Bihar Top News Today 22 august 2026: बिहार (BIHAR) में आज 22 अगस्त को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…

PhD होल्डर्स का प्रदर्शन

पटना। पिछले 19 दिनों से आमरण अनशन पर बैठे पीएचडी धारक बुधवार को अपनी मांगों के समर्थन में उग्र नजर आए। प्रदर्शनकारियों ने लोकभवन की ओर मार्च निकाला और आर ब्लॉक चौराहे पर पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेडिंग पर चढ़ गए। इस दौरान सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि वे लंबे समय से उच्च शिक्षा व्यवस्था को संभाल रहे हैं, लेकिन सरकार के नए नियमों के कारण उनके भविष्य पर संकट मंडरा रहा है। इस आंदोलन को अब विभिन्न राजनीतिक दलों और शिक्षकों का भी समर्थन मिलने लगा है।

ऑर्केस्ट्रा देख रहे लोगों को बस ने रौंदा, 5 की मौत

बेतिया में एक भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 12 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा लौरिया थाना क्षेत्र के बेतिया-लौरिया मुख्य मार्ग पर पराउ टोला बनकटवा के पास शुक्रवार रात करीब 11 बजे हुआ। एक तेज रफ्तार बस सामने से आ रहे ट्रक से बचने के चक्कर में अनियंत्रित होकर सड़क किनारे चल रहे ऑर्केस्ट्रा कार्यक्रम में जा घुसी। ​बनकटवा गांव निवासी देवेंद्र दुबे के घर उनके पांचवें बेटे की छठी का कार्यक्रम चल रहा था। 15 अगस्त को जन्मे बच्चे की इस खुशी में भोज और ऑर्केस्ट्रा का आयोजन किया गया था, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण और मेहमान शामिल हुए थे। हादसे का सबसे विदारक पहलू यह रहा कि मृतकों में बच्चे के पिता देवेंद्र दुबे (जो पेशे से ड्राइवर थे) भी शामिल हैं। पलभर में जश्न का माहौल चीख-पुकार और मातम में बदल गया।

नालंदा में नर्सिंग स्टूडेंट्स का हंगामा-कॉलेज में तोड़फोड़

नालंदा। जिले के भागन बीघा स्थित गौतम इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल कॉलेज में परीक्षा परिणामों में कथित धांधली, फीस वसूली और लचर शैक्षणिक व्यवस्था को लेकर छात्रों का गुस्सा चौथे दिन भी जारी रहा। नर्सिंग और फिजियोथेरेपी के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने परिसर में उग्र प्रदर्शन करते हुए जमकर तोड़फोड़ की। इस दौरान कॉलेज के CCTV कैमरे, स्मार्ट क्लास के उपकरण, कंप्यूटर, प्रिंटर, मॉनिटर, और दरवाजे-खिड़कियों के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए। कॉलेज कर्मियों का दावा है कि इस उपद्रव से करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ है।

2030 तक चालू होंगे 13 नए और आधुनिक एयरपोर्ट

बिहार के नागरिकों को जल्द ही बेहतर एयर कनेक्टिविटी मिलने जा रही है। केंद्र सरकार के सहयोग से राज्य में हवाई ढांचा तेजी से विकसित किया जा रहा है, जिसके तहत 2030 तक कुल 13 एयरपोर्ट पूरी तरह से काम करने लगेंगे। इससे गोपालगंज और किशनगंज जैसे छोटे जिलों के लोगों को दिल्ली व मुंबई जाने के लिए पटना या बागडोगरा नहीं जाना पड़ेगा। वर्तमान में राज्य में पटना, गया, दरभंगा और पूर्णिया एयरपोर्ट चालू हैं।

बिहार की दो शिक्षिकाओं को मिलेगा राष्ट्रीय पुरस्कार

गोपालगंज। बिहार के शिक्षा जगत के लिए एक बेहद गर्व और खुशी का क्षण सामने आया है। आगामी 5 सितंबर (शिक्षक दिवस) के अवसर पर नई दिल्ली में आयोजित होने वाले भव्य समारोह में बिहार की दो प्रतिभावान महिला शिक्षिकाओं को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार-2026 से सम्मानित किया जाएगा। देश की महामहिम राष्ट्रपति इन दोनों शिक्षिकाओं को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान करेंगी।
​बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने दोनों शिक्षकों के चयन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।

