Bihar Top News Today 22 july 2026: बिहार (BIHAR) में आज 22 जुलाई को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…
खड़े ट्रक से टकराया बिस्किट लदा ट्रक
नालंदा। जिले में बख्तियारपुर-रजौली फोरलेन यानी एनएच-20 पर आज बुधवार की सुबह-सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रक चालक की मौत हो गई। यह हादसा दीपनगर थाना क्षेत्र के कासिमचक गांव के पास हुआ, जहां बिस्किट से लदा एक ट्रक पहले से दुर्घटनाग्रस्त खड़े ट्रक से पीछे से जा टकराया। मृतक की पहचान नवादा जिले के रजौली थाना क्षेत्र के खजूरी बिगहा निवासी रामेश्वर प्रसाद यादव के 28 वर्षीय पुत्र विपिन कुमार के रूप में हुई है। मृतक के भाई सुमंत कुमार ने बताया कि विपिन कुमार मुजफ्फरपुर से बिस्किट लादकर रांची जा रहे थे। रास्ते में अचानक उन्हें नींद की झपकी आ गई, जिससे ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पहले से खड़े दुर्घटनाग्रस्त ट्रक से टकरा गया।
वि.स. में सूखे के मुद्दे पर हंगामा
पटना। बिहार विधानसभा की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी सदस्यों ने दो पत्रकारों के पास रद्द किए जाने का मामला सदन में जोर-शोर से उठाया। पास रद्द किए जाने के विरोध में आज मीडियाकर्मियों ने विधानसभा की कार्यवाही का कवरेज पूरी तरह से बहिष्कृत किया। इस मामले पर हस्तक्षेप करते हुए विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने सदन को आश्वस्त किया कि इस समस्या को जल्द ही सुलझा लिया जाएगा। इसी बीच, विपक्षी विधायकों ने वेल में पहुंचकर जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी।
अनुकंपा पर बहाल चौकीदार का शराब पीते वीडियो
मुजफ्फरपुर। जिले से अनुशासनहीनता और कानून के उल्लंघन का एक और मामला सामने आया है। यहां रामपुरहरि मॉडल थाने में अनुकंपा के आधार पर बहाल किए गए चौकीदार राम विजय कुमार का शराब पीते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो के सामने आने के बाद स्थानीय पुलिस प्रशासन और महकमे में हड़कंप मच गया है। वायरल हो रहे इस वीडियो में चौकीदार राम विजय कुमार अपने कुछ अन्य साथियों के साथ एक टेबल पर बैठे हुए नजर आ रहे हैं। टेबल पर शराब के गिलास और कुछ खाद्य सामग्रियां भी रखी हुई हैं। वीडियो बनाने के दौरान चौकीदार के हाथ में कथित तौर पर शराब की बोतल साफ तौर पर दिखाई दे रही है। स्थानीय लोगों का दावा है कि यह वीडियो रामपुरहरि थाना के ठीक पास स्थित किसी होटल का है, जहां ये लोग बैठकर शराब का सेवन कर रहे थे।
अश्लील मैसेज भेजता था टीचर, गिरफ्तार
छपरा। बिहार के सारण जिले के छपरा शहर से एक बेहद ही शर्मनाक मामला सामने आया है जहां एक निजी विद्यालय के शिक्षक पर सातवीं कक्षा की एक नाबालिग छात्रा के साथ अश्लील चैटिंग करने का गंभीर आरोप लगा है। इस घटना के बाद से इलाके में भारी आक्रोश का माहौल है। परिजनों की शिकायत और स्थानीय लोगों की सूझबूझ के बाद आरोपी शिक्षक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया है, जिसके बाद पुलिस मामले की गहनता से तफ्तीश में जुटी हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार यह पूरी घटना छपरा शहर के भगवान बाजार थाना क्षेत्र की है। यहां स्थित इम्पीरियल पब्लिक स्कूल में पढ़ाने वाले शिक्षक मोहम्मद इमाम रजा पर यह गंभीर आरोप लगा है कि वह स्कूल में पढ़ने वाली सातवीं कक्षा की एक छात्रा को मोबाइल फोन पर लगातार अश्लील और आपत्तिजनक संदेश भेजता था। आरोपी शिक्षक पिछले कुछ समय से छात्रा के साथ मानसिक रूप से प्रताड़ित करने वाली हरकतें कर रहा था, जिससे पीड़िता काफी डरी हुई थी।
छात्रों का प्रदर्शन, सीएम हाउस तक पहुंचे युवा
पटना। बिहार की राजधानी पटना में छात्रों का गुस्सा थमने का नाम नहीं ले रहा है। प्रशासनिक रोक और पुलिस की सख्ती के बावजूद छात्र सड़कों पर उतरकर लगातार उग्र प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदर्शनकारी छात्रों का एक दल उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी के आवास का घेराव करने के बाद सीधे मुख्यमंत्री आवास तक पहुंच गया है। छात्रों का मुख्य आरोप और मांग केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को लेकर है। प्रदर्शन की शुरुआत गांधी मैदान क्षेत्र से हुई थी। छात्रों के बढ़ते हुजूम को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने शुरुआती दौर में वाटर कैनन और लाठीचार्ज का इस्तेमाल किया। हालांकि सरकार के निर्देश के बाद पुलिस को बल प्रयोग रोकने का आदेश दिया गया। इसके बाद बेकाबू हुए छात्रों ने पुलिस की कई बैरिकेडिंग और घेराबंदी को तोड़ दिया और मंत्रियों के आवास की तरफ कूच कर गए।
