Bihar Top News Today 19 august 2026: बिहार (BIHAR) में आज 19 अगस्त को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…
पटना में छात्रों के समर्थन में RJD का प्रदर्शन
पटना। राजभवन मार्च के दौरान पुलिस ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को हिरासत में ले लिया है। पुलिस तेजस्वी को मार्च से अलग करते हुए पुलिस उन्हें बैरिकेडिंग के दूसरे तरफ ले गई, जहां उन्हें एक गाड़ी में बैठाया गया है। पुलिस ने राजद के मार्च को आगे बढ़ने से रोक दिया है। हिरासत में लिए जाने के बाद तेजस्वी ने कहा कि, जनता हमारे साथ है और जनता जब हमारे साथ है, तो घबराने की जरूरत नहीं है। सरकार को हमारी मांग को सुनना होगा और निराकरण करना होगा। बता दें कि तेजस्वी के अलावा अब्दुल बारी सिद्दीकी, अवध नारायण चौधरी, भाई बीरेंद्र, सांसद संजय यादव ने भी अपनी गिरफ्तारी दी है। हालांकि मार्च में शामिल बड़ी संख्या में कार्यकर्ता अभी भी वहां मौजूद हैं। पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोका हुआ है।
वाटर कैनन की बौछार पर कार्यकर्ताओं ने किया डांस
पटना। सीवान में छात्र आंदोलन के दौरान AK-47 से हुई फायरिंग की घटना को लेकर राजद का राजभवन मार्च शुरू हो चुका है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव सबसे पहले जेपी गोलंबर पहुंचे, जहां उन्होंने लोकनायक जयप्रकाश नारायण की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और भी राजभवन मार्च के लिए कूच किया। मार्च में बड़ी संख्या में युवा, छात्र विंग से जुड़े सदस्य, पार्टी के कार्यकर्ता और नेता-मंत्री शामिल हैं। राजद का राजभवन मार्च जैसे ही इनकम टैक्स चौराहे के पास पहुंचा, पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस ने मार्च पर वाटर कैनन का भी प्रयोग किया। हालांकि राजद के कार्यकर्ता अभी भी आगे बढ़ रहे हैं। पुलिस उन्हें रोकने की कोशिश कर रही है।
अरुणाचल में बादल फटने से 5 जवान लापता
वैशाली। अरुणाचल प्रदेश के दिबांग वैली से एक बेहद ही चिंताजनक खबर सामने आई है, जहां बादल फटने की घटना के बाद पांच अग्निवीर जवान लापता हो गए हैं। लापता जवानों में हाजीपुर के सैदपुर रजौली गांव के रहने वाले अग्निवीर आदित्य कुमार भी शामिल हैं। मिली जानकारी के अनुसार कुल 7 जवान लापता हुए थे, जिनमें से दो को सुरक्षित निकाल लिया गया है। वहीं, 5 जवानों की तलाश अभी भी जारी है। बताया जा रहा है कि आदित्य कुमार ने वर्ष 2025 में अग्निवीर के रूप में सेना ज्वाइन की थी और उनकी ड्यूटी अरुणाचल प्रदेश में लगी हुई थी। इसी क्रम में 14 अगस्त की शाम करीब पांच बजे उनके कैंप के आसपास बादल फटने की घटना हुई। इसके बाद आदित्य कुमार समेत चार अन्य अग्निवीर जवानों के लापता होने की जानकारी सामने आई।
CM ने जगन्नाथ मिश्र के प्रतिमा का किया अनावरण
सुपौल। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज सुपौल जिले के दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने बलुआ बाजार में आयोजित विशेष कार्यक्रम में शिरकत करते हुए बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री भारत रत्न से सम्मानित और दिवंगत नेता डॉ. जगन्नाथ मिश्र की पुण्यतिथि पर उनकी आदमकद प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर भारी संख्या में स्थानीय लोग और राजनीतिक हस्तियां मौजूद रहीं। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। बलुआ स्थित मध्य विद्यालय परिसर में हेलीपैड का निर्माण किया गया था, जहां मुख्यमंत्री का हेलिकॉप्टर उतरा।
कार्यक्रम की सफलता के लिए जिलाधिकारी (DM) सावन कुमार, पुलिस अधीक्षक (SP) शरथ आरएस, और त्रिवेणीगंज व वीरपुर के एसडीएम-एसडीपीओ पिछले कई दिनों से लगातार स्थल का निरीक्षण कर रहे थे। सुरक्षा, पार्किंग और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों ने कई दौर की बैठकें की थीं। इस कार्यक्रम में डॉ. जगन्नाथ मिश्र के पुत्र और मंत्री नीतीश मिश्रा के भी शामिल होने की संभावना ने इस आयोजन को और महत्वपूर्ण बना दिया।
अपराधियों ने बाइक सवार को गोलियों से भूना
वैशाली। जिले में कानून-व्यवस्था को चुनौती देती हुई एक दिल दहला देने वाली सनसनीखेज घटना सामने आई है। बुधवार दोपहर को राघोपुर रुस्तमपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत अपराधियों ने एक युवक को सरेआम मौत के घाट उतार दिया। यह पूरी वारदात बिदुपुर से रुस्तमपुर को जोड़ने वाले सिक्सलेन पुल पर पाया नंबर 32 के पास अंजाम दी गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अपराधी पहले से ही इस इलाके में घात लगाकर बैठे थे। जैसे ही पीड़ित युवक अपनी बाइक से वहां से गुजरा, अपराधियों ने उसे घेर लिया और बेहद करीब से उस पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं।
