Bihar Top News Today 22 april 2026: बिहार (BIHAR) में आज 22 अप्रैल को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…
कैबिनेट बैठक में 22 प्रस्तावों पर मुहर
पटना। बिहार की राजनीति में नए नेतृत्व के साथ सत्ता की हलचल तेज हो गई है। बुधवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में कैबिनेट की पहली महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। इस दौरान उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और विजेंद्र यादव भी मौजूद रहे। करीब एक घंटे तक चली इस बैठक में राज्य के विकास और प्रशासनिक सुधारों से जुड़े कुल 22 एजेंडों को मंजूरी दी गई। इनमें 1500 महिला पुलिसकर्मियों को स्कूटी और 3200 पुलिसकर्मियों को मोटरसाइकिल देने का फैसला लिया गया है। इसके लिए कुल 66.75 करोड़ रुपए की मंजूरी दी गई है। इसके अलावा 680 करोड़ रुपए की लागत से बाबा हरिहरनाथ मंदिर को काशी विश्वनाथ कॉरिडोर की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। साथ ही मुंगेर के तारापुर में धार्मिक और पर्यटन सुविधाएं विकसित की जाएंगी, जिसके लिए 15 एकड़ जमीन पर्यटन विभाग को मुफ्त दी जाएगी।
दिल्ली से लौटते ही नीतीश कुमार से मिले सम्राट
पटना। बिहार की सियासत में एक नई तस्वीर ने सबका ध्यान खींचा है। दिल्ली दौरे से पटना लौटते ही मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सीधे पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिलने उनके आवास पहुंचे। इस मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं के बीच गहरी आत्मीयता देखने को मिली। वायरल तस्वीरों में नीतीश कुमार, सम्राट चौधरी के दोनों कंधों पर हाथ रखकर उन्हें आशीर्वाद देते नजर आए, वहीं सम्राट चौधरी ने सिर झुकाकर और हाथ जोड़कर उनका अभिवादन किया। यह शिष्टाचार मुलाकात बिहार की नई सरकार के भीतर बेहतर तालमेल का संकेत दे रही है।
JDU की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की लिस्ट में भी निशांत नहीं
पटना। जनता दल यूनाइटेड (JDU) ने अपनी नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी की घोषणा कर दी है, जिसमें सत्ता के समीकरणों को साधने की कोशिश साफ दिख रही है। इस नई सूची में सबसे चौंकाने वाला तथ्य यह है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार का नाम संगठन के किसी भी पद के लिए शामिल नहीं किया गया है। हालांकि निशांत सक्रिय राजनीति में कदम रख चुके हैं, लेकिन पार्टी ने उन्हें फिलहाल आधिकारिक पद से दूर रखा है।
अनंत बोले-पप्पू यादव बताएं उनकी पत्नी कैसे बनीं MP
पटना। मोकामा से जदयू के बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने निशांत कुमार को लेकर बड़ा बयान दिया है। अनंत सिंह ने कहा कि, निशांत कुमार पूरा बिहार घूमेंगे, तब जाकर उन्हें बिहार के बारे में पता चलेगा। मोकामा विधायक ने कहा कि, निश्चित तौर पर उन्हें बिहार भ्रमण करना चाहिए।
श्रवण कुमार को जदयू विधायक दल का नेता चुने जाने पर अनंत सिंह ने कहा कि, अच्छी बात है कि उन्हें जदयू विधायक दल का नेता बनाया गया है। वहीं, लालू यादव के शासन काल को लेकर भी मोकामा विधायक ने बड़ा बयान दिया और कहा कि किस तरह का राज था प्रतिदिन अपहरण होता था। नीतीश जी आए और बिहार को बदल दिए। आज छोटी मोटी भी कोई घटना होती है, तो पुलिस तुरंत कार्रवाई करती है।
भीषण गर्मी ने लोगों का जीना किया मुहाल
Bihar Weather Today: बिहार समेत देश के कई हिस्सों में इस समय गर्मी का भीषण कहर देखने को मिल रहा है। राज्य के ज्यादातर हिस्सों में तेज चिलचिलाती धूप और गर्म हवाएं लोगों के पसीने छुड़ा रही है। मौसम विभाग की माने तो आज बुधवार 22 अप्रैल को भी लोगों को भीषण गर्मी और लू का सामना करना पड़ सकता है। कई जगहों पर तापमान 36 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान जताया गया है, जिससे लोगो को लगातार बढ़ती तपिश महसूस होगी।
उपेंद्र कुशवाहा की धिक्कार रैली
