Bihar Top News Today 18 august 2026: बिहार (BIHAR) में आज 18 अगस्त को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…

TRE 4 और सीवान फायरिंग मामले को लेकर कल राजभवन मार्च

पटना‌। बिहार की राजनीति में इन दिनों कानून व्यवस्था और शिक्षक नियुक्ति प्रक्रिया को लेकर पारा काफी हाई है। एक तरफ जहां अभ्यर्थी TRE 4 के नोटिफिकेशन को लेकर लगातार संघर्ष कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ सीवान में एक छात्र पर एके-47 से फायरिंग किए जाने की सनसनीखेज घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। इन दोनों गंभीर मुद्दों को सरकार के सामने पुरजोर तरीके से उठाने के लिए राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने कल एक बड़े आंदोलन का ऐलान किया है। इसी सिलसिले में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव खुद सड़क पर उतरे और धरना स्थल पर पहुंचकर सीधे छात्रों से संवाद किया।

BPSC ने TRE-4 का नोटिफिकेशन जारी किया

पटना। TRE-4 शिक्षक भर्ती विज्ञापन का इंताजर कर रहे अभ्यर्थियों के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। दरअसल बीपीएससी ने TRE-4 के तहत होने वाली शिक्षक बहाली को लेकर विज्ञापन जारी कर दिया है। जारी विज्ञापन के अनुसार चौथे चरण की शिक्षक भर्ती में कुल 32,388 पदों पर नियुक्ति होनी है। भर्ती में प्राथमिक से लेकर उच्च माध्यमिक स्तर तक के शिक्षक शामिल हैं। अभ्यर्थी टीआरई-4 शिक्षक भर्ती के लिए 1 सितंबर 2026 से ऑनलाइन आवेदन फॉर्म भर सकेंगे। महीने की अंतिम तारीख यानी की 30 सितंबर 2026 को ऑनलाइन फॉर्म भरने की अंतिम तारीख होगी। यानी की छात्रों को फॉर्म भरने के लिए 1 महीने का समय मिलेगा। ऑनलाइन आवेदन के साथ ही फीस जमा करने की प्रक्रिया 01 सितंबर 2026 से शुरू होगी। फीस जमा करने की आखिरी तारीख 29 सितंबर 2026 है।

17 आईपीएस अधिकारियों का ट्रांसफर

बिहार में प्रशासनिक फेरबदल का दौर लगातार जारी है। सीवान के जिलाधिकारी (DM) के बाद अब वहां के पुलिस अधीक्षक (SP) पर भी गाज गिर गई है। सीवान और भोजपुर समेत बिहार के कुल 17 आईपीएस अधिकारियों का ट्रांसफर कर दिया गया है, जबकि एक अन्य अधिकारी को अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। इस बड़े प्रशासनिक बदलाव के तहत कई जिलों के एसपी और डीआईजी स्तर के अधिकारियों के पद बदले गए हैं। ​सीवान जिले में हाल ही में एक स्टूडेंट प्रोटेस्ट के दौरान एके-47 (AK-47) से फायरिंग की घटना सामने आई थी, जिसने प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मचा दिया था। इस घटना के बाद सबसे पहले सीवान के डीएम विवेक रंजन मैत्रेय को उनके पद से हटाया गया था। वहीं, इस फायरिंग की घटना को लेकर तत्कालीन एसपी पूरन कुमार झा भी लगातार चर्चा और विवादों में बने हुए थे।
​परिणामस्वरूप, सरकार ने बड़ा कदम उठाते हुए एसपी पूरन कुमार झा का भी तबादला कर दिया है। उनकी जगह पर 2019 बैच के युवा आईपीएस अधिकारी भारत सोनी को सीवान का नया एसपी नियुक्त किया गया है। कार्यभार संभालने से पहले भारत सोनी नालंदा जिले में अपनी सेवाएं दे रहे थे।

