Bihar Top News Today 09 june 2026: बिहार (BIHAR) में आज 09 जून को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…
तेजस्वी बोले- सम्राट चौधरी चीफ नहीं चीप मिनिस्टर हैं
पटना। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव आज मंगलवार (9 जून) को लंबे समय के बाद पटना लौटे। पटना लौटते ही उन्होंने सीएम सम्राट चौधरी पर जमकर निशाना साधा है। तेजस्वी ने पटना एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि, हमे पूरा विश्वास था की अगर सम्राट चौधरी बिहार के मुख्यमंत्री बनते हैं, तो भी उनकी सोच में कोई परिर्वतन नहीं होने वाला है। हमने पहले भी कहा था कि सम्राट चौधरी का जो भी निर्णिय हो, उनके जो भी मुद्दे हो, वो हमारे (राजद) मुद्दे नहीं हैं। तेजस्वी यादव ने कहा कि, हमने पहले भी सरकार को चेताया था कि बिहार सरकार का खजाना खाली है। कोई काम नहीं हो रहा है। केवल भ्रष्टाचार पर भ्रष्टाचार हो रहा है। डेली हत्या, लूट, अपहरण हो रहा है। अपराधी बेलगाम हो चुके हैं। रिशु (टेंडर घोटाला) का जो मामला है, कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। सत्ता में बैठे लोग इनको संरक्षण देने का काम कर रहे हैं। नीट जैसी परिक्षाओं जैसे पेपर लीक हो रहे हैं।
छापेमारी करने गई पुलिस टीम पर हमला
मुजफ्फरपुर। जिले के पारू थाना क्षेत्र में कर्तव्य पालन के दौरान पुलिस पर हमला करने का मामला सामने आया है। बीती रात थाना कांड संख्या 154/26 और 293/26 के सिलसिले में वांछित अभियुक्त अजय राय के घर छापेमारी करने गई पुलिस टीम को ग्रामीणों के भारी विरोध और हिंसक झड़प का सामना करना पड़ा। इस दौरान उपद्रवियों ने पुलिस बल पर पथराव कर दिया, जिससे सरकारी गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और पांच पुलिसकर्मी आंशिक रूप से घायल हो गए। घटना के संबंध में एसपी कार्यालय की ओर से पश्चिमी डीएसपी अभिजीत कौर ने आधिकारिक बयान जारी किया है। उन्होंने बताया कि 8 जून की देर रात पुलिस की एक टीम वांछित अपराधी अजय राय की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए उसके आवास पर पहुंची थी। जैसे ही पुलिस ने कार्रवाई शुरू की वहां मौजूद असामाजिक तत्वों ने एकजुट होकर पुलिस टीम को घेर लिया और उन पर पथराव शुरू कर दिया।
डीएसपी अभिजीत कौर ने बताया कि हमलावरों का मुख्य उद्देश्य पुलिस की कार्रवाई में बाधा उत्पन्न करना था। इस हमले में सरकारी वाहन के शीशे टूट गए और पांच पुलिसकर्मी मामूली रूप से घायल हुए जिन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया है।
रौशन आनंद की जमानत याचिका खारिज
पटना। चर्चित कोचिंग संचालक खान सर की अग्रिम जमानत याचिका पर मंगलवार को पटना सिविल कोर्ट में महत्वपूर्ण सुनवाई हुई। अदालत ने खान सर को बड़ी राहत देते हुए उनकी गिरफ्तारी पर रोक लगा दी है। फायरिंग मामले से जुड़े इस विवाद में अब मामले की अगली सुनवाई 20 जून को होगी। न्यायाधीश अनुराग वर्मा की अदालत ने अपने आदेश में स्पष्ट किया है कि अगली सुनवाई या अगले आदेश तक खान सर के खिलाफ कोई भी कठोर या दबावपूर्ण कार्रवाई नहीं की जाएगी। इसके साथ ही, अदालत ने पुलिस से मामले की केस डायरी भी तलब की है।