पटना। बिहार की सियासत में महिला आरक्षण बिल को लेकर जारी घमासान अब सड़कों पर उतर आया है। राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा के आह्वान पर बुधवार को पूरे प्रदेश में ‘धिक्कार मार्च’ का आयोजन किया गया। NDA घटक दल के रूप में RLM ने विपक्षी गठबंधन (महागठबंधन) के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए महिला आरक्षण बिल के मार्ग में बाधा डालने का आरोप लगाया। हालांकि, राजधानी पटना में इस रैली के दौरान एक असहज स्थिति देखने को मिली, जहां महिलाओं के हक की लड़ाई में महिलाओं की भागीदारी ही नहीं रही।
सम्राट के CM बनने के बाद बिहार में पहला एनकाउंटर
पटना। बिहार की कमान सम्राट चौधरी के हाथों में आने के बाद प्रदेश की कानून-व्यवस्था में एक बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। अपराधियों के खिलाफ पुलिस का ‘जीरो टॉलरेंस’ मोड ऑन हो चुका है। इसी कड़ी में बुधवार की सुबह राजधानी पटना के बेउर थाना क्षेत्र स्थित सिपारा कृषि फार्म के पास पुलिस और अपराधियों के बीच सीधी मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में एक शातिर अपराधी पुलिस की गोली का शिकार हुआ, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
तेजप्रताप यादव-प्रशांत किशोर की मुलाकात
पटना। लालू यादव के बड़े बेटे और जजद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने कल मंगलवार की देर रात जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर से मुलाकात की। प्रशांत किशोर और तेज प्रताप यादव के बीच हुई सीक्रेट मीटिंग ने बिहार की राजनीति में एक नई हलचल पैदा कर दी है। तेजप्रताप यादव ने प्रशांत किशोर से मुलाकात का वीडियो एक्स पर शेयर करते हुए लिखा- “आज का दिन राजनीतिक दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण रहा। मेरी मुलाकात प्रशांत किशोर जी से हुई, जहां हमने जनहित और भविष्य की राजनीति को लेकर गहन चर्चा की। इस दौरान जनता की अपेक्षाओं और बदलते राजनीतिक समीकरणों पर विस्तार से बात हुई।
स्कूल के क्लासरूम में थैलियों में मिला मांस
रोहतास। जिले से आज बुधवार की सुबह एक सरकारी विद्यालय से बेहद ही संवेदनशील मामला सामने आया है। दरअसल राजपुर प्रखंड के रामूडीह स्थित उत्क्रमित उर्दू मध्य विद्यालय में गोमांस मिलने के बाद आसपास के इलाकों में तनाव की स्थिति बन गई है और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार की सुबह जब विद्यालय खुला, तो विद्यालय के कमरे से काले रंग की कुल चार प्लास्टिक की थैली में काफी मात्रा में गौ मांस मिला। देखते ही देखते यह खबर पूरे इलाके में आग की तरफ फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण विद्यालय परिसर में जमा हो गए। ग्रामीणों ने विद्यालय के प्रधानाध्यापक मोहम्मद अनवर सहित कुल पांच शिक्षकों पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं।
महिला आयोग का पप्पू यादव को नोटिस
पटना/पूर्णिया। निर्दलीय सांसद पप्पू यादव अपने एक बेहद विवादास्पद बयान के कारण राजनीतिक गलियारों और सामाजिक संगठनों के निशाने पर आ गए हैं। महिलाओं की राजनीति में स्थिति और उनके संघर्ष पर टिप्पणी करते हुए सांसद ने कुछ ऐसी बातें कहीं, जिसे ‘शर्मनाक’ करार देते हुए चौतरफा आलोचना शुरू हो गई है। मामला इतना बढ़ गया है कि बिहार राज्य महिला आयोग ने इस पर कड़ा संज्ञान लिया है। मंगलवार को सोशल मीडिया पर एक लाइव सत्र के दौरान पप्पू यादव ने राजनीति में महिलाओं के प्रवेश और उनकी सफलता को लेकर एक विवादित दावा किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं की बिना नेताओं के रूम से गुजरे, पॉलिटिक्स में एंट्री नहीं होती है। नेताओं के रूम में गए बगैर 90% महिलाएं राजनीति में सफल नहीं होतीं। उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं और इसे महिला अस्मिता का अपमान बताया गया।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