शिक्षा मंत्री पर अमर्यादित टिप्पणी करने वाला शिक्षक सस्पेंड
मुजफ्फरपुर। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री के खिलाफ अमर्यादित और राजनीतिक टिप्पणियां करने वाले एक विशिष्ट शिक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) कुमार अरविंद सिन्हा द्वारा यह सख्त कदम उठाया गया है। जांच में पाया गया कि शिक्षक राजेश कुमार ने एक पेपर की कटिंग को सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए शिक्षा मंत्री के विरुद्ध अशोभनीय टिप्पणी की थी। विभाग ने इस कृत्य को स्वेच्छाचारिता और अनुशासनहीनता मानते हुए 17 अगस्त 2026 को उनसे स्पष्टीकरण मांगा था। तय समय सीमा के भीतर संतोषजनक जवाब न मिलने पर विभाग ने इसे ‘बिहार सरकारी सेवक आचार नियमावली-1976’ और संशोधित ‘बिहार सरकारी सेवक आचार नियमावली, 2026’ का सीधा उल्लंघन करार दिया।
चलती XUV बनी आग का गोला
मुजफ्फरपुर। जिले में एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। मुजफ्फरपुर-पूसा रोड पर नरौली चौक के पास बुधवार को एक चलती हुई लग्जरी XUV कार में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते इस चलती गाड़ी ने आग के गोले का रूप ले लिया। गनीमत यह रही कि कार में सवार लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते वाहन रोककर बाहर छलांग लगा दी, जिससे सभी की जान सुरक्षित बच गई। इस घटना के बाद मुख्य मार्ग पर काफी देर तक अफरातफरी का माहौल बना रहा।
इनामी कुख्यात अपराधी मनिंद्र मिश्रा UP से गिरफ्तार
गोपालगंज। बिहार एसटीएफ और उत्तर प्रदेश पुलिस की संयुक्त टीम ने एक बड़े अंतरराज्यीय ऑपरेशन में एक लाख रुपये के इनामी कुख्यात अपराधी मनिंद्र मिश्रा को यूपी के पॉली से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार अपराधी मूल रूप से बिहार के गोपालगंज जिले के कटेया थाना क्षेत्र स्थित सुल्तानपुर गांव का निवासी है। वह पिछले लंबे समय से बिहार और यूपी के सीमावर्ती इलाकों में कई गंभीर आपराधिक वारदातों को अंजाम देकर फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी को पुलिस के लिए एक बड़ी सफलता माना जा रहा है। मनिंद्र मिश्रा का आपराधिक इतिहास काफी पुराना रहा है। उसने किशोरावस्था में ही अपराध की राह चुन ली थी। उसने गोपालगंज शहर के प्रमुख मिष्ठान विक्रेता ‘चौधरी जी’ की दुकान पर बमबारी कर क्षेत्र में सनसनी फैला दी थी। इसके बाद से वह लगातार कई संगीन वारदातों में शामिल रहा, जिसके चलते बिहार सरकार ने उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था।
मृत्युंजय तिवारी ने राजभवन मार्च को बताया फ्लॉप शो
पटना। सीवान AK-47 फायरिंग कांड को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के नेतृत्व में आज राजभवन मार्च निकाला गया, जो गांधी मैदान से शुरू होकर इनकम टैक्स चौराहे पर समाप्त हो गया। पटना पुलिस ने तेजस्वी समेत राजद के कई नेताओं को हिरासत में लिया, जिन्हें बाद में छोड़ दिया गया। वहीं, अब राजद के इस राजभवन मार्च पर पार्टी के पूर्व प्रवक्ता और मौजूदा समय में भाजपा नेता मृत्युंजय तिवारी की प्रतिक्रिया सामने आई है। भाजपा नेता मृत्युंजय तिवारी ने तेजस्वी यादव के राजभवन मार्च को फ्लॉप शो बताया और कहा कि, ये सिर्फ अपने पार्टी बचाने और कुर्सी बचाने का मार्च था। उन्होंने कहा कि, इस मार्च को ना ही युवाओं का साथ मिला ना ही छात्रों का साथ मिला। सिर्फ कुछ उपद्रवी कार्यकर्ताओं के साथ तेजस्वी सड़क पर उतरे और तिरंगे का अपमान किया है।
रोहिणी-मांझी की बहू में पोस्ट पर घमासान
बिहार की राजनीति में केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य के बीच छिड़ा विवाद अब थमने का नाम नहीं ले रहा है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को लेकर शुरू हुई जुबानी जंग अब दोनों परिवारों के बीच व्यक्तिगत और तीखे बयानों तक पहुंच गई है। हाल ही में दशरथ मांझी से जुड़े एक कार्यक्रम के दौरान तेजस्वी यादव ने जीतन राम मांझी को लेकर श्रद्धांजलि देने वाले अंदाज में टिप्पणी की थी। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने तंज कसा था कि लगता है तेजस्वी की ‘रात वाली’ नहीं उतरी है और सवाल उठाया कि क्या उन्होंने नशे की हालत में ऐसा बयान दिया। मांझी के इस बयान के बाद रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पलटवार करते हुए तेजस्वी का बचाव किया और मांझी की तुलना बीजेपी नेता श्रेयसी सिंह से करते हुए तीखे शब्दों का इस्तेमाल किया।