CRPF जवान के घर में 25 लाख की चोरी

पटना से सटे पंडारक थाना क्षेत्र में चोरों के हौसले पूरी तरह बुलंद हैं। क्षेत्र के पंडारक पूर्वी पंचायत स्थित शिवाला के पास एक बार फिर चोरों ने दुस्साहस का परिचय देते हुए एक सीआरपीएफ जवान के घर को निशाना बनाया। इस दुस्साहसिक वारदात में चोरों ने घर का ताला और गेट तोड़कर लाखों की नकदी, कीमती जेवरात और महत्वपूर्ण दस्तावेज चुरा लिए। पीड़ित परिवार के अनुसार चोरी हुई कुल संपत्ति की कीमत 25 लाख रुपये से अधिक आंकी जा रही है।

मोतिहारी में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत

मोतिहारी। तुरकौलिया थाना क्षेत्र के जयसिंहपुर बैलघटी गांव में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज में चार पहिया वाहन (स्कॉर्पियो) न मिलने के कारण गला घोंटकर या प्रताड़ित कर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और मायके वालों का रो-रोकर बुरा हाल है। ​मृतका की पहचान जयसिंहपुर बैलघटी निवासी सरवरे आलम की 22 वर्षीय पत्नी आशिया प्रवीण के रूप में हुई है। मृतका के भाई शाहनवाज ने बताया कि उनकी बहन की शादी इसी वर्ष जून महीने में जयसिंहपुर गांव निवासी मुमताज आलम के पुत्र सरवरे आलम के साथ हुई थी। शादी के दौरान परिवार ने अपनी क्षमता के अनुसार सभी उपहार और जरूरत का सामान दिया था। लेकिन शादी के कुछ दिन बीतने के बाद ही ससुराल पक्ष के लोग दहेज में स्कॉर्पियो गाड़ी की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर आशिया को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा।

इलेक्ट्रिक स्कूटी में लगी अचानक आग, जलकर हुई राख

जमुई। शहर के वीआईपी इलाके यानी सर्किट हाउस के समीप शनिवार की दोपहर दीवार के पास खड़ी एक इलेक्ट्रिक स्कूटी में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। गनीमत यह रही कि इस घटना में किसी भी प्रकार के जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है, लेकिन देखते ही देखते वाहन पूरी तरह खाक हो गया। ​मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना शनिवार सुबह करीब 11 बजे की है। सुग्गी इलाके के रहने वाले दिनेश मंडल अपने किसी निजी काम से इस इलेक्ट्रिक स्कूटी पर सवार होकर जमुई शहर पहुंचे थे। उन्होंने काम के सिलसिले में अपनी स्कूटी को सर्किट हाउस के पास एक दीवार के किनारे खड़ी कर दिया था और खुद अपने काम के लिए चले गए थे।

बीजेपी ने तेजस्वी के खिलाफ दर्ज कराई FIR

पटना। सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक और गाली-गलौज वाले वीडियो को लेकर बिहार की सियासत एक बार फिर गरमा गई है। आरजेडी के सोशल मीडिया हैंडल पर बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक भाषा वाले वीडियो पोस्ट किए जाने के मामले में बीजेपी ने कड़ी आपत्ति जताई है। इसी मामले को लेकर बीजेपी के मीडिया प्रभारी दानिश इकबाल अपनी लीगल टीम के साथ पटना के कोतवाली थाना पहुंचे और आरजेडी नेता एवं नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव समेत अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। बीजेपी ने पुलिस से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। दानिश इकबाल ने आरोप लगाया कि गाली-गलौज करना आरजेडी की संस्कृति का हिस्सा रहा है और पार्टी की ओर से लगातार इस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ इस तरह की आपत्तिजनक सामग्री को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और पार्टी कानूनी स्तर पर इसका विरोध करेगी।

वित्त रहित शिक्षा नीति के खिलाफ कांग्रेस का एक दिवसीय धरना

सहरसा। जिले में शिक्षा व्यवस्था और वित्त रहित संस्थानों की समस्याओं को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। वित्त रहित शिक्षा नीति को समाप्त करने और वित्त रहित कॉलेजों के समायोजन की प्रमुख मांगों को लेकर कांग्रेस सेवा दल और जिला कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन का आयोजन किया गया। इस दौरान वक्ताओं ने सरकार की नीतियों पर तीखे सवाल उठाए और मांगें पूरी न होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी दी।