Bihar Top News Today 08 july 2026: बिहार (BIHAR) में आज 08 जुलाई को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…

लाखों की ठगी करके दुल्हन फरार

कैमूर। जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है जहां शादी के नाम पर राजस्थान के एक युवक को अपना शिकार बनाया गया। फर्जी शादी रचाकर दुल्हन, बिचौलिए और उसके साथियों ने मिलकर दूल्हे के लाखों रुपये और कीमती गहने ठग लिए और मौके से फरार हो गए। पीड़ित पक्ष ने भभुआ थाना में शिकायत दर्ज कराई है।

राहुल गांधी का दौरा स्थगित

पटना। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी का बहुप्रतीक्षित पटना दौरा फिलहाल टल गया है। 15 जुलाई को आयोजित होने वाले छात्र सम्मेलन को कांग्रेस ने स्थगित करने का निर्णय लिया है। आधिकारिक तौर पर पार्टी ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के मद्देनजर लागू आदर्श आचार संहिता को इस फैसले का मुख्य आधार बताया है। ​पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का तर्क है कि बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव की प्रक्रिया जारी है जिसके कारण क्षेत्र में आचार संहिता प्रभावी है। कांग्रेस का कहना है कि ऐसी स्थिति में किसी भी बड़े राजनीतिक कार्यक्रम का आयोजन चुनावी आचार संहिता के नियमों के उल्लंघन का कारण बन सकता था। सुरक्षा और संवैधानिक मर्यादा को ध्यान में रखते हुए ही राहुल गांधी का दौरा रद्द करना ही उचित समझा गया। ज्ञात हो कि यह सम्मेलन पहले 11 जुलाई को प्रस्तावित था, जिसे बाद में 15 जुलाई के लिए पुनर्निर्धारित किया गया था।

कैबिनेट बैठक में 22 एजेंडों पर मुहर

पटना। ​बिहार सरकार ने राज्य के बुनियादी ढांचे और जनहित से जुड़ी सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। आज आयोजित कैबिनेट की बैठक में कुल 22 महत्वपूर्ण एजेंडों पर मुहर लगाई गई जो राज्य में स्वास्थ्य, शिक्षा और हरित ऊर्जा के क्षेत्र में बड़े बदलाव के संकेत हैं।

  • ​AIIMS पटना का होगा विस्तार: 348.90 करोड़ की मंजूरी।
  • ​शिक्षा के क्षेत्र में नई पहल: तीन जिलों में खुलेंगे केंद्रीय विद्यालय।
  • ​हरित ऊर्जा की ओर कदम: 500 मेगावाट सोलर प्लांट को मंजूरी‌।

एक घर से निकले 40 से ज्यादा जहरीले कोबरा

पटना। जिले के पुनपुन प्रखंड अंतर्गत समकुड़ा गांव में उस समय हड़कंप मच गया जब एक साधारण से कच्चे घर से 40 से अधिकजहरीले कोबरा सांप निकले। यह घटना शंभू प्रसाद के परिवार के लिए किसी बुरे सपने से कम नहीं थी लेकिन समय रहते उठाए गए कदमों से एक बड़ा हादसा टल गया। ​घटना का खुलासा तब हुआ जब शंभू प्रसाद के बेटे बंटी कुमार ने तीन दिन पहले रात के समय घर के भीतर एक सांप देखा। शुरुआती घंटों में कुछ और सांप दिखाई देने पर परिवार में दहशत फैल गई। डर के मारे ग्रामीणों की मदद से शुरुआती तौर पर कुछ सांपों को मार दिया गया, लेकिन उनकी लगातार मौजूदगी से यह स्पष्ट हो गया कि घर के भीतर ही उनका कोई बड़ा बसेरा है।

PMCH में जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल खत्म

पटना। पटना मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (PMCH) में पिछले 24 घंटों से जारी जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल आखिरकार समाप्त हो गई है। डॉक्टरों के काम पर लौटने से अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्था पटरी पर लौट आई है जिससे मरीजों और उनके परिजनों ने बड़ी राहत की सांस ली है। ​जूनियर डॉक्टरों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर कल से ही कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया था। डॉक्टरों की मुख्य मांग राज्य के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार से सीधी वार्ता करने की थी। स्थिति को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने सक्रियता दिखाई और आज स्वास्थ्य मंत्री ने जूनियर डॉक्टरों के प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया।

JDU की नई टीम का ऐलान

Bihar News: जदयू ने बिहार में संगठन को और मजबूत करने की कवायद के तहत आज बुधवार को अपनी नई प्रदेश टीम का ऐलान किया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने नए पदाधिकारियों की सूची जारी की है। जदयू की इस नई टीम में 12 प्रदेश उपाध्यक्ष, 38 प्रदेश महासचिव और 74 प्रदेश सचिव बनाए गए हैं। इसके साथ ही विधान परिषद सदस्य नीरज कुमार को एक बार फिर पार्टी का मुख्य प्रवक्ता बनाया गया है। वहीं, पार्टी ने कुल 9 प्रदेश प्रवक्ताओं की भी नियुक्ति की है।
जदयू का कहना है कि नई टीम के गठन का उद्देश्य संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाना है, ताकि पार्टी की गतिविधियों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जा सके।

पुलिस की वर्दी पहनकर ठगी करने वाले गिरफ्तार

मोतिहारी। बिहार के मोतिहारी पुलिस ने अपराध जगत पर एक बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक करते हुए जाली नोटों के एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। भोपतपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने छापेमारी कर 1 करोड़ 26 लाख रुपये के जाली नोट और अन्य अवैध सामग्री के साथ दो मुख्य सरगनाओं को दबोचा है।

बीजेपी के अभिषेक बंटी कल करेंगे नामांकन

पटना। बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव ने बिहार की राजनीति में हलचल तेज कर दी है। जैसे-जैसे मतदान की तारीख नजदीक आ रही है, सभी प्रमुख दलों ने अपनी बिसात बिछाना शुरू कर दिया है। यह सीट बीजेपी के वरिष्ठ नेता और वर्तमान में राज्यसभा सांसद नितिन नवीन के इस्तीफे के बाद रिक्त हुई है। ​भारतीय जनता पार्टी ने इस महत्वपूर्ण सीट को बरकरार रखने के लिए युवा चेहरे पर भरोसा जताया है। भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष अभिषेक कुमार बंटी को पार्टी का आधिकारिक उम्मीदवार घोषित किया गया है। अभिषेक का कायस्थ समाज में अच्छा प्रभाव माना जाता है और वे नितिन नवीन के बेहद करीबी सहयोगियों में से एक हैं।
​अभिषेक कल गुरुवार को अपना नामांकन दाखिल करेंगे। इस अवसर पर बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व की मौजूदगी भी संभावित है क्योंकि नितिन नवीन कल से ही पटना के दो दिवसीय दौरे पर आ रहे हैं। उनके नामांकन में शामिल होने की प्रबल संभावना है जिससे पार्टी कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ेगा।

समस्तीपुर में डबल मर्डर

समस्तीपुर। जिले के चेकमहेसी थाना अंतर्गत नामापुर दरियापार गांव में मंगलवार देर रात हुई गैंगवार की एक सनसनीखेज घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया है। अज्ञात बदमाशों ने फोन कर घर से बुलाए गए दो युवकों की ताबड़तोड़ फायरिंग कर हत्या कर दी। मृतकों की पहचान प्रभात चौधरी और सन्नी कुमार के रूप में हुई है। ​मृतक प्रभात चौधरी के पिता संजय कुमार चौधरी ने बताया कि उनका बेटा रात में घर पर था तभी किसी अज्ञात का फोन आया। फोन आने के बाद प्रभात अपने तीन-चार साथियों के साथ स्कॉर्पियो से बागमती नदी के नामापुर दरियापार घाट पर मिलने गया। चश्मदीदों के अनुसार, उस समय पास में ही आतिशबाजी हो रही थी जिसका फायदा उठाकर बदमाशों ने अंधेरे का लाभ लिया।

कलयुगी मां ने 2 लाख में बेची बेटी

किशनगंज। जिले के बहादुरगंज थाना क्षेत्र से एक बेहद शर्मनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक कलयुगी मां ने पैसे की हवस में अपनी 12 वर्षीय नाबालिग बेटी को 2 लाख रुपये में बेच दिया। आरोपी मां ने न केवल अपनी ममता का सौदा किया बल्कि अपनी बेटी को नर्क जैसी जिंदगी में धकेल दिया। ​पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी महिला ने 9 जनवरी को मोतिहारी के नरकटिया गांव निवासी अमित राय (25 वर्ष) से सौदा तय किया था। महिला ने अपनी ही नाबालिग बेटी को महज 2 लाख रुपये के लिए बेच दिया। मुख्य आरोपी अमित राय अपने दोस्तों के साथ मिलकर बच्ची को बहला-फुसलाकर मोतिहारी ले गया। वहां उसे एक किराए के मकान में 5 महीने तक बंधक बनाकर रखा गया।