Bihar Top News Today 16 may 2026: बिहार (BIHAR) में आज 16 मई को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…
सड़क हादसे में 5 लोगों की मौत
पटना/आजमगढ़। उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर शनिवार दोपहर एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। बिहार से दिल्ली जा रही एक तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार सड़क किनारे खड़े एक ट्रेलर में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार एक ही परिवार के 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मरने वालों में दो मासूम बच्चियां और एक महिला भी शामिल हैं।
दो पक्षों में हिंसक झड़प
भोजपुर। जिले में शादी समारोह में नाच देखने के दौरान शुरू हुआ मामूली विवाद एक खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। कृष्णागढ़ थाना क्षेत्र के सोहरा गांव में दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस हिंसक झड़प में लाठी-डंडों, धारदार हथियारों और लोहे की रॉड का खुलकर इस्तेमाल किया गया, जिसके कारण दोनों पक्षों के कुल 11 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।
काली कमाई का करोड़पति इंजीनियर
जमुई। जिले से इस वक्त की एक बड़ी प्रशासनिक और भ्रष्टाचार विरोधी कार्रवाई की खबर सामने आ रही है। आर्थिक अपराध इकाई (EOW) की टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। जमुई जिले के ग्रामीण कार्य प्रमंडल, झाझा में तैनात कार्यपालक अभियंता गोपाल कुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में ताबड़तोड़ छापेमारी की जा रही है। EOW की इस अचानक हुई कार्रवाई से महकमे में हड़कंप मच गया है। मिली जानकारी के अनुसार, कार्यपालक अभियंता गोपाल कुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया गया था। इस मामले में प्राथमिक साक्ष्यों के आधार पर EOW की टीम ने कानूनी प्रक्रिया को आगे बढ़ाया। विशेष न्यायालय निगरानी, पटना से विधिवत तलाशी वारंट प्राप्त करने के बाद, आर्थिक अपराध इकाई ने यह बड़ी दबिश दी है। न्यायालय के आदेश पर गठित विशेष टीमों को अलग-अलग ठिकानों के लिए रवाना किया गया था।
मुजफ्फरपुर-किशनगंज में सीमेंट फैक्ट्री को मिली मंजूरी
पटना। बिहार में औद्योगिक विकास की एक नई सुबह हुई है। राज्य सरकार ने युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार देने और पलायन रोकने के लिए बड़े कदम उठाए हैं। राज्य निवेश प्रोत्साहन बोर्ड (SIPB) की 67वीं बैठक में मुजफ्फरपुर और किशनगंज जिलों में देश की दिग्गज सीमेंट कंपनियों डालमिया और अंबुजा सीमेंट की बड़ी इकाइयों को स्थापना की मंजूरी दे दी गई है।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इसकी घोषणा करते हुए कहा कि बिहार में औद्योगिक निवेश का एक नया अध्याय शुरू हो चुका है। इस बैठक में न केवल सीमेंट फैक्ट्रियों को हरी झंडी मिली, बल्कि 16 अन्य परियोजनाओं को स्टेज-1 क्लीयरेंस और 4 परियोजनाओं को अंतिम वित्तीय मंजूरी भी दी गई है। मुख्यमंत्री ने भरोसा जताया कि विशेषकर सीमांचल के युवाओं को अब आजीविका के लिए अपना घर छोड़ने की जरूरत नहीं पड़ेगी, क्योंकि उद्योग खुद उनके द्वार तक पहुंच रहे हैं।
मंत्रियों को बांटा गया जिलों का प्रभार
पटना। कैबिनेट विस्तार के एक सप्ताह बाद बिहार सरकार ने मंत्रियों के बीच जिलों का प्रभार भी तय कर दिया है। मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग ने शुक्रवार देर रात इसकी अधिसूचना जारी की।
पहली बार मंत्री बने स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को वैशाली जिले की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं डिप्टी सीएम विजय चौधरी को पटना और नालंदा, जबकि बिजेंद्र प्रसाद यादव को सारण जिले का प्रभारी मंत्री बनाया गया है।सरकार की ओर से कुल 34 मंत्रियों को जिलों का प्रभार दिया गया है। इनमें 4 मंत्रियों को दो-दो जिलों की जिम्मेदारी मिली है, जबकि बाकी मंत्रियों को एक-एक जिले का प्रभार सौंपा गया है।
लव मैरिज के 1 घंटे बाद कपल ने खाया जहर, युवक की मौत
भागलपुर। प्रेम विवाह करने के महज एक घंटे बाद ही एक नवविवाहित जोड़े ने जहर खा लिया। इस दर्दनाक हादसे में लड़के की जान चली गई है, जबकि लड़की की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। जहर खाने से ठीक पहले युवक ने एक भावुक वीडियो रिकॉर्ड कर अपनी मां को भेजा था, जिसमें उसने अपनी लाचारी और लड़की के परिवार से मिल रही धमकियों का जिक्र किया है।
पति ने रील देखने से रोका, पत्नी ने कर ली खुदकुशी
आरा। मोबाइल पर रील्स देखने से रोकने पर एक 22 वर्षीय गर्भवती महिला ने जहर खाकर जान ली। अस्पताल में इलाज के दौरान महिला और उसके गर्भ में पल रहे बच्चे, दोनों की मौत हो गई। यह खौफनाक घटना नगर थाना क्षेत्र के उजियार टोला, बिंद टोली मोहल्ले की है। मृतका की पहचान पटना जिले के महीनावां गांव निवासी गोविंद महलो की पत्नी पार्वती देवी के रूप में हुई है, जो दो मासूम बच्चों की मां थी।
मंचूरियन में नशीला पदार्थ मिलाकर छात्रा से दुष्कर्म
मुजफ्फरपुर। जिले के ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र से एक रेप की वारदात सामने आई है, जहां एक छात्रा को नशीला पदार्थ खिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया और फिर आपत्तिजनक वीडियो बनाकर उसे लगातार ब्लैकमेल किया गया। पीड़िता ने अपने सगे मामा के साले पर इस घिनौनी करतूत का आरोप लगाया है। पुलिस की शुरुआती सुस्ती के बाद अब यह मामला डीआईजी के हस्तक्षेप के बाद तूल पकड़ चुका है।
विशाल झूला गिरने से कई लोग गंभीर रूप से घायल
सासाराम। बिहार के रोहतास जिला मुख्यालय सासाराम में शुक्रवार की रात एक बड़ा हादसा हो गया। यहां आयोजित ‘लंदन थीम मेले’ में आनंद ले रहे लोग उस वक्त खौफजदा हो गए, जब एक विशाल ‘ग्रेविटी झूला’ अचानक बेकाबू हो गया। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पायलट बाबा धाम के पास चल रहे इस मेले में रात करीब 10 बजे यह दुर्घटना घटी। झूले का संतुलन बिगड़ते ही उस पर सवार लोग सीधे नीचे गिरने लगे, जिससे पूरे परिसर में चीख-पुकार और भगदड़ मच गई।
सास-बहू से सरेआम लूट
पटना। बिहार की राजधानी से कानून-व्यवस्था को चुनौती देती हुई एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां शनिवार को वट सावित्री पूजा के पावन अवसर पर श्रद्धा और उत्साह के साथ घर से निकलीं सास-बहू सरेआम लूट की शिकार हो गईं। बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े इस वारदात को अंजाम देकर पुलिस गश्त और सुरक्षा दावों की पोल खोल कर रख दी है। घटना के बाद से पूरे इलाके की महिलाओं और स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश और हड़कंप का माहौल देखा जा रहा है।