सुनवाई के दौरान खान सर के वकील अरविंद कुमार महुआर ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि गोलीबारी की घटना पूरी तरह से आत्मरक्षा में की गई थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस घटना का उद्देश्य किसी में भय पैदा करना या कानून को हाथ में लेना बिल्कुल नहीं था। गौरतलब है कि खान सर पर हत्या के प्रयास और अवैध हथियार इस्तेमाल करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।
5 प्रशिक्षु जवान हीट-स्ट्रोक से बेहोश
रोहतास। भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों ने रोहतास जिले में कहर बरपाया है। डेहरी स्थित बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस (BSAP-2) में प्रशिक्षण के दौरान भीषण गर्मी की चपेट में आकर 5 से अधिक प्रशिक्षु जवान अचानक बेहोश होकर गिर पड़े। इस घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह बीएसएपी-2 परिसर में प्रशिक्षु जवानों का 16 किलोमीटर की लंबी दौड़ का प्रशिक्षण चल रहा था। सुबह से ही सूरज की तपिश और उमस भरी गर्मी अपने चरम पर थी। इस कठिन शारीरिक प्रशिक्षण के दौरान तेज गर्मी और डिहाइड्रेशन के कारण एक के बाद एक कई जवान लड़खड़ाकर गिरने लगे। घटना को देखते हुए वहां तैनात ट्रेनर और अन्य अधिकारियों ने तुरंत दौड़ रोक दी और आनन-फानन में बेहोश हुए जवानों को डेहरी अनुमंडलीय अस्पताल और सासाराम सदर अस्पताल ले जाया गया।
सम्मानित किसान की गोली मारकर हत्या
मुजफ्फरपुर। जिले के बोचहा थाना क्षेत्र में मंगलवार को अपराधियों ने दुस्साहस का परिचय देते हुए एक किसान और किराना व्यवसायी की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान चकहेलाल गांव निवासी 42 वर्षीय हरेराम चौधरी के रूप में हुई है। हरेराम चौधरी न केवल एक व्यवसायी थे बल्कि आधुनिक खेती के लिए उन्हें पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा भी सम्मानित किया जा चुका था।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तीन अज्ञात बदमाश बाइक पर सवार होकर हरेराम चौधरी की दुकान पर पहुंचे। उन्होंने खुद को ग्राहक बताते हुए सामान मांगा। दुकानदार जब तक कुछ समझ पाता, बदमाशों ने अचानक उन पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से हरेराम लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी हवा में हथियार लहराते हुएइ मौके से फरार हो गए। परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
रौशन आनंद की रिहाई के लिए फिर सड़कों पर छात्र
पटना। कोचिंग संस्थानों के बीच उपजे विवाद और फायरिंग मामले ने अब एक गंभीर मोड़ ले लिया है। ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रौशन आनंद की गिरफ्तारी के विरोध में आज पटना में छात्रों का आक्रोश तीसरी बार सड़कों पर दिखा। छात्र रौशन आनंद की रिहाई की मांग को लेकर पटना कॉलेज से कारगिल चौक तक मार्च निकालने की तैयारी में थे, लेकिन प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए उन्हें बीच में ही रोक दिया। छात्रों के उग्र प्रदर्शन को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया और एहतियात के तौर पर वाटर कैनन की गाड़ियों को भी मंगवाया गया। छात्रों का मुख्य तर्क है कि बिना किसी निष्पक्ष जांच समिति के गठन के सीधे गिरफ्तारी करना न्यायसंगत नहीं है। प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना है कि रौशन आनंद निर्दोष हैं और वे घटनास्थल पर मौजूद भी नहीं थे। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार और पुलिस की कार्रवाई पक्षपाती है जिसमें एक को जेल और दूसरे को बेल जैसी स्थिति दिख रही है।
