Bihar Top News Today 18 june 2026: बिहार (BIHAR) में आज 18 जून को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…
आकाश यादव को तेजप्रताप के नाम से मिली धमकी
पटना। बिहार की राजनीति में एक नया विवाद खड़ा हो गया है। पूर्व मंत्री तेजप्रताप यादव के कथित संबंधों और उसके बाद उपजे विवाद ने गंभीर मोड़ ले लिया है। अनुष्का यादव के भाई आकाश यादव ने तेजप्रताप यादव और उनके सहयोगी मोतीलाल यादव पर जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। आकाश यादव के अनुसार 6 जून को जब वे खाटूश्याम यात्रा पर थे तब पूर्व मंत्री तेजप्रताप यादव अपने सहयोगी मोतीलाल यादव के साथ उनके पाटलिपुत्र स्थित घर पहुंचे। आरोप है कि दोनों ने जबरन घर में घुसने का प्रयास किया और परिवार को धमकाया। आकाश ने दावा किया है कि इस घटना के बाद मोतीलाल यादव ने उन्हें फोन कर औकात दिखाने की बात कही और मामले को गुप्त रखने का दबाव बनाया।
महिला के साथ गैंगरेप, प्राइवेट पार्ट में मिली बुलेट
बेगूसराय। जिले से मानवता को तार-तार कर देने वाली एक ऐसी सनसनीखेज घटना सामने आई है, जिसने पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया है। 11 जून की रात को शौच के लिए निकली एक महिला के साथ बदमाशों ने न केवल सामूहिक दुष्कर्म (गैंगरेप) की घिनौनी वारदात को अंजाम दिया, बल्कि दरिंदगी की हदें पार करते हुए उसके प्राइवेट पार्ट में बुलेट (कारतूस) डाल दी। इस बर्बरता ने न केवल स्थानीय लोगों में आक्रोश पैदा कर दिया है, बल्कि पुलिस महकमे में भी हड़कंप मचा दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार वारदात के बाद पीड़िता को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शुरुआती इलाज के बाद उसे डिस्चार्ज कर दिया गया। हालांकि पीड़िता लगातार असहनीय दर्द से जूझ रही थी। जब उसे दोबारा अस्पताल ले जाया गया तो डॉक्टरों ने जो देखा उससे उनके भी होश उड़ गए। गहन जांच के दौरान महिला के प्राइवेट पार्ट से एक बुलेट बरामद हुई जिसने इस मामले को बेहद गंभीर और डरावना बना दिया है।
पुलिस पर पिस्टल तानने वाले के एनकाउंटर पर बवाल
आरा। भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र में कथित पुलिस एनकाउंटर में मारे गए भरत तिवारी के मामले ने तूल पकड़ लिया है। युवक की मौत के बाद भड़के ग्रामीणों ने गुरुवार को आरा-बक्सर फोरलेन को छह घंटे तक जाम रखा। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि निहत्थे होने और सरेंडर करने के बावजूद पुलिस ने भरत को जानबूझकर गोली मारी। बढ़ते विवाद और प्रशासनिक चूक को देखते हुए डीआईजी ने थानाध्यक्ष समेत तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है।
मुआवजे की राशि को लेकर शहीद के परिवार में विवाद
पटना। असम के जोरहाट में 13 जून को हुए वायुसेना विमान हादसे में जहानाबाद के जाबांज फ्लाइट लेफ्टिनेंट शुभम कुमार की शहादत के बाद अब उनके परिवार में मुआवजे की राशि को लेकर गंभीर विवाद खड़ा हो गया है। शहीद के पिता अमरेंद्र शर्मा ने बहू श्रेया पर गंभीर आरोप लगाए हैं। अमरेंद्र शर्मा का आरोप है कि बिहार सरकार द्वारा दी गई 21 लाख रुपये की सहायता राशि का चेक हुलासगंज के अंचल अधिकारी (CO) की मिलीभगत से श्रेया ने गुप्त रूप से हासिल कर लिया। पिता के अनुसार उन्हें या उनके परिवार को इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई। श्रेया यह चेक लेकर अपने मायके चली गईं। पिता का दर्द है कि यदि वह शुभम की पत्नी थी तो उन्हें इस दुख की घड़ी में परिवार के साथ खड़ा होना चाहिए था।
छात्रों और पुलिस के बीच पथराव, 7 लोग गिरफ्तार
