देश भर में चंदा इकट्ठा किया उन्होंने ही अब मंदिर की संपत्ति में डाका डाला है।
पति ने पत्नी की गला रेतकर की हत्या
मुजफ्फरपुर। जिले से एक घटना सामने आई है, जहां आज सोमवार की सुबह एक महिला की उसके ही पति ने हसुआ से गला काटकर उसकी निर्मम तरीके से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति कमरे की खिड़की तोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों समेत पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पूरा मामला राजेपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत नवादा गांव की है।
मोबाइल शोरूम में 40 लाख की चोरी
पटना। जिले के दनियावां थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले दनियावां बाजार में रविवार देर रात शातिर चोरों ने एक बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। अज्ञात अपराधियों ने गैस कटर का इस्तेमाल कर एक नामी मोबाइल शोरूम और उसके गोदाम को अपना निशाना बनाया। इस घटना में करीब 40 लाख रुपये के कीमती इलेक्ट्रॉनिक सामान और नकदी पर चोरों ने हाथ साफ कर दिया।

