Bihar Top News Today 18 oct 2026: बिहार (BIHAR) में आज 18 अक्टूबर को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…

युवक की हत्या के बाद बस्ती में तनाव

मुजफ्फरपुर। मेला देखकर लौट रहे एक युवक की हत्या के बाद हालात बेहद तनावपूर्ण हो गए हैं। इस हिंसक वारदात के बाद गुस्साए लोगों ने आरोपियों के घरों को निशाना बनाया और उनमें आग लगा दी। घटना की गंभीरता को देखते हुए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और वरिष्ठ अधिकारी खुद स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। ​मोहम्मदपुर खाजे गांव के रहने वाले नवनीत कुमार अपने भतीजे सुभाष के साथ शनिवार की शाम को मेला घूमने के लिए निकले थे। रास्ते में किसी बात को लेकर उनका स्थानीय लड़कों से मामूली विवाद हो गया। देखते ही देखते यह विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच हिंसक झड़प शुरू हो गई।
​आरोप है कि विवाद के दौरान नवनीत कुमार की बेरहमी से पिटाई की गई और उसे चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने तुरंत सक्रियता दिखाते हुए शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था।

मेला घुमाने के बहाने 2 साल की मासूम से दुष्कर्म

दरभंगा। केवटी थाना क्षेत्र में एक 48 वर्षीय व्यक्ति ने अपनी ही रिश्ते की दो साल की नातिन के साथ हैवानियत की वारदात को अंजाम दिया। आरोपी बच्ची को दुर्गा पूजा का मेला घुमाने और कुरकुरे खिलाने का झांसा देकर अपने साथ ले गया था। घटना के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मासूम को गंभीर हालत में इलाज के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (DMCH) में भर्ती कराया गया है। ​जानकारी के मुताबिक, आरोपी की पहचान धोबीगामा गांव निवासी विष्णु देव सदाय (48) के रूप में हुई है। शनिवार शाम वह अपने ससुराल (जो उसके घर से लगभग 12 किलोमीटर दूर है) पहुंचा था। वहां उसने अपने साले के बेटे की दो साल की मासूम बेटी को गोद में लिया और करीब 3 किलोमीटर दूर मेला घुमाने व कुरकुरे दिलाने की बात कहकर घर से निकला। हालांकि, वह बच्ची को मेला ले जाने के बजाय घर से महज 200 मीटर दूर स्थित एक आम के बगीचे में ले गया और वहां उसके साथ दुष्कर्म किया।

लालू परिवार से मल्लिका शेरावत ने की मुलाकात

पटना। बॉलीवुड की जानी-मानी अभिनेत्री मल्लिका शेरावत इन दिनों बिहार की राजधानी पटना में हैं। यहां एक डांडिया नाइट कार्यक्रम में हिस्सा लेने पहुंचीं अभिनेत्री ने राष्ट्रीय जनता दल के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के सरकारी आवास पर जाकर उनके परिवार से मुलाकात की। इस दौरान उनका पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। ​लालू परिवार के आवास पर हुई इस मुलाकात के दौरान बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य समेत परिवार के कई अन्य सदस्य भी मौजूद रहे। लाल रंग की साड़ी में नजर आईं मल्लिका शेरावत ने राबड़ी देवी और परिवार के बाकी सदस्यों के साथ बैठकर काफी देर तक बातचीत की।

अस्पताल से सीधे जेल पहुंची रील गर्ल

बेगूसराय। सोशल मीडिया पर दबंगई दिखाने और रील्स बनाने के चक्कर में एक पति-पत्नी सीधे जेल की सलाखों के पीछे पहुंच गए हैं। प्यार, सनक, तमंचे की नुमाइश और हथियारों से बुनी यह कहानी किसी फिल्मी थ्रिलर से कम नहीं है। सोशल मीडिया पर धौंस जमाने और रील्स के जरिए दहशत फैलाने का नशा इस कदर भारी पड़ा कि दोनों की अंतिम मंजिल सीधे जेल की सलाखें बनीं।
​अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रही लहूलुहान महिला जैसे ही होश में आई, पुलिस ने उसे कस्टडी में लेकर जेल भेज दिया। वहीं, उसके प्रेमी से पति बने युवक को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।

हाथ काटकर लाने पर 2 लाख का इनाम देंगे पप्पू यादव

Pappu Yadav: मधेपुरा स्थित अपने पैतृक गांव खुर्दा में दुर्गा महोतस्व का उद्घाटन करने पहुंचे पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने एक विवादित घोषणा कर दी है, जिसे लेकर सवाल उठने लगा है। दहअसल कार्यक्रम के दौरान पप्पू यादव ने मंच को संबोधित करते हुए कहा कि, बेटी से छेड़खानी करने वाले का हाथ काटकर लाने वाले को वह दो लाख रुपये का इनाम देंगे। बेटियों और महिलाओं से सुरक्षा जुड़े मामले पर उनके द्वारा अपनाए गए इस हिंसक रूख को लेकर सवाल उठने लगा है।

