Bihar Top News Today 17 july 2026: बिहार (BIHAR) में आज 17 जुलाई को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…
गैस पाइपलाइन लीक होने से 7 छात्राएं बेहोश
मुजफ्फरपुर। मुजफ्फरपुर-पूसा मार्ग पर स्थित रहुआ गांव के समीप शुक्रवार को एक भयावह हादसा हो गया। बुडको (BUDCO) द्वारा नाली निर्माण कार्य के दौरान जेसीबी से खुदाई करते समय अचानक गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे भारी मात्रा में गैस का रिसाव होने लगा। इस दौरान वहां से गुजर रही प्लस-2 रहुआ हाई स्कूल की सात छात्राएं गैस की चपेट में आ गईं, जिससे उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और वे बेहोश होकर गिर पड़ीं।
छात्र नेताओं ने दी महा आंदोलन की चेतावनी
पटना। बिहार में शिक्षक भर्ती परीक्षा (TRE 4) के आयोजन को लेकर चल रही अनिश्चितता ने छात्रों का धैर्य तोड़ दिया है। छात्र नेता दिलीप कुमार ने राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए एक बार फिर प्रदेशव्यापी महाआंदोलन की चेतावनी दी है। उनका कहना है कि सरकार लगातार छात्रों को झूठे वादों में उलझाकर उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है।
पुलिस ने फरार हत्यारे की संपत्ति जब्त की
मोतिहारी। पूर्वी चंपारण जिले में अपराध और अपराधियों पर नकेल कसने के लिए मोतिहारी पुलिस ने कमर कस ली है। पुलिस अधीक्षक (SP) स्वर्ण प्रभात के निर्देशानुसार जिले भर में फरार अभियुक्तों के खिलाफ विशेष धरपकड़ और कानूनी कार्रवाई का दौर तेज हो गया है। इसी कड़ी में लखौरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक फरार हत्यारोपी के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए उसके घर की कुर्की-जब्ती की।
जन सुराज ने बीजेपी पर लगाया आचार संहिता उल्लंघन का आयोग
पटना। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के माहौल के बीच बिहार की राजनीति में सरगर्मी तेज हो गई है। जन सुराज ने शुक्रवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर आदर्श आचार संहिता के गंभीर उल्लंघन के आरोप लगाए हैं। पार्टी ने चुनाव आयोग से इस मामले में निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है। प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए जन सुराज के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने बताया कि पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर को चुनाव आयोग द्वारा स्कूल का बस्ता चुनाव चिह्न आवंटित किया गया है। उन्होंने कहा मतपत्र पर यह चिह्न क्रम संख्या-9 पर दर्ज है। हमारा लक्ष्य है कि हम इस चुनाव चिह्न को घर-घर तक पहुंचाएं ताकि मतदान के दिन मतदाताओं में कोई भ्रम की स्थिति न रहे। इसके लिए पार्टी अब एक व्यापक जनसंपर्क अभियान शुरू करने जा रही है।
सुमरीक हत्याकांड में राजद के पूर्व MLA बरी
Bihar News: गयाजी के चर्चित सुमरीक यादव हत्याकांड में करीब 13 साल बाद बड़ा फैसला आया है। गया सिविल कोर्ट ने राजद के पूर्व विधायक अजय यादव उर्फ रंजीत यादव, उनके भाई विवेक यादव, साले पंकज यादव और दीपू यादव को साक्ष्य के अभाव में बरी कर दिया है। अदालत ने कहा कि अभियोजन पक्ष आरोप साबित करने के लिए पर्याप्त साक्ष्य पेश नहीं कर सका। दरअसल जिले के नीमचक बथानी बाजार में साल 2013 में 26 फरवरी के दिन जदयू नेता सुमरीक यादव की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। उस समय इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। इसके साथ ही राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर भी बड़ा विवाद खड़ा हो गया था। मामले की जांच के बाद कई लोगों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया गया और लंबे समय तक अदालत में सुनवाई चलती रही।
