Bihar Top News Today 10 September 2026: बिहार (BIHAR) में आज 10 सितम्बर को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…
गहरे पानी में डूबने से 5 लोगों की मौत
भागलपुर। जिले के बाईपास थाना क्षेत्र अंतर्गत कोयली खुटहा गांव में गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर और बाढ़ के बीच एक बड़ा हादसा सामने आया है। सड़क पर जमा बाढ़ के पानी की गहराई का अंदाजा न होने के कारण एक ही परिवार के पांच लोगों की डूबने से मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम और शोक की लहर दौड़ गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, परिवार के कुछ सदस्य किसी जरूरी काम से खेत की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में सड़क पर बाढ़ का पानी काफी दूर तक जमा हुआ था। पानी अधिक होने और उसकी गहराई का सही पता न चल पाने के कारण परिवार का एक सदस्य गहरे पानी में जा समाया। उसे डूबता देख बचाने के लिए परिवार के अन्य लोग भी आगे आए। एक-एक करके बचाने के इस सिलसिले में कई लोग गहरे पानी की चपेट में आ गए और देखते ही देखते यह भीषण हादसा हो गया।
दो शिक्षिकाओं ने की टीचर की पिटाई
सासाराम। नोखा प्रखंड के एक विद्यालय में शिक्षक दिवस के पवित्र अवसर पर शिक्षकों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने शिक्षा व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है। वायरल वीडियो 5 सितंबर (शिक्षक दिवस) का बताया जा रहा है। वीडियो में उच्च माध्यमिक विद्यालय प्लस टू, चनकी की शिक्षिका अंजू कुमारी और उसी परिसर में संचालित मध्य विद्यालय की शिक्षिका उमा कुमारी एक अन्य शिक्षक अभिषेक उपाध्याय की जमकर पिटाई करती नजर आ रही हैं। इस दौरान गाली-गलौज और भारी हंगामा भी हुआ। मारपीट के बीच एक शिक्षिका द्वारा ‘बैड टच’ का गंभीर आरोप भी लगाया गया। जब पीड़ित शिक्षक ने विद्यालय परिसर से बाहर भागने की कोशिश की, तो उनके साथ हाथापाई जारी रही।
भभुआ बाल सुधार गृह में कैदी की मौत
कैमूर। जिले के भभुआ बाल सुधार गृह में एक किशोर कैदी की संदिग्ध परिस्थितियों में अचानक मौत हो गई। इस घटना के बाद से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है और परिजनों ने सुधार गृह प्रबंधन पर हत्या का गंभीर आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
मृतक की पहचान भभुआ शहर के चकबंदी रोड निवासी रुस्तम राइन के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, उस पर एक नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर शारीरिक संबंध बनाने और फिर उसे ब्लैकमेल कर यौन शोषण करने का आरोप था। इसी मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 20 अगस्त 2026 को उसे न्यायिक हिरासत में भेजते हुए बाल सुधार गृह में दाखिल कराया था।
IRCTC मनी लॉन्ड्रिंग केस- लालू-तेजस्वी समेत 9 पर आरोप तय
दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने बहुचर्चित IRCTC मनी लॉन्ड्रिंग मामले में लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव समेत 9 आरोपियों के खिलाफ आरोप तय कर दिए हैं। इसके साथ ही अदालत ने इस मामले में राहत देते हुए 7 अन्य आरोपियों को बरी कर दिया है। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) और प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा जांचे गए इस मामले की अगली सुनवाई अब 3 अक्टूबर को होगी।सुनवाई के दौरान अदालत ने स्पष्ट किया कि राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव के पास अपराध से अर्जित आय होने और पद के दुरुपयोग का मजबूत संदेह है। कोर्ट के आदेश के अनुसार, दोनों पटना की उस विवादित जमीन का लाभ उठा रहे हैं, जिसे कथित तौर पर साल 2005 से 2014 के बीच लालू प्रसाद यादव के रेल मंत्री रहने के दौरान उनके कहने पर हस्तांतरित किया गया था। अदालत ने यह भी माना कि इस पूरी टेंडर घोटाले की साजिश लालू यादव की जानकारी में रची गई थी, जिसमें टेंडर प्रक्रिया में उनका सीधा हस्तक्षेप था।
कांग्रेस ने 29 नेताओं को थमाया कारण बताओ नोटिस
बिहार की सियासत में इन दिनों कांग्रेस पार्टी के भीतर घमासान मचा हुआ है। पार्टी के अंदरूनी कलह और अनुशासनहीनता के मामलों पर सख्त रुख अपनाते हुए बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अनुशासन समिति ने एक साथ 29 नेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। इस कार्रवाई से राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है।
यह पूरी कार्रवाई नई दिल्ली स्थित अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) मुख्यालय के समीप हाल ही में आयोजित एक विरोध प्रदर्शन से जुड़ी हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, गत 8 सितंबर 2026 को बिहार प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ कुछ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एआईसीसी कार्यालय के पास धरना-प्रदर्शन किया था। आरोप है कि ये सभी 29 नेता इस प्रदर्शन में सक्रिय रूप से शामिल हुए थे और पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के खिलाफत में उतरे थे।
