Bihar Top News Today 22 may 2026: बिहार (BIHAR) में आज 22 मई को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…

महिला रोजगार योजना की दूसरी किश्त इसी महीने जारी होगी

पटना। ​बिहार में महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने हाल ही में घोषणा की है कि राज्य की ‘जीविका दीदियों’ के लिए शुरू की गई विशेष रोजगार योजना की दूसरी किश्त इसी महीने जारी कर दी जाएगी। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार इस तरह की अनूठी पहल करने वाला देश का पहला राज्य बन गया है। ​मंत्री श्रवण कुमार ने बताया कि सरकार महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। अब तक लगभग 18 लाख जीविका दीदियों ने इस योजना के लिए आवेदन किए हैं। इन आवेदनों की गहन समीक्षा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। जिन महिलाओं को अभी तक पहली किश्त नहीं मिली है, उनके खातों में भी जल्द ही 10 हजार रुपए की शुरुआती सहायता राशि भेज दी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि महिलाओं को किसी भी प्रकार का भ्रम नहीं रखना चाहिए, सरकार उन्हें उनके पैरों पर खड़ा करने के लिए हर संभव सहयोग दे रही है।

बिहार में 10 IAS अधिकारियों का ट्रांसफर

पटना। बिहार सरकार ने प्रशासनिक तंत्र को दुरुस्त करने के उद्देश्य से शुक्रवार को बड़े पैमाने पर फेरबदल करते हुए 10 भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारियों के तबादले किए हैं। इस प्रशासनिक सर्जरी में गृह विभाग, राज्यपाल सचिवालय और मंत्रिमंडल सचिवालय जैसे महत्वपूर्ण महकमों में बदलाव किए गए हैं।

एनकाउंटर- हत्या के आरोपी को दौड़ाकर गोली मारी

पटना। बिहार के जहानाबाद जिले में कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस का सख्त रुख देखने को मिल रहा है। गुरुवार देर रात घोसी थाना क्षेत्र के धुरियारी गांव के पास पुलिस और एक कुख्यात अपराधी के बीच हुई मुठभेड़ में मुख्य आरोपी को पैर में गोली लगी है। घायल अपराधी की पहचान बिक्कू सिंह उर्फ रावण के रूप में हुई है, जिसे पुलिस ने इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया है। ​एसपी अराजित लोहान ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि 18 मई को चातर गांव में दीपक कुमार शर्मा की हत्या के मामले में बिक्कू सिंह मुख्य आरोपी था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर पूछताछ की थी, जिसमें उसने घोसी थाना क्षेत्र की नहर के किनारे हथियार छिपाने की बात स्वीकार की।

CM आवास के पास मिली शराब की खाली 10 बोतलें

​पटना। बिहार में पूर्ण शराबबंदी को लेकर सरकार के तमाम दावों के बीच, राजधानी पटना से एक बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आई है। राज्य के मुख्यमंत्री आवास के अति सुरक्षित जोन के पास शराब की 10 खाली बोतलें बरामद की गई हैं। यह इलाका राज्य का सबसे हाई-प्रोफाइल और संवेदनशील क्षेत्र माना जाता है, जहां सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहते हैं। ​स्थानीय लोगों की सूचना पर जब सचिवालय थाना की पुलिस मौके पर पहुंची, तो वहां का नजारा हैरान करने वाला था। वहां शराब की 10 खाली बोतलें मिलीं। इनमें से एक बोतल सड़क पर खुली अवस्था में पड़ी थी, जबकि बाकी 9 बोतलों को अखबार में लपेटकर एक कपड़े के थैले में छिपाकर रखा गया था। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि ये सभी बोतलें महंगी ब्रांड की हैं, जिनकी बाजार में कीमत 4 हजार से 5 हजार रुपये प्रति बोतल के बीच है।
​मामले की गंभीरता को देखते हुए सचिवालय थाना प्रभारी गौतम कुमार ने अपनी टीम के साथ पहुंचकर सभी बोतलों को अपने कब्जे में ले लिया। थाना प्रभारी ने कहा कि फिलहाल मामले की जांच की जा रही है कि ये बोतलें यहां तक कैसे पहुंचीं और इसके पीछे किसका हाथ है।

