Bihar Top News Today 16 oct 2026: बिहार (BIHAR) में आज 16 अक्टूबर को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…

ज्वेलरी शॉप में 40 लाख और नगदी की चोरी

बेगूसराय‌। जिले के फुलवड़िया थाना क्षेत्र स्थित फुलवड़िया बाजार में शुक्रवार को दिन में करीब एक बजकर 45 मिनट पर दो बाइकों पर सवार होकर छह हथियारबंद बदमाश पहुंचे। उन्होंने हेलमेट और मास्क पहन रखे थे ताकि उनकी पहचान न हो सके। अपराधियों ने मां पार्वती ज्वेलर्स को अपना निशाना बनाया और दुकान में घुसकर करीब 40 लाख रुपये मूल्य के आभूषण और नकदी लूट लिए। दुकान के बाहर खड़े चार बदमाशों ने दहशत फैलाने के लिए ताबड़तोड़ लगभग 15 राउंड फायरिंग की। गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरे बाजार में अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। इस दौरान दुकान के भीतर मौजूद मालिक, कर्मचारी और ग्राहक अपनी जान बचाने के लिए तुरंत बाहर की तरफ भागे। बदमाश इतने बेखौफ थे कि उन्होंने अंदर घुसकर काउंटर और तिजोरी में तोड़फोड़ भी की।

राजद विधायक के रिश्तेदार की गोली मारकर हत्या

मधेपुरा। सदर थाना क्षेत्र में बाइक सवार बदमाशों ने बीएन मंडल विश्वविद्यालय के पीएचडी छात्र प्रिंस रंजन की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक राजद विधायक प्रो. चंद्रशेखर का करीबी रिश्तेदार बताया जा रहा है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है। ​मिली जानकारी के अनुसार, 30 वर्षीय प्रिंस रंजन शुक्रवार दोपहर करीब बारह बजे अपने घर से बीएन मंडल विश्वविद्यालय के लिए निकले थे। जब वे गोढ़ियारी चिमनी के पास नहर के पश्चिमी हिस्से के पास पहुंचे, तो बाइक सवार दो बदमाशों ने उनकी बाइक को ओवरटेक कर रोक लिया। प्रत्यक्षदर्शी सुनीता देवी के मुताबिक, खेत में घास काटते समय अचानक गोली चलने की तेज आवाज सुनाई दी। जब आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, तब तक दोनों बदमाश फायरिंग कर फरार हो चुके थे। प्रिंस की पीठ में गोली लगी थी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े।

पुलिस ड्राइवर अभ्यर्थियों का प्रदर्शन

पटना। बिहार पुलिस ड्राइवर भर्ती के अभ्यर्थी अपनी मांगों को लेकर पिछले 35 दिनों से पटना के गर्दनीबाग धरना स्थल पर डटे हुए हैं। सरकार का ध्यान आकर्षित करने के लिए अभ्यर्थियों ने इस बार बेहद अनोखा तरीका अपनाया और धरने के दौरान ही छठ पूजा की परंपरा के अनुसार हाथों में सूप व कलश लेकर शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान उनके हाथों में तिरंगा झंडा भी नजर आया। प्रदर्शन के बीच स्थिति को संभालते हुए सीडीपीओ अनु कुमारी ने ड्राइवर अभ्यर्थियों के पांच सदस्यीय डेलिगेशन को उनकी समस्याओं और मांगों पर चर्चा करने के लिए अपने साथ बुलाया है, ताकि इस गतिरोध का कोई समाधान निकाला जा सके।

मोमबत्ती फैक्ट्री में आग लगने से संचालक झुलसे

मुजफ्फरपुर। शहर के व्यस्त और घनी आबादी वाले मालीघाट इलाके में शुक्रवार को एक मोमबत्ती फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई। यह हादसा मोम पिघलाने के दौरान गैस लीक होने की वजह से हुआ। फैक्ट्री के अंदर भारी मात्रा में ज्वलनशील मोम और सामग्री मौजूद होने के कारण आग ने कुछ ही पलों में विकराल रूप धारण कर लिया और चारों तरफ काला धुआं फैल गया। ​आग बुझाने की कोशिश के दौरान फैक्ट्री के संचालक दीपक कुमार बुरी तरह झुलस गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भारी गुस्सा देखने को मिला।

रिश्वत लेते सब-इंस्पेक्टर अरेस्ट

बक्सर। ब्रह्मपुर थाने में तैनात दारोगा नीरज कुमार को पटना से आई निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया है। दारोगा पर आरोप है कि उसने थाने में दर्ज एक मामले में मदद और पैरवी करने के बदले पीड़ित से रुपयों की मांग की थी। इस कार्रवाई के बाद से ही पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। ​जानकारी के मुताबिक, ब्रह्मपुर थाना से जुड़े परिवादी अमरनाथ यादव से सब-इंस्पेक्टर नीरज कुमार लगातार पैसों की मांग कर रहा था। दारोगा का कहना था कि वह केस में मदद और पैरवी के बदले 50 हजार रुपए लेगा। दारोगा की इस अनुचित मांग से परेशान होकर अमरनाथ यादव ने इसकी लिखित शिकायत पटना स्थित निगरानी विभाग में दर्ज कराई।

