Bihar Top News Today 16 july 2026: बिहार (BIHAR) में आज 16 जुलाई को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…

सड़कों पर जन सुराज के खिलाफ पोस्टरबाजी

पटना। शहर की सड़कों पर इन दिनों पोस्टरबाजी का दौर जोरों पर है। हाल ही में राजधानी की प्रमुख सड़कों पर लगे एक पोस्टर ने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है। इस पोस्टर में चुनावी रणनीतिकार से नेता बने प्रशांत किशोर पर निशाना साधते हुए उन्हें धंसुराज कहकर संबोधित किया गया है। पोस्टर में इस्तेमाल की गई भाषा काफी आक्रामक है। इसमें बड़े अक्षरों में लिखा गया है के.सी. सिन्हा तो बस एक झांकी है, जमानत जब्त होना अभी बाकी है। यह पोस्टर सीधे तौर पर प्रशांत किशोर के बिहार में चल रहे जन सुराज अभियान और उससे जुड़े चेहरों को चुनौती दे रहा है। पोस्टर का लहजा न केवल व्यंग्यात्मक है, बल्कि यह आगामी चुनावों को लेकर बढ़ती प्रतिस्पर्धा को भी दर्शाता है।

टेंट व्यवसायी की हत्या

पटना। सिटी के आलमगंज थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक और रहस्यमयी घटना सामने आई है जहां एक 50 वर्षीय टेंट व्यवसायी मनोज कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उनका शव फतुहा इलाके में जलकुंभी के बीच बरामद हुआ है। मृतक की पत्नी ने इसे एक सुनियोजित हत्या करार देते हुए पति की महिला मित्र और उसके भाई को नामजद आरोपी बनाया है।

कलयुगी चाचा ने भतीजी से किया रेप

गया। जिले के बांके बाजार थाना क्षेत्र से मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक घटना सामने आई है। यहां एक 52 वर्षीय कलयुगी चाचा ने अपनी ही 16 साल की नाबालिग भतीजी को बीते 5 महीनों से अपनी हवस का शिकार बनाया। आरोपी ने डरा-धमकाकर पीड़िता का मुंह बंद रखा लेकिन जब वह गर्भवती हुई और उसके शरीर में शारीरिक बदलाव दिखने लगे तो राज खुलकर सामने आ गया।

दो जिलों में कांग्रेस का हल्ला बोल

मोतिहारी और मधुबनी में गुरूवार को बिहार के विभिन्न जिलों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विरुद्ध जोरदार प्रदर्शन किया। मधुबनी में जहां पार्टी ने राम मंदिर के नाम पर कथित आर्थिक अनियमितताओं और चंदा वसूली को लेकर सवाल उठाए, वहीं पूर्वी चंपारण के मोतिहारी में मंदिर में हुई चोरी की घटना को लेकर प्रधानमंत्री का पुतला दहन किया गया।

निष्कासित नेता से मिले निशांत कुमार

पटना। बिहार की राजनीति में गुरुवार को उस समय अचानक गहमागहमी बढ़ गई, जब जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) से छह साल के लिए निष्कासित नेता छोटू सिंह और राज्य के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के बीच जेडीयू कार्यालय में एक रहस्यमयी मुलाकात हुई। यह बैठक ऐसे समय में हुई है जब छोटू सिंह की हालिया निष्कासन की कार्रवाई राज्य की राजनीति में चर्चा का विषय बनी हुई है।

इस्कॉन रथयात्रा में शामिल हुए CM

पटना। राजधानी पटना में आज भक्ति और आस्था का सैलाब देखने को मिला। इस्कॉन मंदिर द्वारा आयोजित भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा ने जैसे ही नगर भ्रमण के लिए प्रस्थान किया, पूरा वातावरण जय जगन्नाथ के उद्घोष से गूंज उठा। इस पवित्र अवसर पर राज्य के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।

मुकेश सहनी को बड़ा झटका

पटना। बिहार की सियासत में महागठबंधन के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। विकासशील इंसान पार्टी (VIP) प्रमुख मुकेश सहनी को बड़ा झटका देते हुए, उनकी पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और उनके बेहद करीबी माने जाने वाले मधुकर आनंद ने वीआईपी को अलविदा कह दिया है। मधुकर आनंद ने अपनी पत्नी और फतुहा की प्रखंड प्रमुख श्रुति श्री के साथ भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की सदस्यता ग्रहण कर ली है।

होटल में मैनेजर की बेरहमी से पिटाई

नालंदा। जिले में कानून-व्यवस्था को धता बताते हुए अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। बुधवार देर शाम सोहसराय थाना क्षेत्र के 17 नंबर मोड़ स्थित जगदंबा होटल में दबंगों ने जमकर तांडव मचाया। बिल भुगतान के बाद भी खाना खाने आए युवकों ने न केवल होटल में तोड़फोड़ की, बल्कि होटल मैनेजर को बेरहमी से पीटा। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।

सफाईकर्मी का नाले से मिला शव

गोपालगंज। शहर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पिछले तीन दिनों से लापता एक नगर परिषद सफाईकर्मी का शव एक खुले नाले से बरामद किया गया है। घटना नगर थाना क्षेत्र के रामनरेश नगर मोहल्ले की है। शव मिलने की खबर फैलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

वन नेशन-वन इलेक्शन का समर्थन

​पटना। बिहार सरकार के वरिष्ठ मंत्री अशोक चौधरी ने पटना में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान विपक्ष और राज्य की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों पर खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव की लंबी अनुपस्थिति पर सवाल उठाते हुए राज्य सरकार की नीतियों का पुरजोर बचाव किया। ​वन नेशन-वन इलेक्शन के बहुचर्चित मुद्दे पर अपनी राय रखते हुए मंत्री ने कहा कि यह एक स्वागतयोग्य और सकारात्मक पहल है। उन्होंने तर्क दिया कि बार-बार होने वाले चुनावों से न केवल सरकारी खजाने पर बोझ बढ़ता है बल्कि विकास कार्य भी प्रभावित होते हैं। उन्होंने कहा कि यदि चुनाव आयोग को तैयारियों के लिए छह महीने का समय चाहिए तो यह तर्कसंगत है।