Bihar Top News Today 12 September 2026: बिहार (BIHAR) में आज 12 सितम्बर को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…
जिला परिषद प्रतिनिधि की 8 गोली मारकर हत्या
सीतामढ़ी। जिले में शनिवार सुबह सनसनीखेज वारदात से हड़कंप मच गया। डुमरा थाना क्षेत्र के केथरिया-रामपट्टी चौक के पास पथरिया श्मशान के नजदीक मॉर्निंग वॉक पर निकले जिला परिषद प्रतिनिधि बैद्यनाथ महतो की अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाकर लगातार फायरिंग की। बताया जा रहा है कि करीब 8 गोलियां लगने से बैद्यनाथ महतो की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए। बैद्यनाथ महतो वार्ड संख्या 13 की जिला परिषद सदस्य दिलखुश देवी के पति थे। हत्या का आरोप गांव के ही त्रिभुवन कुशवाहा उर्फ एजाज पर लगाया जा रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक एजाज कथित तौर पर गांव में शराब की सप्लाई करता था। बैद्यनाथ महतो इसका विरोध करते थे और उसे शराब का कारोबार बंद करने के लिए कहते थे। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और बिहार सरकार के पूर्व मंत्री का निधन
पटना। बिहार के सीमांचल क्षेत्र के कद्दावर राजनीतिक चेहरे और अमौर विधानसभा सीट से छह बार विधायक रहे वरिष्ठ कांग्रेस नेता अब्दुल जलील मस्तान का दिल्ली एम्स में निधन हो गया है। वे लंबे समय से गंभीर बीमारी से पीड़ित थे और एम्स के आईसीयू में उनका इलाज चल रहा था। उनके निधन से सीमांचल समेत पूरे बिहार के राजनीतिक गलियारों और कांग्रेस पार्टी में शोक की लहर दौड़ गई है।
आर्मी जवान पर पेट्रोल छिड़ककर जलाने की कोशिश
कैमूर। जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र में जमीन के पैसों के विवाद को लेकर असम में तैनात एक आर्मी के जवान पर पेट्रोल छिड़ककर जिंदा जलाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। छुट्टी पर घर आए जवान शत्रुध्न यादव ने बमुश्किल अपनी जान बचाई और फिलहाल लखनऊ मिलिट्री हॉस्पिटल में उनका इलाज चल रहा है। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया है और अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। असम में सेवारत आर्मी जवान शत्रुध्न यादव कुछ समय पहले छुट्टी लेकर अपने पैतृक घर आए थे। उनका जमीन के 16 लाख रुपये का बकाया भुगतान बाकी था। इसी सिलसिले में आरोपी बीरेंद्र यादव, दीपक यादव और बृजेश यादव ने उन्हें अपने घर पर पैसे देने के बहाने बुलाया था। जब जवान वहां पहुंचा, तो साजिश के तहत उन पर पेट्रोल उड़ेलकर आग के हवाले करने की कोशिश की गई। जवान ने अपनी सूझबूझ और फुर्ती दिखाते हुए मौके से भागकर अपनी जान बचाई, वरना एक बड़ी अनहोनी हो जाती।
मोतिहारी में वसूली करते पकड़े गए दो असली पुलिसकर्मी
मोतिहारी। बिहार के पूर्वी चम्पारण जिले के मोतिहारी से पुलिस की कार्यशैली पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं, जब सादे लिबास में अवैध वसूली कर रहे दो पुलिसकर्मियों को ग्रामीणों ने नकली समझकर पीट दिया। मामला मोतिहारी के रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के मजुरहा गांव का है, जहां खाकी की साख पर बट्टा लगाने वाली इस घटना ने प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मचा दिया है। मजुरहा गांव में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब ग्रामीणों की नजर दो युवकों पर पड़ी जो बिना वर्दी और सादे लिबास में लोगों से धड़ल्ले से पैसे वसूल रहे थे। ग्रामीण पहले से ही क्षेत्र में सक्रिय फर्जी पुलिस द्वारा की जाने वाली उगाही से परेशान थे। जब इन दोनों युवकों को संदिग्ध हालात में वसूली करते देखा गया, तो स्थानीय लोगों ने उन्हें नकली पुलिस समझ लिया। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और आक्रोशित ग्रामीणों ने दोनों की जमकर धुनाई कर दी। पिटाई का यह दौर तब तक चलता रहा जब तक भीड़ को यह अहसास नहीं हुआ कि वे कोई और नहीं बल्कि महकमे के ही असली सिपाही हैं।