पवन सिंह को फिर जुर्माना

Pawan Singh News: भोजपुरी जगत के पावर स्टार पवन सिंह अक्सर किसी न किसी वजह से सुर्खियों में बने रहते हैं। पत्नी ज्योति सिंह के साथ उनके तलाक का मामला कोर्ट में चल रहा है। इस मामले में कल शनिवार को पवन सिंह को परिवार न्यायालय में पेश होना था, लेकिन वह कोर्ट नहीं पहुंचे। ऐसा होने के पीछे अभिनेता के वकील ने उनकी मां की तबीयत खराब होने की वजह बताई और अगली तारीख देने की मांग की। वहीं, कोर्ट ने अभिनेता के लगातार दूसरी बार गौरहाजिर होने पर नाराजगी जताते हुए 3 हजार रुपए का जुर्माना लगाया है। इस मामले की अगली सुनवाई 12 नवंबर को होगी।

अनंत बोले- JDU मुझे लेकर जो फैसला लेगी देखा जाएगा

Bihar News: मोकामा से जदयू के बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने हालही में अपने एक बयान में यह कहा था कि उन्होंने नीतीश कुमार के साथ रहकर 9 गो मर्डर किया। अनंत सिंह के इस बयान के सामने आने के बाद सियासी भूचाल मच गया। मोकामा विधायक के इस बयान को लेकर एक तरफ जहां विपक्ष के लोग हमलावर हैं। वहीं, बिहार में एनडीए के साथी और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने भी इस मामले में कार्रवाई की मांग कर दी है।

पीरपैंती की सबसे युवा मुखिया जदयू में शामिल

भागलपुर। जिले के पीरपैंती पंचायत की सबसे युवा मुखिया गुलफ्सा परवीन ने जनता दल यूनाइटेड (जदयू) की सदस्यता ग्रहण कर ली है। जदयू अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष सैयद मोहम्मद फैसल ने उन्हें आधिकारिक तौर पर पार्टी में शामिल कराया। इस अवसर पर छात्र जदयू के विश्वविद्यालय अध्यक्ष मोहम्मद एहसान उल राजा उर्फ ‘डेविड’ समेत संगठन के कई प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहे। ​गुलफ्सा परवीन ने महज 23 वर्ष की उम्र में मुखिया का चुनाव जीतकर अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू की थी। वह पीरपैंती प्रखंड में सबसे कम उम्र में जनप्रतिनिधि बनने वाली महिला हैं। पहली बार पंचायत स्तर पर जनसेवा की जिम्मेदारी सफलता से निभाने के बाद अब उन्होंने जदयू का दामन थामा है। उनके इस राजनीतिक कदम को स्थानीय क्षेत्र के नए समीकरणों से जोड़कर देखा जा रहा है।

झारखंड से पटना-दिल्ली जाने वाली ट्रेनों में मारामारी

Jharkhand Durga puja Train Waiting List: त्योहारी सीजन शुरू होने के साथ ही झारखंड से पटना-दिल्ली जाने वाली ट्रेनों में मारामारी भी शुरू हो गई है। रांची वंदे भारत, जनशताब्दी और राजधानी में लंबी वेटिंग चल रही है। रांची, हटिया और संबलपुर से चलनेवाली कई प्रमुख ट्रेनों में कंफर्म टिकट मिलना मुश्किल हो गया है। कई श्रेणियों में बुकिंग रेग्रेट हो चुकी है। पटना जानेवाली वंदे भारत एक्सप्रेस और जनशताब्दी एक्सप्रेस में भी सीटों की मारामारी चल रही है।

भाई ने दोस्त संग मिलकर की बहन की हत्या

Bihar Crime: मुजफ्फरपुर में दामोदरपुर रेलवे गुमटी के पास बीते 7 अक्टूबर को झाड़ियों में मिले युवती के शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। मृतक युवती की पहचान रेणु कुमारी के रूप में हुई है, जिसकी हत्या उसके ही सगे भाई मनीष ने अपने दोस्त के साथ मिलकर की थी। दरअसल पुलिस जांच में यह सामने आया है कि रेणु कुमारी ने अपने घर वालों के खिलाफ जाकर प्रेम-विवाह किया था, जो उसके मौत की वजह बनी। मामले में पुलिस ने आरोपी भाई को गिरफ्तार कर लिया है।