नालंदा। जिले में बनने वाले नगरनौसा डिग्री कॉलेज के स्थान निर्धारण को लेकर चल रहे विवाद ने आज गुरुवार को हिंसक रूप ले लिया। दरअसल प्रखंड मुख्यालय में कॉलेज संचालित करने की मांग को लेकर छात्र संगठन और स्थानीय युवा सड़क जाम कर प्रदर्शन कर रहे थे। इसकी सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जब उन्हें समझाने का प्रयास किया तो वे और उग्र हो गए और प्रदर्शन करने लगे। इस बीच पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे कुछ लोगों को हिरासत में ले लिया, जिसके बाद माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विरोध कर रहे छात्रों और स्थानीय लोगों ने पुलिस पर रोड़ेबाजी शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने स्थिति नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच पथराव भी हुआ। घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
फर्जीवाड़ा करने वाला शिक्षक गिरफ्तार
नालंदा। जिले के नगरनौसा थाना क्षेत्र में फर्जी नाम से शिक्षक की नौकरी कर रहे एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान भद्रु बीघा गांव निवासी जयराम बिंद 42 वर्षीय पिता महेश्वर पंडित के रूप में हुई है। आरोप है कि वह सुमित कुमार नाम से अकेर प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक के पद पर कार्यरत था। पुलिस ने आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार करने के बाद उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया है। नगरनौसा थानाध्यक्ष शशि रंजन कुमार मिश्रा ने बताया कि, आरोपी के विरुद्ध फर्जी पहचान के आधार पर सरकारी नौकरी करने को लेकर विजिलेंस विभाग द्वारा मामला दर्ज कराया गया था। केस दर्ज होने के बाद से वह वर्ष 2023 से फरार चल रहा था। पुलिस को लंबे समय से इसकी तलाश थी।
राजद नेता गुड्डू चंद्रवंशी को बम से उड़ाने की धमकी
रोहतास। जिले के डेहरी से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां डालमियानगर परिषद के मुख्य पार्षद शशि कुमारी के जेठ तथा राजद के अति पिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव गुड्डू चंद्रवंशी को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। इस संबंध में राजद नेता ने डेहरी नगर थाने को सूचना दी है। साथ ही साइबर पुलिस को भी आवेदन दिया है।
नहर में डूबने से सगे भाई-बहन की मौत
रोहतास। जिले के करगहर थाना क्षेत्र के बाऊर गांव में कल बुधवार को नहर में डूबने से सगे भाई-बहन की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक भाई-बहन की पहचान 9 साल की दिव्या कुमारी और उसके छोटे भाई 7 साल के सीटू कुमार के रूप में हुई है। दोनों गांव निवासी अनिल बैठा के पुत्र-पुत्री थे, जो दिल्ली में मजदूरी कर अपने परिवार का गुजर बसर करता था।
हादसे में 3 किशोरों की दर्दनाक मौत
नालंदा। जिले के तेल्हाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत गंगा बिगहा पुल के समीप कल बुधवार की शाम हुए भीषण सड़क हादसे में तीन किशोरों की दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरी और ताड़ के पेड़ से टकरा गई। हादसा इतना भयावह था कि एक किशोर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य ने अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में दम तोड़ दिया।
राबड़ी देवी खाली कर रही हैं अपना सरकारी बंगला
पटना। बिहार की राजनीति में लंबे समय तक सत्ता और शक्ति का केंद्र रहा पटना का ’10 सर्कुलर रोड’ आवास अब लालू परिवार के लिए अतीत बन चुका है। भवन निर्माण विभाग के आदेश के बाद, आज आधिकारिक रूप से इस सरकारी बंगले को खाली करने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। लंबे समय से इस आवास को लेकर चल रही कानूनी और राजनीतिक खींचतान के बाद, आखिरकार लालू परिवार ने यहां से अपना सामान समेटना शुरू कर दिया है।