4 मंजिला गेस्ट हाउस में चल रहा सेक्स रैकेट
पटना। शहर के राजीव नगर थाना क्षेत्र के घुड़दौड़ इलाके में पुलिस ने एक बड़े सेक्स रैकेट का खुलासा किया है। यह अवैध धंधा एक 4 मंजिला (G+4) गणपति गेस्ट हाउस में संचालित हो रहा था, जहां हर फ्लोर पर देह व्यापार का काला कारोबार चल रहा था। पुख्ता सूचना के आधार पर पटना पुलिस और एसएसपी सेल की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट (SIU) ने संयुक्त रूप से इस गेस्ट हाउस पर औचक छापेमारी की। कार्रवाई की गंभीरता को देखते हुए दो आईपीएस रैंक के अधिकारियों ने खुद मौके पर पहुंचकर गेस्ट हाउस के चप्पे-चप्पे की तलाशी ली। इस दौरान पुलिस ने गेस्ट हाउस के अलग-अलग कमरों से 4 युवतियों और 1 युवक को आपत्तिजनक स्थिति में रंगे हाथ दबोच लिया। मौके से कंडोम और अन्य आपत्तिजनक सामग्रियां भी बरामद की गई हैं। पकड़े गए सभी आरोपियों को राजीव नगर थाने लाया गया है, जहां उनसे गहन पूछताछ की जा रही है।
राजद की एकतरफा सूची से तनातनी
पटना। बिहार विधान परिषद (MLC) चुनाव को लेकर कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के बीच का गठबंधन टूटने के कगार पर पहुंच गया है। दोनों दलों के बीच सीटों के तालमेल को लेकर खींचतान तेज हो गई है। राजद द्वारा एकतरफा उम्मीदवारों की घोषणा किए जाने के बाद अब कांग्रेस भी आक्रामक रुख अपनाते हुए सभी 8 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारने की तैयारी कर रही है। बिहार विधान परिषद के स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के आगामी चुनाव के लिए राजद ने अपने 6 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया है। राजद द्वारा जारी सूची में पटना शिक्षक क्षेत्र से डॉ. संजीव कुमार सिंह, पटना स्नातक से दिलीप कुमार, कोशी स्नातक से नितेश कुमार, दरभंगा स्नातक से अनिल कुमार झा, सारण शिक्षक से प्रो. जयराम यादव और तिरहुत स्नातक से डॉ. रश्मि विनायक गौतम को उम्मीदवार बनाया गया है।
कांग्रेस प्रवक्ता असित नाथ तिवारी ने आपत्ति जताते हुए स्पष्ट किया है कि राजद ने उम्मीदवारों की घोषणा से पहले कांग्रेस से कोई सलाह-मशविरा नहीं किया, जिससे गठबंधन के भविष्य पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
मिड डे मील खाने से एक दर्जन से अधिक बच्चे बीमार
सहरसा। जिले के स्कूल में मध्याह्न भोजन (मिड डे मील) खाने के बाद एक दर्जन से अधिक बच्चों की अचानक तबीयत बिगड़ गई। यह मामला बनगांव थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले वासुदेवा स्कूल का है। खाना खाने के तुरंत बाद बच्चों को पेट में तेज दर्द, लगातार उल्टी और जी मिचलाने की गंभीर शिकायत होने लगी, जिसके बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। बच्चों की बिगड़ती स्थिति को देखते हुए स्कूल प्रशासन और परिजनों ने बिना देर किए उन्हें आनन-फानन में सदर अस्पताल सहरसा में भर्ती कराया। अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में सभी बीमार बच्चों का इलाज तुरंत शुरू किया गया। राहत की बात यह है कि डॉक्टरों के शुरुआती स्वास्थ्य परीक्षण और देखरेख के बाद फिलहाल सभी बच्चे खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं, फिर भी एहतियात के तौर पर उन्हें चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।
