Bihar Top News Today 08 june 2026: बिहार (BIHAR) में आज 08 जून को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…

MLC टिकट नहीं मिलने पर फूट-फूटकर रोए शिव चंद्र राम

पटना। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) में आंतरिक कलह एक बार फिर सतह पर आ गई है। पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री शिवचंद्र राम ने आज एक भावुक प्रेस कॉन्फ्रेंस में पार्टी नेतृत्व के खिलाफ अपना गुस्सा और दर्द बयां किया। विधान परिषद (MLC) का टिकट न मिलने से आहत शिवचंद्र राम प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान फूट-फूटकर रो पड़े। ​शिवचंद्र राम ने आरोप लगाया कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने उन्हें विधान परिषद भेजने का स्पष्ट आश्वासन दिया था लेकिन अंतिम समय में उन्हें दरकिनार कर दिया गया। उन्होंने सीधे तौर पर पार्टी के वरिष्ठ नेता सुनील सिंह को एमएलसी बनाने के फैसले पर कड़ा ऐतराज जताया। उन्होंने कहा कि यह महज एक टिकट का सवाल नहीं है बल्कि एक निष्ठावान कार्यकर्ता के साथ किए गए धोखे का मामला है।

क्या दीपक प्रकाश बने रहेंगे मंत्री

​पटना। राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद उपेंद्र कुशवाहा ने आगामी चुनावों और एनडीए की वर्तमान राजनीतिक स्थिति को लेकर एक महत्वपूर्ण बयान दिया है। उन्होंने गठबंधन के भीतर एकजुटता का संदेश देते हुए सभी एनडीए प्रत्याशियों को नामांकन के लिए शुभकामनाएं दीं। ​जब उनसे एनडीए सरकार में मंत्री दीपक को लेकर सवाल किया गया, तो कुशवाहा ने इसे पूरी तरह से नेतृत्व के विवेक पर छोड़ दिया। उन्होंने कहा जब तक एनडीए शीर्ष नेतृत्व और गठबंधन की इच्छा है, तब तक दीपक मंत्री बने रहेंगे। इस टिप्पणी को राजनीतिक गलियारों में काफी अहम माना जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी मंत्री का भविष्य पार्टी और गठबंधन की रणनीतियों पर आधारित होता है।

सड़क हादसे में 7 लोगों की मौत

औरंगाबाद। ​बिहार में सोमवार और रविवार की रात दो अलग-अलग भीषण सड़क हादसों में कुल 7 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। इन हादसों में 20 से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिनमें से कई की हालत गंभीर बनी हुई है। पहली घटना औरंगाबाद में हुई जहां पर्यटकों से भरी बस और ट्रक की भिड़ंत हो गई वहीं दूसरी घटना अरवल में हुई जहां एक तेज रफ्तार कार नहर में जा गिरी। ​सोमवार सुबह औरंगाबाद में हुए हादसे में आंध्र प्रदेश के 3 श्रद्धालुओं की मौत हो गई। करीब 40 यात्रियों से भरी बस बोधगया से काशी जा रही थी। भवानी होटल के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने बस को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस के परखच्चे उड़ गए।
​स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाया गया। मृतकों की पहचान चावादम हजरत थेटा, पद्मा और पशु पुलेटी वेंकटेश्वरलू के रूप में हुई है। घायलों में रामा रेड्डी, प्रसाद रेड्डी और टी राजलक्ष्मी समेत अन्य शामिल हैं। आठ घायलों की स्थिति नाजुक बताई जा रही है।

MLC चुनाव के नॉमिनेशन का आज आखिरी दिन

पटना। ​बिहार विधान परिषद की रिक्त हो रही 10 सीटों (एक उपचुनाव सहित) के लिए चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। NDA ने अपने सभी 9 उम्मीदवारों का नामांकन दाखिल कर दिया है। नामांकन के बाद विधानसभा पोर्टिको में NDA नेताओं ने विक्ट्री साइन बनाकर अपनी जीत का भरोसा जताया है। ​NDA की रणनीति के तहत बीजेपी और जदयू ने 4-4 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारे हैं जबकि एक सीट लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) को दी गई है। खास बात यह है कि इस सूची में RLM अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा के बेटे और वर्तमान पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश का नाम शामिल नहीं है। इस घटनाक्रम के बाद चर्चा है कि उन्होंने अपने सोशल मीडिया बायो से ‘मंत्री’ का पद हटा दिया है।

खान सर कोचिंग विवाद से जुड़े दो मामले में सुनवाई पूरी

पटना। राजधानी पटना में चर्चित कोचिंग विवाद और खान सर (फैसल खान) से जुड़े दो मामलों में सोमवार को अदालत में महत्वपूर्ण सुनवाई हुई। दोनों मामलों पर बहस पूरी होने के बाद कोर्ट ने अपना आदेश सुरक्षित (रिजर्व) रख लिया है। अदालत के इस कदम के बाद अब सभी की निगाहें आने वाले फैसले पर टिकी हुई हैं। खान सर की कोचिंग (खान ग्लोबल स्टडीज) से जुड़े मामलों में आज सोमवार को पटना सिविल कोर्ट में अहम सुनवाई हुई। सुनवाई पूरी होने और दोनों पक्षों की दलीले सुनने के बाद कोर्ट ने अपना फैसला सुरक्षित रख लिया, जिसके बाद अब अदालत के फैसले पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं। कोर्ट में ज्ञान बिंदु कोचिंग संस्थान के संचालक रौशन आनंद की जमानत याचिका पर सुनवाई हुई। गौरतलब है कि खान कोचिंग पर बीते 2 जून की रात हुए पथराव और मारपीट के मामले में उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। कोर्ट में आज उनकी जमानत याचिका को लेकर हुई सुनवाई में अदालत ने सभी दोनों पक्षों की दलीलें सुनी और अपने फैसले को सुरक्षित रख लिया।