नीतीश के सामने सुपर CM जिंदाबाद के लगे नारे

पटना। हाल ही में राज्यसभा सांसद बनने के बाद केंद्र की राजनीति में व्यस्त चल रहे पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जब जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा के आवास पहुंचे, तो वहां का राजनीतिक माहौल अचानक गरमा गया। उनके पहुंचते ही कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से उनका स्वागत किया और ‘सुपर सीएम जिंदाबाद’ के नारे लगाए। इस दिलचस्प वाकये का वीडियो और चर्चाएं अब सियासी गलियारों में तेजी से तैर रही हैं। ​मंगलवार को जब पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार संजय झा के आवास पर पहुंचे, तो वहां मौजूद जदयू कार्यकर्ताओं ने पूरे जोश के साथ ‘सुपर सीएम जिंदाबाद’ के नारे लगाने शुरू कर दिए। नारे गूंजते देख नीतीश कुमार अपनी हंसी नहीं रोक पाए और मुस्कुराते हुए नजर आए। इस मुलाकात के दौरान नीतीश कुमार ने संजय झा को निर्देश देते हुए कहा कि वे सभी कार्यकर्ताओं से अच्छे से मिलें और उनकी समस्याओं से जुड़े सभी कागजात अपने पास लें। इसके साथ ही उन्होंने संजय झा को दोपहर 3 बजे अपने पास आने का समय भी दिया।

कांवड़ियों से बदसलूकी करने वाले दारोगा निलंबित

बेगूसराय। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे एक वीडियो ने पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया है। वायरल वीडियो में गढ़पुरा थाना के पुलिस अवर निरीक्षक किशन कुमार गढ़पुरा के व्यस्त हरिगिरी धाम मार्केट में सावन के दौरान कांवड़ियों के साथ कथित तौर पर बेहद अमर्यादित और अनुचित व्यवहार करते हुए साफ नजर आ रहे हैं। इस घटना का वीडियो जैसे ही इंटरनेट पर प्रसारित हुआ, स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश फैल गया। ​मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने इसे अत्यंत गंभीरता से लिया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, 17 अगस्त 2026 को यह वीडियो सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म्स पर सामने आया। वीडियो की प्राथमिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि दारोगा किशन कुमार द्वारा न केवल कांवड़ियों के साथ दुर्व्यवहार किया गया, बल्कि अपनी ड्यूटी के दौरान विधि-व्यवस्था के संधारण में भी गंभीर त्रुटियां और लापरवाही बरती गई।
​तथ्यों और वीडियो प्रमाणों के आधार पर, बेगूसराय के पुलिस अधीक्षक ने तुरंत कड़ा कदम उठाते हुए आरोपी पुलिस अवर निरीक्षक किशन कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय पुलिस केंद्र, बेगूसराय निर्धारित किया गया है।

ABVP-NSUI और लेफ्ट-राजद के छात्र हुए आमने-सामने

बेगूसराय। बेगूसराय में जीडी कॉलेज के ओल्ड हॉस्टल कैंपस में फॉरेन लैंग्वेज, दिनकर चेयर रिसर्च सेंटर और इन्क्यूबेशन सेंटर के शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान सोमवार को एलएनएमयू के कुलपति प्रो. संजय कुमार चौधरी को छात्र संगठनों के विरोध का सामना करना पड़ा। कुलपति जैसे ही कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे, लेफ्ट सहित कुछ छात्र संगठनों के कार्यकर्ताओं ने उन्हें घेरकर नारेबाजी शुरू कर दी। अपनी मांगों पर कुलपति से बातचीत की मांग कर रहे छात्र जब उनकी ओर से सुनवाई नहीं होने की बात कहने लगे तो कुछ छात्र उनकी गाड़ी के सामने एनएच पर लेट गए।