विदेश में MBBS दाखिले के नाम पर ठगी
पटना/गाजियाबाद। विदेशों में पढ़ाई के नाम पर छात्रों और उनके परिजनों को निशाना बनाने वाले एक अंतरराज्यीय ठग गिरोह का पटना और गाजियाबाद पुलिस ने संयुक्त रूप से भंडाफोड़ किया है। गिरोह के मुख्य आरोपी विवेक भटनागर को गाजियाबाद से गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई बख्तियारपुर पुलिस द्वारा दर्ज प्राथमिकी के बाद की गई। बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के रानीसराय निवासी रौशन कुमार ने अपनी पत्नी मेनका कुमारी को ब्रिटेन के प्रतिष्ठित कार्डिफ विश्वविद्यालय में MBBS-MS की पढ़ाई के लिए भेजने की योजना बनाई थी। इसी दौरान उनकी मुलाकात गाजियाबाद निवासी विवेक भटनागर से हुई। भटनागर ने उन्हें वेट इंटरप्राइजेज नामक एक एजेंसी से मिलवाया जहां अभिषेक वर्मा, रूपाली वर्मा और सूरज वर्मा जैसे अन्य संदिग्ध भी शामिल थे।
जंतर-मंतर पर उमड़ा लोगों का सैलाब
पटना। दिल्ली के जंतर-मंतर पर आज शुक्रवार को उस समय भारी भीड़ देखी गई, जब ‘क्रांतिवीर भरत तिवारी संघर्ष मोर्चा’ के बैनर तले एक विशाल न्याय अधिकार सभा का आयोजन किया गया। भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में इंसाफ की गुहार लगाने के लिए बिहार, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और हरियाणा समेत कई राज्यों से करीब 12,000 लोग एकत्रित हुए।
सास और पत्नी की पिटाई से आहत पति ने की खुदकुशी
रोहतास। जिलें में आज शुक्रवार (17 जुलाई) को नोखा थाना क्षेत्र के जखनी गांव में कंचन कुमार नामक युवक ने शादी के महज दो महीने बाद ही अपने ही कमरे में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। खुदकुशी करने से पहले उसने एक वीडियो भी बनाया, जिसमें उसने इस खुदकुशी के लिए अपनी पत्नी तथा सास को दोषी ठहराया है। साथ ही पत्नी के बीच चल रहे विवाद में समझौता करने वाले एक अधिवक्ता एवं सरपंच का भी उसने अपने अंतिम वीडियो में नाम लिया है।
BJP और JDU के नेताओं को हुआ तेजस्वी फोबिया
पटना। राजद प्रवक्ता एजाज अहमद ने एक वीडियो जारी कर भाजपा और जदयू पर जमकर हमला बोला है। एजाज अहमद ने कहा है कि, बिहार के लोकप्रिय नेता तेजस्वी यादव को लेकर भाजपा और जदयू के नेता कई तरह की बात करते हैं, उन्हें तेजस्वी फोबिया हो गया है। राजद प्रवक्ता एजाज अहमद ने कहा कि, भाजपा और जदयू के नेता राज्य में बढ़ते अपराध पर कुछ नहीं बोलते हैं। महंगाई बढ़ रही है। इसपर वे कुछ नहीं बोलते हैं। गांव में टैक्स लगाया जा रहा है। छोटी गाड़ियां पर भी टैक्स लगा दिया गया है, उस पर वे कुछ नहीं बोलते हैंं। सिर्फ और सिर्फ तेजस्वी यादव को लेकर कुछ से कुछ बोलते रहते हैं और अपनी राजनीति चमकाते रहते हैं।
युवक ने फांसी लगाकर की खुदकुशी
रोहतास। सासाराम में आज शुक्रवार (17, जुलाई) को एक युवक ने आत्महत्या कर ली। घटना सासाराम के नगर थाना क्षेत्र की है, जहां धर्मशाला रोड स्थित एक किराए के मकान में रह रहे युवक ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। मृतक युवक की पहचान यूपी के हाथरस जिला के रहने वाले प्रवीण प्रकाश के रूप में हुई है। मृतक प्रवीण प्रकाश सासाराम के एक मॉल में मेहंदी बेंचने और लगाने का काम करता था। मिली जानाकारी के अनुसार वह सासाराम में एक किराए के मकान में रह रहा था। आज शुक्रवार की सुबह सूचना मिली कि उसने अपने रूम में पंखे वाली कुंडी के सहारे फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। घटना की जानकारी होते ही इलाके में सनसनी फैल गई। उसके साथ रह रहे एक अन्य युवक की इसकी सूचना पुलिस को दी।