मंचूरियन खाने से बच्ची की मौत
भोजपुर। जिले के हसन बाजार थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले हसन बाजार गांव में बाजार से खरीदकर लाए गए मंचूरियन का सेवन करने के बाद एक ही परिवार के चार सदस्यों की अचानक तबीयत गंभीर रूप से बिगड़ गई। इस हृदयविदारक हादसे में इलाज के लिए अस्पताल ले जाए जाने के दौरान सात वर्षीय मासूम बच्ची की मौत हो गई, जबकि परिवार के तीन अन्य सदस्य गंभीर रूप से बीमार हैं और उनका विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है। घटना के संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक, गुरुवार की रात परिवार के एक रिश्तेदार (भांजा) बाहर बाजार से मंचूरियन खरीदकर घर लेकर आए थे। परिवार के सदस्यों ने चाव से इसे खाया, लेकिन खाने के कुछ ही देर बाद सभी की सेहत तेजी से गिरने लगी। एक-एक करके परिवार के चार सदस्यों को तेज पेट दर्द और बार-बार दस्त की गंभीर शिकायत होने लगी। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए परिजनों में कोहराम मच गया और वे तुरंत सभी को चिकित्सीय सहायता दिलाने के लिए जुट गए।
जेपी यूनिवर्सिटी में शैक्षणिक बदहाली के खिलाफ आइसा का हल्ला बोल
छपरा। जयप्रकाश विश्वविद्यालय में व्याप्त शैक्षणिक अराजकता और कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल के विरोध में ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) का आक्रोश शनिवार को सड़क पर फूट पड़ा। संगठन के कार्यकर्ताओं ने छात्र समस्याओं की अनदेखी और प्रशासनिक विफलताओं का आरोप लगाते हुए कुलपति का पुतला दहन किया और जमकर नारेबाजी की। दस सितंबर के आंदोलन के बाद ग्यारह सितंबर को आइसा की एक विशेष जांच टीम ने जमीनी हकीकत का जायजा लेने के लिए जे.पी.एम. महिला कॉलेज का औचक दौरा किया। इस दौरान कॉलेज के सभी कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठे मिले, जिससे प्रशासनिक कामकाज पूरी तरह ठप था। निरीक्षण में पाया गया कि दूर-दराज से कॉलेज पहुंचे छात्र-छात्राओं के आवेदन जमा नहीं हो रहे थे और उन्हें रिसीविंग भी नहीं मिल रही थी। इसके अलावा, जिन विद्यार्थियों ने ऑनलाइन फॉर्म भर दिए थे, उनका कॉलेज स्तर पर भौतिक सत्यापन नहीं हो पा रहा था, जिससे उनके फॉर्म रद्द होने और सत्र पिछड़ने का गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है।
प्रेमिका के शादी से मुकरने पर ट्रेन के आगे कूदा युवक
बेगूसराय। शादी का झांसा देकर बुलाए जाने के बाद प्रेमिका के मुकरने पर एक युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना बेगूसराय जिले के लाखो थाना क्षेत्र की है। मृतक की पहचान लाखो थाना क्षेत्र के कोठिया गांव के रहने वाले 28 वर्षीय मोहम्मद समीर के रूप में हुई है। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक मोहम्मद समीर कर्नाटक में रहकर बिल्डिंग कंस्ट्रक्शन का काम करता था। समीर की शादी करीब पांच साल पहले हो चुकी थी और उसकी एक बेटी भी है। परिवार वालों के मुताबिक, शादी के दो साल बाद से उसका अफेयर कोठिया गांव से करीब चार किलोमीटर दूर रमजानपुर में रहने वाली एक युवती से चल रहा था। परिजनों को इस रिश्ते की जानकारी करीब तीन महीने पहले ही हुई थी।