दीपक प्रकाश की मंत्री कुर्सी पर कानूनी संकट

Bihar News: बिहार सरकार के पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश की मुश्किलें बढ़ती दिख रही है। दरअसल एक ओर एमएलसी चुनाव में उन्हें टिकट नहीं मिला, जिसके नामांकन का आज आखिरी दिन है। वहीं, दूसरी ओर बिना किसी सदन का सदस्य होते हुए दोबारा मंत्री बनने का मामला अब कानूनी विवाद में घिर गया है। दरअसल बिहार सरकार में बिना किसी सदन का सदस्य रहते हुए दीपक प्रकाश को दोबारा मंत्री नियुक्त किए जाने पर इस मामले चुनौती देते हुए सुप्रीम कोर्ट में एक रिट याचिका दायर की गई है। याचिका में सवाल उठाया गया है कि विधानसभा या विधान परिषद के सदस्य नहीं होने के बावजूद उन्हें दोबारा मंत्री कैसे बनाया गया? याचिकाकर्ता राकेश कुमार सिंह ने दावा किया है कि संविधान के अनुच्छेद 164(4) के तहत कोई भी गैर-विधायक अधिकतम छह महीने तक मंत्री रह सकता है। इस अवधि के भीतर उसे विधानसभा या विधान परिषद का सदस्य बनना जरूरी होता है। याचिका में कहा गया है कि यह प्रावधान अस्थायी व्यवस्था के लिए है और इसका बार-बार लाभ नहीं लिया जा सकता।

एक दर्जन से अधिक लोगों को ट्रैक्टर ने कुचला

छपरा। सारण जिले के मशरक नगर पंचायत क्षेत्र से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां दलित टोला में भीषण गर्मी से बचने के लिए सड़क किनारे अपने दरवाजे के बाहर सोए एक दर्जन से अधिक लोगों को अनियंत्रित ट्रैक्टर ने कुचल दिया। इस हादसे में 7 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें रात के समय ही आसपास के लोगों की मदद से सीएचसी मशरक केंद्र पर भर्ती कराया गया। डॉक्टर ने गंभीर रूप से घायल 7 लोगों का प्राथमिक उपचार करने के बाद उन्हें बेहतर इलाज हेतु सदर अस्पताल छपरा रेफर कर दिया। वहीं, घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने ट्रैक्टर को अपने कब्जे में ले लिया। वहीं, आरोपी चालक मौके का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा।

धारदार हथियार से महिला का हाथ कटा

मोतिहारी। पूर्वी चंपारण जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र स्थित पकड़ी दीक्षित गांव में सोमवार को जमीनी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच हुए इस खूनी संघर्ष में एक महिला समेत तीन लोग बुरी तरह घायल हो गए। हमले की वीभत्सता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि धारदार हथियार के प्रहार से महिला का दाहिना हाथ शरीर से अलग हो गया।

गया में जमीन के लालच में दरिंदा बना भाई

​गया/डुमरिया। गया जिले के बोधीबीघा थाना क्षेत्र के महूड़ी गांव में एक बेहद वीभत्स और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मात्र 16 कट्ठा जमीन हथियाने की हवस में एक छोटे भाई ने अपने जन्म से दिव्यांग बड़े भाई कृष्ण भगत की धारदार हथियार से निर्मम हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी सूरजमल पाल मौके से फरार है। ​मृतक कृष्ण भगत और आरोपी सूरजमल पाल के पिता ने महूड़ी में मुख्य सड़क के किनारे 24 कट्ठा जमीन खरीदी थी जिसमें से 16 कट्ठा जमीन का मालिकाना हक कृष्ण भगत के पास था। चूंकि कृष्ण दिव्यांग थे और अविवाहित थे, इसलिए वह अपने छोटे भाई सूरजमल पर ही आश्रित थे। ग्रामीणों के अनुसार, कृष्ण भगत अक्सर बीमार रहते थे। उन्होंने कई बार अपने भाई से इलाज में सहयोग की बात कही थी लेकिन भाई का ध्यान केवल उनकी संपत्ति पर था।

दहेज की बलि चढ़ी एक और लव स्टोरी

समस्तीपुर। जिले से मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। एक विवाहिता को अपने ही पति और ससुराल वालों के जुल्म का शिकार होना पड़ा है। 10 लाख रुपये दहेज की मांग पूरी न होने पर पति ने न केवल पत्नी को घर से निकाल दिया, बल्कि दूसरी शादी करने की तैयारी में जुट गया। जब पीड़िता ने थाने में शिकायत करने की हिम्मत दिखाई, तो दरिंदा पति ने महिला थाने के बाहर ही उस पर ब्लेड से जानलेवा हमला कर दिया।