कांग्रेस और बीजेपी कार्यकर्ताओं के बीच झड़प
पटना। प्रदेश की राजनीतिक सरगर्मी उस वक्त अचानक हिंसक झड़प में बदल गई, जब दो प्रमुख दलों के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। राजधानी स्थित कांग्रेस कार्यालय के बाहर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और कांग्रेस के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। इस दौरान जमकर लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर चले, जिससे इलाके में भारी तनाव फैल गया। इस खूनी संघर्ष में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र सिंह का सिर फूट गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जनसुराज और कांग्रेस के दिग्गजों ने थामा कमल का दामन
पटना। बिहार की राजनीति में इन दिनों बड़ा उलटफेर देखने को मिल रहा है, और इसी कड़ी में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रदेश कार्यालय, पटना में एक भव्य ‘मिलन समारोह’ का आयोजन किया गया। इस विशेष कार्यक्रम के दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों और सामाजिक क्षेत्रों से ताल्लुक रखने वाले कई प्रमुख दिग्गज नेताओं और उनके समर्थकों ने एनडीए की नीतियों में आस्था जताते हुए औपचारिक रूप से भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने सभी नवागंतुकों का अंगवस्त्र पहनाकर और पार्टी का पटका ओढ़ाकर गर्मजोशी के साथ स्वागत किया।
30 फीट नीचे गिरने से मजदूर की मौत
सीतामढ़ी। जिले से एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। जिले की रीगा चीनी मिल में मंगलवार को काम के दौरान एक भीषण हादसा हो गया। इस दुर्घटना में मिल में कार्यरत एक मजदूर की लगभग 30 फीट की ऊंचाई से नीचे गिरने के कारण मौत हो गई। इस अचानक हुई घटना से पूरे मिल परिसर में कोहराम मच गया और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। मिली जानकारी के अनुसार, इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाले मजदूर की पहचान गोपालगंज जिले के कटेया प्रखंड अंतर्गत आने वाले नवलपुर गांव के रहने वाले गंगा विष्णु यादव के पुत्र मनी यादव के रूप में हुई है। मृतक मनी यादव रीगा चीनी मिल में अपनी आजीविका चलाने के लिए मजदूरी का कार्य करता था। परिवार की आर्थिक स्थिति को संभालने के लिए वह लगातार मेहनत कर रहा था, लेकिन इस अनहोनी ने उसके परिवार की खुशियों को उजाड़ कर रख दिया।
LLB छात्रा हत्याकांड मामले में SHO और चौकीदार सस्पेंड
बहुचर्चित एलएलबी छात्रा दिव्या कुमारी पासवान हत्याकांड में पुलिस मुख्यालय ने एक्शन लेते हुए बड़ी कार्रवाई की है। 20 जुलाई को पूनम कुमारी द्वारा डीएसपी-1 को दिए गए आवेदन में पुलिस की कार्यप्रणाली पर कई गंभीर सवाल उठाए गए थे। जांच में यह बात सामने आई कि मृतका की मां उर्मिला देवी द्वारा शेरघाटी थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी, लेकिन दिव्या के अनुसूचित जाति समुदाय से ताल्लुक रखने के बावजूद एफआईआर में एससी-एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम की धाराएं नहीं जोड़ी गईं। इसी बड़ी प्रशासनिक चूक का फायदा उठाकर मुख्य आरोपी को न्यायालय से जमानत मिल गई थी। डीएसपी-1 की जांच रिपोर्ट में इन सभी खामियों की पुष्टि होने के बाद एसएसपी ने यह सख्त कदम उठाया है।
उपचुनाव से पहले जन सुराज और पटना पुलिस आमने-सामने
पटना। बिहार की राजनीति में बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के दौरान एक नया और बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। चुनाव प्रचार और चुनावी गहमागहमी के बीच जन सुराज पार्टी ने पटना पुलिस प्रशासन पर गंभीर और तीखे आरोप लगाए हैं। पार्टी का सीधा दावा है कि पुलिस उपचुनाव के माहौल को प्रभावित करने के लिए उनकी पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं पर बेवजह दबाव बना रही है और उन्हें लगातार परेशान किया जा रहा है। जन सुराज पार्टी की ओर से साझा की गई जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने चुनावी प्रक्रिया के बीच उनके पार्टी कार्यालयों, कार्यकर्ताओं के ठिकानों और संबंधित होटलों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की। पार्टी नेताओं का कहना है कि यह प्रशासनिक कार्रवाई सामान्य कानून-व्यवस्था का हिस्सा नहीं है, बल्कि इसके पीछे राजनीतिक दुर्भावना और सत्ताधारी दबाव काम कर रहा है।