जदयू ऑफिस में जनसुनवाई के वक्त पहुंचे पूर्व सीएम
पटना। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और जदयू के शीर्ष नेता नीतीश कुमार ने आज अचानक पार्टी के प्रदेश कार्यालय पहुंचकर सबको चौंका दिया। उनके इस औचक निरीक्षण के दौरान पार्टी मुख्यालय में हलचल तेज हो गई। नीतीश कुमार ने न केवल कार्यालय की व्यवस्था का जायजा लिया बल्कि वहां चल रहे कार्यों को लेकर पदाधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश भी दिए। नीतीश कुमार जब कार्यालय पहुंचे तो उन्होंने परिसर का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय में रखे सामानों के रखरखाव और व्यवस्थित तरीके से उन्हें रखने के निर्देश दिए। पूर्व मुख्यमंत्री का मानना है कि पार्टी कार्यालय की कार्यप्रणाली में स्पष्टता और सुव्यवस्था का होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्यालय के सामान को एक स्थान से दूसरे स्थान पर व्यवस्थित तरीके से रखा जाए ताकि कामकाज में सुगमता बनी रहे।
खान सर की गिरफ्तारी पर रोक
पटना। खान ग्लोबल स्टडीज में हुई फायरिंग और तोड़फोड़ के मामले में संस्थान के निदेशक फैजल खान उर्फ खान सर की अग्रिम जमानत याचिका आज पटना सिविल कोर्ट में सुनवाई हुई। पटना कोर्ट ने खान सर की गिरफ्तारी पर रोक लगा दी है। वहीं, इस मामले में गिरफ्तार उनके दो सुरक्षा गार्डों की जमानत याचिका पर भी आज फैसला सुनाया जाएगा। सोमवार को दोनों गार्डों की जमानत याचिका पर सुनवाई के बाद कोर्ट ने आदेश सुरक्षित रख लिया था।
पेड़ गिरने से एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत
सीतामढ़ी। जिले के रीगा थाना क्षेत्र अंतर्गत रेवासी धनुषी टोला वार्ड संख्या-01 में सोमवार की देर रात हुए एक दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत हो गई। दरअसल रात करीब 11 बजे एक पुराना पीपल का पेड़ अचानक सिकंदर सहनी के कच्चे मकान पर गिर पड़ा, जिससे पूरा घर धराशायी हो गया। हादसे के बाद पूरे गांव में चीख-पुकार मच गई। हादसे के समय घर के सभी सदस्य सो रहे थे। मलबे में दबने से सिकंदर सहनी की पत्नी पूजा देवी (28 वर्ष), पुत्र राजकुमार (7 वर्ष), पुत्री शिवानी (5 वर्ष) और एक माह के पुत्र लाइगर कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दो वर्षीय पुत्र वीरभद्र कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
ट्रांसजेंडर युवती के साथ दुष्कर्म
गोपालगंज। जिले से कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करने वाली दो झकझोर देने वाली घटनाएं सामने आई हैं। जिले के विजयीपुर थाना क्षेत्र में अपराधी इतने बेखौफ हो चुके हैं कि महज 24 घंटे के भीतर उन्होंने दुष्कर्म की दूसरी वारदात को अंजाम दिया है। इस बार हैवानों ने एक ट्रांसजेंडर युवती को अपना शिकार बनाया है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है। घटना विजयीपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की है। पीड़ित ट्रांसजेंडर युवती रात के समय अपने घर के पास स्थित बथान में सो रही थी। इसी दौरान, घात लगाए बैठे आरोपी ने उसे अकेला पाकर दबोच लिया। युवती ने अपनी अस्मत बचाने के लिए पुरजोर विरोध किया, लेकिन दरिंदे ने उसे डरा-धमकाकर जबरन दुष्कर्म जैसी घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद पीड़िता के शोर मचाने पर जब तक स्थानीय लोग वहां पहुंचते, आरोपी मौके से भागने की फिराक में था।