दरभंगा में पुलिस टीम पर हमला
दरभंगा। जिले में कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक बड़ी घटना सामने आई है, जहां शराब तस्करों ने पुलिस टीम पर हमला कर हिरासत में लिए गए एक कारोबारी को जबरन छुड़ा लिया। घटना जिला मुख्यालय से करीब 35 किलोमीटर दूर रैयाम थाना क्षेत्र के बंसरा ठीकरा टोल के पास की है। रैयाम थाने की पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि इलाके में अवैध शराब का कारोबार चल रहा है। इसी सूचना के आधार पर पुलिस टीम छापेमारी करने बंसरा ठीकरा टोल पहुंची थी। पुलिस ने मौके से करीब 2 लीटर देसी चुलाई शराब बरामद की और कथित शराब कारोबारी महावीर सहनी को हिरासत में लेकर अपनी गाड़ी में बैठा लिया।
वैशाली में पुल का बीम लॉन्चर गिरा, 8 कर्मचारी घायल
वैशाली। जिले के लालगंज स्थित जलालपुर में भारत माला परियोजना के तहत बन रहे 6 लेन पुल का एक बड़ा हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया। गंडक नदी के पास निर्माणाधीन पुल का पूरा स्ट्रक्चर गिरने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि निर्माणाधीन ढांचा गिरने के बाद कुछ लोग मलबे में दब गए। शुरुआती सूचना के मुताबिक दो लोगों के दबे होने की बात सामने आ रही है, जबकि कई लोगों के घायल होने की भी सूचना है। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों और कर्मचारियों ने तत्काल राहत और बचाव का काम शुरू किया। हादसे में घायल 6 कर्मचारियों को तुरंत लालगंज रेफरल अस्पताल लाया गया, जहां 2 कर्मचारियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टर ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया।
Gen-Z ने प्रधान का इस्तीफा लिया, अब VC पद छोड़े
पटना विश्वविद्यालय में छात्रों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया है। अखिल भारतीय छात्र संघ (AISF) के बैनर तले छात्रों ने गुरुवार को विश्वविद्यालय पूरी तरह बंद करा दिया है। एलएलबी प्रवेश परीक्षा में पेपर लीक, स्नातकोत्तर (PG) कक्षाओं की फीस में भारी बढ़ोतरी और मास्टर ऑफ फाइन आर्ट्स (MFA) की पढ़ाई शुरू न होने जैसी गंभीर मांगों को लेकर छात्र पिछले चार दिनों से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे हैं। आंदोलन के उग्र रूप लेने के बाद अब छात्र सीधे तौर पर कुलपति (VC) प्रो. अजय कुमार सिंह के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। छात्र नेताओं ने केंद्र सरकार के हालिया राजनीतिक घटनाक्रम का उदाहरण देते हुए पटना विश्वविद्यालय प्रशासन पर तीखा हमला बोला है। AISF के छात्र देव पाठक ने दो टूक शब्दों में कहा कि जब ‘Gen-Z’ आंदोलन के आगे केंद्रीय मंत्री को पद छोड़ना पड़ सकता है, तो पटना यूनिवर्सिटी के कुलपति को भी अपनी विफलताओं और तानाशाही रवैये के चलते तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए। आंदोलन में शामिल छात्रा सबीना ने डफली बजाकर अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया और आरोप लगाया कि वीसी सिर्फ टालमटोल की नीति अपना रहे हैं और छात्रों की जायज मांगों को लगातार नजरअंदाज कर रहे हैं।
भोजपुरी स्टार पवन सिंह पर 1000 का जुर्माना
पटना। भोजपुरी सिनेमा के जाने-माने स्टार और राजनेता पवन सिंह एक बार फिर अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में हैं। उत्तर प्रदेश के बलिया की एक पारिवारिक अदालत ने तलाक और गुजारा भत्ता से जुड़े मामले में उनके पेश न होने पर 1 हजार रुपए का जुर्माना लगाया है। अदालत ने इस मामले की अगली सुनवाई के लिए आगामी 5 अक्टूबर की तारीख मुकर्रर की है। बलिया की पारिवारिक अदालत में जज कमलापति प्रजापति के समक्ष इस मामले की सुनवाई होनी थी। निर्धारित प्रक्रिया के तहत इस तारीख पर पवन सिंह का बयान भी दर्ज किया जाना था। हालांकि, सुनवाई के दौरान उनके पेश न होने के कारण अदालत ने यह आर्थिक दंड लगाया है।
पवन सिंह की ओर से अदालत में पेश हुए अधिवक्ता हरिवंश सिंह ने अनुपस्थिति का कारण स्पष्ट करते हुए बताया कि पटना में आई बाढ़ की स्थिति के चलते वे बलिया कोर्ट नहीं पहुंच सके। उनकी तरफ से कोर्ट में सुनवाई स्थगित करने का एक प्रार्थना पत्र भी प्रस्तुत किया गया था, लेकिन अदालत ने गैर-हाजिरी को देखते हुए जुर्माना लगा दिया। दूसरी ओर, ज्योति सिंह के वकीलों का कहना है कि वे इससे पहले 11 अगस्त को भी अपना पक्ष रखने के लिए अदालत में उपस्थित नहीं हुए थे। हालांकि, ज्योति सिंह खुद अपने अधिवक्ता के साथ सुनवाई के दौरान कोर्ट में मौजूद थीं।
मोतिहारी में डबल मर्डर, 2 लोगों को चाकू से गोदा
मोतिहारी। पताही थाना क्षेत्र के जिहुली गांव में भैंस नहलाने के दौरान गिरे पानी को लेकर उत्पन्न हुए विवाद खूनी रूप ले लिया। इस घटना में चाकू लगने से महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई। वहीं, एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है। मृतकों की पहचान मदीना खातून (40) और जमी अख्तर (36) के रूप में हुई है। वहीं, घायल शख्स की पहचान मसीह अख्तर के रूप हुई है, जिसका पताही सीएचसी में गंभीर हालत में इलाज चल रहा है।