लव मैरिज के महज 8 दिन बाद युवक ने फंदे से लटककर दी जान

मुजफ्फरपुर। जिले के काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के गन्नीपुर ठाकुर टोला में प्रेम विवाह के महज आठ दिन बाद ही एक युवक का शव उसके ही कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका हुआ मिला। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मृतक की पहचान विकास कुमार के रूप में हुई है, जो पेशे से बिजली का काम करता था।
​स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, विकास ने पड़ोस की ही एक लड़की के साथ कुछ दिन पहले प्रेम विवाह (लव मैरिज) किया था। लेकिन शादी के बाद से ही किसी बात को लेकर दोनों पति-पत्नी के बीच लगातार विवाद शुरू हो गया था। इस आपसी कलह और कहासुनी से तंग आकर घटना से कुछ ही दिन पहले उसकी नवविवाहिता पत्नी अपने मायके चली गई थी।

संजय झा ने तेजस्वी को बताया पार्ट टाइम पॉलिटिशियन

पटना। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने छात्र आंदोलन के दौरान सीवान में एके-47 से हुई फायरिंग की घटना को लेकर 19 अगस्त को राजभवन मार्च का ऐलान किया है। वहीं, अब इस मुद्दे पर जदयू सांसद संजय झा का बयान सामने आया है। पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान संजय झा ने कहा कि, जो घटना घटी केंद्र सरकार ने सारे समस्या को समाधान किया और यहां भी मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि जो भी छात्रों के ऊपर केस है उसको खत्म कर दिया जाए। संजय झा ने कहा कि, सीवान में जो घटना हुई बिहार सरकार ने तुरंत कार्रवाई किया उसे सस्पेंड करने का काम किया। बिहार सरकार ने एक्शन लिया, जो कार्रवाई हो सकती थी, उसके ऊपर बिहार सरकार ने करवाई किया। उन्होंने नेता प्रतिपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि, तेजस्वी यादव पार्ट टाइम पॉलिटिक्स करते हैं, जब समस्या यह उठी थी देश भर में तो तेजस्वी यादव विदेश में थे, उनको इन सब चीजों से लेना देना नहीं है।

पिस्टल के बल पर बुजुर्ग शिक्षक का अपहरण

रोहतास। बिहार के रोहतास जिले से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां हथियार के बल पर एक बुजुर्ग शिक्षक का अपहरण करने का मामला प्रकाश में आया है। हालांकि ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने अपहृत शिक्षक गौरी लाल को मुक्त करा लिया। वहीं, एक अपहरणकर्ता को भी मौके से गिरफ्तार किया है, जबकि उसका दूसरा साथी मौके से फरार होने में कामयाब हो गया। पूरा मामला दिनारा थाना क्षेत्र के नरवर की है। मिली जानकारी के अनुसार सोमवार की शाम 7:30 बजे के करीब शिक्षक गौरी लाल घर के बाहर टहल रहे थे। इसी दौरान बाइक पर सवार होकर पहुंचे दो बदमाशों ने उन्हें पिस्टल के बल पर अपनी बाइक पर बैठा लिया और उन्हें कोचस की ओर लेकर भाग निकले। यह सब उनकी नातिन ने देख लिया। उसने सारी बात अपनी दादी को बताई, जिसके बाद शोर मचाने पर जुटे ग्रामीणों ने आरोपियों का पीछा किया। साथ ही इसकी सूचना पुलिस को भी दी गई।

प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या

पटना के फुलवारीशरीफ थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले करोड़ीचक इलाके में एक प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की पहचान इलाके के ही रहने वाले प्रॉपर्टी डीलर गोलू यादव के रूप में हुई है, जिन्हें अपराधियों ने एक के बाद एक चार गोलियां मारीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। ​शुरुआती पुलिस जांच और परिजनों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, घटना की रात गोलू यादव अपने कुछ दोस्तों के साथ करोड़ीचक इलाके में ही एक पार्टी में शामिल होने गए थे। बताया जा रहा है कि इस पार्टी के दौरान शराब का दौर चल रहा था और इसी बीच किसी पुरानी रंजिश या मामूली बात को लेकर गोलू यादव और उनके दोस्तों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई।