Bihar Top News Today 08 oct 2026: बिहार (BIHAR) में आज 08 अक्टूबर को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…
एग्जीक्यूटिव इंजीनियर के 5 ठिकानों पर छापा
पटना। बिहार में आय से अधिक संपत्ति के मामले में आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने आज गुरुवार (8 अक्टूबर) को बड़ी कार्रवाई की है। EOU की अलग-अलग टीमों ने योजना एवं विकास विभाग में कार्यपालक अभियंता के पद पर तैनात नारद कुमार दास के पांच ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की है। छापेमारी के दौरान उनके एक आवास से करीब 50 लाख रुपये नकद मिलने की जानकारी सामने आई है।
नकदी के अलावा जांच टीम को जमीन-जायदाद, बैंक खातों और अन्य संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज भी मिलने की बात कही जा रही है। हालांकि, तलाशी पूरी होने के बाद ही यह साफ होगा कि जांच में कुल कितनी नकदी और अन्य सामान जब्त किया गया है।
तेजस्वी ने कार्यकर्ता के साथ तोड़ी बैरिकेटिंग
पटना। बिहार की राजनीति में इन दिनों सरगर्मी तेज हो गई है। चुनाव आयोग और SIR के कथित मुद्दों को लेकर महागठबंधन ने आक्रामक रुख अपनाते हुए सड़कों पर हुंकार भरी है। इस आंदोलन की कमान खुद आरजेडी नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव संभाल रहे हैं। पटना सचिवालय के पास प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए प्रशासन द्वारा कड़ी बैरिकेडिंग की गई थी, लेकिन विरोध प्रदर्शन का यह दौर जल्द ही उग्र रूप ले लिया। प्रशासनिक सुरक्षा को चुनौती दी। तेजस्वी यादव खुद बैरिकेडिंग पर चढ़ गए, जिसके कुछ ही पलों बाद उत्साही कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग को पूरी तरह तोड़ डाला और आगे बढ़ गए। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच जमकर धक्का-मुक्की भी हुई।
प्रदर्शन के दौरान आरजेडी नेताओं का अनूठा और आक्रामक अंदाज भी देखने को मिला। सचिवालय के पास आरजेडी एमएलसी उर्मिला ठाकुर हाथ में डफली बजाकर सरकार और आयोग के खिलाफ नारेबाजी करती नजर आईं। वहीं, पार्टी के मुख्य प्रवक्ता भाई वीरेंद्र ने तो मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ बेहद कड़े शब्दों का इस्तेमाल करते हुए उन्हें फांसी दिए जाने की मांग तक कर डाली।
CEC के खिलाफ विपक्ष का प्रदर्शन
पटना। लोकभवन मार्च के तहत विधानसभा के समक्ष महागठबंधन के कार्यकर्ताओं ने जमकर प्रदर्शन किया और मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान विधानसभा के सामने महागठबंधन के कार्यकताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ के नारे भी लगाए। इस दौरान बिहार कांग्रेस के अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि, हम लोगों को प्रदर्शन के दौरान डिटेन कर लिया गया और लोक भवन ले जाया गया, जहां पर राज्यपाल ने हम लोगों ने मुलाकात किया और हमलोगों ने उनके सामने अपनी बातों को रखा।
बूढ़ी गंडक नदी में मिले युवक-युवती के शव
बेगूसराय। जिले से नावकोठी थाना क्षेत्र में बूढ़ी गंडक नदी से एक युवक और एक युवती के शव बरामद किए गए हैं। घटना के बाद से इलाके में हड़कंप मच गया है और स्थानीय लोगों के बीच प्रेम-प्रसंग में ऑनर किलिंग को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। पुलिस इस दोहरे हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने में जुट गई है। गुरुवार को काली स्थान के पास श्रीलाल साह डेरा के समीप नदी में स्नान करने पहुंचे स्थानीय लोगों ने पानी में दो शव तैरते हुए देखे। जब ग्रामीण पास गए तो उनके होश उड़ गए, क्योंकि वहां एक युवक और एक युवती का शव था। युवती का शव अर्ध-नग्न अवस्था में मिला, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी।
17 हजार फीट की ऊंचाई पर फ्लाइट पर गिरी बिजली
पटना से अहमदाबाद जा रही इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट (6E925) बुधवार को आसमान में खराब मौसम के बीच बड़े हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गई। लखनऊ पहुंचने से ठीक पहले करीब 17,000 फीट की ऊंचाई पर विमान आकाशीय बिजली की चपेट में आ गया, जिससे विमान का अगला हिस्सा (नोज) बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस घटना के समय विमान में कुल 170 यात्री सवार थे, जिनमें अचानक मची हलचल से दहशत फैल गई। विमान के पायलट ने असाधारण सूझ-बूझ का परिचय देते हुए तुरंत लखनऊ एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क साधा। पायलट के संदेश मिलते ही एटीसी ने बिना देरी किए रनवे खाली कराया और एम्बुलेंस समेत अन्य सभी आपातकालीन सेवाओं को पूरी तरह तैनात कर दिया। पायलट ने अपनी दक्षता का इस्तेमाल करते हुए विमान को शाम 4:05 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतार लिया, जो कि उसके निर्धारित समय से थोड़ा पहले था। सभी 170 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
कीचड़ में पुलिस-युवक के बीच उठा-पटक
समस्तीपुर। जिले के मोहिउद्दीननगर थाना क्षेत्र के मुख्य बाजार में छेड़खानी के एक मामले को सुलझाने गई पुलिस टीम और एक स्थानीय युवक के बीच बीच सड़क पर भयंकर संघर्ष हो गया। स्थिति इतनी बिगड़ी कि पुलिस अधिकारी और युवक कीचड़ में लोट-पोट हो गए। इस दौरान भीड़ का फायदा उठाकर एक पूर्व मुखिया ने डंडे से पीट-पीटकर युवक का पैर ही तोड़ दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बुधवार दोपहर मोहिउद्दीननगर बाजार में पुलिस को सूचना मिली थी कि गोलू कुमार नामक एक युवक ने रास्ते से गुजर रही एक महिला के साथ अभद्र व्यवहार किया है। इस शिकायत पर तुरंत कार्रवाई करते हुए डायल-112 की टीम को मौके पर रवाना किया गया। मौके पर पहुंचे पुलिस पदाधिकारी राजू कुमार के साथ दो महिला सिपाही भी मौजूद थीं। जब पुलिस ने आरोपी युवक को पकड़ना चाहा, तो उसने विरोध करना शुरू कर दिया, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया।
रतलाम में बंधुआ मजदूर बने बिहारी श्रमिक
गोपालगंज। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में नौकरी का झांसा देकर बिहार के गोपालगंज जिले के करीब एक दर्जन मजदूरों को मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में बंधक बनाकर काम कराने का एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। इस घटना ने एक बार फिर लेबर ट्रैफिकिंग और अवैध बंधुआ मजदूरी के काले सच को उजागर कर दिया है, जिससे पीड़ित परिवारों में गहरी दहशत और चिंता का माहौल है।
बचाने के बजाय जान ले रहे बिहार के कई अस्पताल
नालंदा। जिले के नूरसराय थाना क्षेत्र स्थित अंधना मोड़ के समीप एक निजी क्लीनिक में प्रसव के दौरान एक 22 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने क्लीनिक प्रबंधन और डॉक्टर पर इलाज में भारी लापरवाही बरतने का गंभीर आरोप लगाया है। मृतका के परिवार ने अस्पताल के वैध रजिस्ट्रेशन की जांच और दोषी डॉक्टर के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग को लेकर जमकर हंगामा किया।
सोने के व्यापारी को गोली मारकर लाखों रुपये के आभूषण लूटे
मोतिहारी। जिले के चकिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बासघाट के समीप अपराधियों ने एक स्वर्ण व्यवसायी को गोली का शिकार बनाया और लाखों रुपये के जेवरात से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। इस सनसनीखेज वारदात के बाद से स्थानीय व्यापारियों और आम जनता में भारी आक्रोश व डर का माहौल बना हुआ है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, घायल स्वर्ण व्यवसायी की पहचान बासघाट के निवासी अवध किशोर साह के 28 वर्षीय बेटे सुजीत कुमार के रूप में हुई है। सुजीत कुमार का भूअन छपरा इलाके में अपना ज्वेलरी का कारोबार है। घटना की शाम वे अपनी दुकान को पूरी तरह से बंद कर चुके थे। इसके बाद वे सोने और चांदी के जेवरात से भरा हुआ बैग लेकर अपनी मोटरसाइकिल से अपने घर की तरफ लौट रहे थे।
लेजर कटिंग मशीन के गोदाम में लगी भीषण आग
नालंदा। जिले के दीपनगर थाना क्षेत्र के देवीसराय मोड़ के समीप आज गुरुवार की एक लेजर कटिंग मशीन के गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। अग्निकांड में गोदाम में रखी करीब 50 लाख रुपये मूल्य की दो CNC लेजर कटिंग मशीनें पूरी तरह जलकर राख हो गईं। वहीं, अन्य सामान और कच्चे माल को मिलाकर एक करोड़ रुपये से अधिक के नुकसान का प्रारंभिक अनुमान लगाया जा रहा है। देवीसराय मोड़ स्थित विनायक लेजर कटिंग के गोदाम से काला धुआं और आग की लपटें उठती देखकर स्थानीय लोगों ने संचालक के परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचने तक आग पूरे गोदाम में फैल चुकी थी। संचालक गौरी विश्वकर्मा के पुत्र सौबेंद्र कुमार ने बताया कि गुरुवार की सुबह स्थानीय लोगों ने गोदाम से धुआं निकलते देखकर उन्हें सूचना दी। सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे। उस समय गोदाम के अंदर आग की लपटें उठ रही थीं और स्थिति इतनी भयावह थी कि अंदर जाना संभव नहीं था। इसके बाद अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई।