MLC चुनाव से रामपुकार सिन्हा ने वापस लिया नामांकन

पटना। सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर मैदान में उतरे रामपुकार सिन्हा ने अपना नामांकन वापस लेने का बड़ा ऐलान कर दिया है। अब वे आगामी चुनाव में किसी भी तरह से एनडीए गठबंधन को नुकसान न पहुंचाते हुए एनडीए के आधिकारिक उम्मीदवार का समर्थन करेंगे। इस फैसले से क्षेत्र के राजनीतिक समीकरणों में एक नया मोड़ आ गया है, जिससे एनडीए खेमे को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

रील्स बनाने के चक्कर में रिटायर्ड टीचर को रौंदा, 4 घायल

पटना से सटे धनरुआ थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर छा जाने की सनक ने एक बार फिर एक हंसते-खेलते परिवार को मातम में डुबो दिया है। महज कुछ सेकंड की रील्स बनाने के चक्कर में दो लापरवाह युवकों ने सड़क पर टहल रहे 89 साल के एक बुजुर्ग सेवानिवृत्त शिक्षक की जिंदगी छीन ली। इस भीषण हादसे के बाद मची अफरा-तफरी में आरोपियों ने भागने की कोशिश की, जिसके दौरान उनकी तेज रफ्तार बाइक ने दो और लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक और गुस्से का माहौल है।

नाव हादसे के पीड़ितों से मिलकर रोए रौशन सर

वैशाली। जिले के राघोपुर अंतर्गत रामपुर श्यामचंद में हाल ही में हुए नाव हादसे की घटना के बाद ज्ञान बिंदु जीएस अकेडमी के डायरेक्टर और लोकप्रिय शिक्षक रौशन आनंद पीड़ित परिवारों के आंसू पोछने और उन्हें सांत्वना देने के लिए खुद सुबह-सुबह घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने वहां शोक संतप्त परिवारों से मुलाकात की और प्रत्येक पीड़ित परिवार को अपनी ओर से आर्थिक सहायता के रूप में 3 लाख 25 हजार रुपये की राशि सौंपी। ​जब शिक्षक रौशन आनंद पीड़ित परिवारों से मिलने पहुंचे, तो अपने जिगर के टुकड़ों को खो चुके परिजन उनसे लिपटकर फफक-फफक कर रोने लगे। परिवारों का ऐसा दर्द और चीखें देखकर रौशन आनंद भी खुद को रोक नहीं पाए और उनकी आंखें भी नम हो गईं। उन्होंने वहां मौजूद सभी परिजनों को ढांढस बंधाया और यह बड़ा भरोसा दिया कि वे सिर्फ आज ही नहीं, बल्कि भविष्य में भी इन बच्चों के परिवारों और उनकी पढ़ाई-लिखाई में पूरी मदद करेंगे।

तेजप्रताप ने जबरन घर में घुसने की कोशिश की

Bihar News: लालू यादव के बड़े बेटे और जजद अध्यक्ष तेज प्रताप यादव की कथित पत्नी अनुष्का यादव लंबे समय के बाद कल गुरुवार को मीडिया के सामने आई है। इस दौरान उन्होंने तेज प्रताप यादव के साथ चल रहे कंट्रोवर्सी पर खुलकर अपनी बात कही। अनुष्का यादव ने यह भी कहा कि, वह तेज प्रताप यादव के आरोपों पर ध्यान नहीं देती हैं और वह उनके स्वास्थ्य और दीर्घायु होने की कामना करती हैं। बता दें कि नवरात्रि के समय पटना में एक कार्यक्रम के उद्घाटन करने के लिए अनुष्का यादव पहुंची थीं, जहां उन्होंने मीडिया से बातचीत के दौरान ये सभी बातें कहीं। साथ ही तेज प्रताप यादव के घर में घुसने से जुड़े सवाल पर अनुष्का यादव ने कहा कि, उस समय मेरे भइया घर पर नहीं थे। लेकिन वो (तेज प्रताप यादव) हमारे घर पर आए थे। उन्होंने घर में घुसने की कोशिश की। हालांकि अंत में उन्होंने यह भी कहा कि, जो भी कंट्रोवर्सी हुआ, वो उनके परिवार का मैटर है।

ससुराल की चौखट पर बहू का दाह संस्कार

मुजफ्फरपुर। जिले के मुशहरी थाना क्षेत्र के राजवाड़ा डीह गांव में दहेज की मांग को लेकर एक 19 साल की नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। आक्रोशित मायके वालों ने न्याय की गुहार लगाते हुए ससुराल पक्ष के मुख्य दरवाजे पर ही मृतका का अंतिम संस्कार कर दिया। घटना के बाद से मृतका का पति और अन्य ससुराल वाले घर छोड़कर फरार चल रहे हैं, जबकि पुलिस इस मामले में कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है। ​मृतका की पहचान कांटी थाना क्षेत्र के रहने वाले रंजीत पासवान की पुत्री गुंजा कुमारी (19) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, साल 2024 में झपहां के पास सिमराहा चतुर्भुज गांव में लगे रुद्र महायज्ञ मेले के दौरान गुंजा और कुंदन कुमार की मुलाकात हुई थी। धीरे-धीरे यह जान-पहचान प्यार में बदल गई और दोनों ने घर से भागकर शादी कर ली थी। बाद में दोनों परिवारों की सहमति से हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार 23 जनवरी 2026 को इनकी दोबारा शादी कराई गई थी। लेकिन शादी के कुछ ही महीनों बाद रिश्तों में खटास आनी शुरू हो गई थी।