कैमूर में बोरे में बंद मिला अधजला शव

कैमूर। जिले में अपराध का ग्राफ लगातार चिंताजनक होता जा रहा है। मोहनिया थाना क्षेत्र के तुलसीपुर डेरा स्थित काली माता मंदिर के पास एक अधजले शव के मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। शव को बोरे में भरकर सुनसान जगह पर फेंका गया था, जिससे यह स्पष्ट है कि हत्यारे साक्ष्य मिटाने की फिराक में थे। ​स्थानीय लोगों द्वारा मंदिर के पूरब के सुनसान इलाके में बोरे से बदबू आने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर फॉरेंसिक जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में मृतक की उम्र लगभग 55 वर्ष आंकी जा रही है। शव की स्थिति अत्यंत भयावह है; चेहरा बुरी तरह से जला हुआ है, जिससे प्रथम दृष्टया यह प्रतीत होता है कि हत्यारों ने पहचान छिपाने के लिए किसी ज्वलनशील केमिकल या तरल पदार्थ का इस्तेमाल किया है। फिलहाल, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, ताकि मौत के सही कारणों और समय का पता चल सके।

सदर सीओ एवं सीएस कार्यालय का लिपिक रिश्वत लेते गिरफ्तार

सासाराम। रोहतास जिले में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की पटना से आई दो टीमों ने शुक्रवार को भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। निगरानी की दो अलग-अलग टीमों ने जिले में एक के बाद एक छापेमारी कर दो बड़े अधिकारियों को रिश्वत लेते रंगे हाथों दबोच लिया। निगरानी विभाग के इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से रोहतास के पूरे प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मचा हुआ है और लोग सरकार की इस कार्रवाई की सराहना कर रहे हैं। निगरानी टीम की पहली कार्रवाई सासाराम के सदर अस्पताल स्थित सिविल सर्जन कार्यालय में हुई। यहां पदस्थापित लिपिक सतीश कुमार को निगरानी की टीम ने बीस हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। निगरानी डीएसपी विकास कुमार श्रीवास्तव के अनुसार आरोपी लिपिक सतीश कुमार संझौली प्रखंड के पीएचसी में पदस्थापित प्रखंड लेखा प्रबंधक सुनीता कुमारी से मनचाही पोस्टिंग के बदले रिश्वत की मांग कर रहा थे, जिसे निगरानी की टीम ने जाल बिछाकर रंगे हाथ दबोच लिया।

नदी पर बना पुल 10 साल में ही धंसा

नालंदा। जिले में निर्माण कार्य में गुणवत्ता से खिलवाड़ का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। बिहारशरीफ-कतरीसराय मुख्य मार्ग पर स्थित सकरी नदी पर बना पुल महज 10 वर्षों के भीतर ही जर्जर होकर धंस गया है। इस घटना ने न केवल निर्माण विभाग की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, बल्कि हजारों लोगों की आवाजाही को भी ठप कर दिया है।

केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी को धमकी देने वाला गिरफ्तार

गया। केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी को सोशल मीडिया के माध्यम से जान से मारने की धमकी देने और आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले युवक को गया पुलिस ने पटना से गिरफ्तार कर लिया है। साइबर पुलिस की विशेष टीम ने गुरुवार देर रात एक गुप्त सूचना के आधार पर पटना के मारूफगंज इलाके में छापेमारी कर आरोपी को धर दबोचा। ​पकड़े गए आरोपी की पहचान राजेंद्र राव उर्फ सरदार के रूप में हुई है, जो मूल रूप से नालंदा जिले के लहेरियासराय थाना क्षेत्र का रहने वाला है। गया के एसएसपी सुशील कुमार ने इस गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद कड़ी सुरक्षा के बीच गया लाया गया है। वर्तमान में एसएसपी कार्यालय में सिटी एसपी कोटा किरण कुमार और साइबर डीएसपी की मौजूदगी में आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है।

महंगाई पर खुलकर बोले सुपरस्टार खेसारी लाल यादव

पटना। भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार खेसारी लाल यादव ने हाल ही में राजनीति और देश की मौजूदा आर्थिक स्थिति पर खुलकर अपनी बात रखी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे एक कलाकार हैं और उनका प्राथमिक दायित्व अपने संगीत और कला के प्रति है, न कि राजनीति में उलझना। ​खेसारी ने अपराध और राजनीति से जुड़े सवालों पर तल्ख टिप्पणी करते हुए कहा कि, “अपराधी की कोई जाति नहीं होती, वह अपराधी होता है।” उन्होंने राजनीति से दूरी बनाते हुए कहा कि ये सरकार के विषय हैं और वे इन मुद्दों पर अपनी राय देकर किसी विवाद में नहीं पड़ना चाहते। उनके लिए वही व्यक्ति महत्वपूर्ण है जिससे उनका लगाव है और जो उनके करीब है।

10 पुलिसकर्मी सस्पेंड

मोतिहारी। पूर्वी चंपारण जिले में भ्रष्टाचार और अनुशासनहीनता के खिलाफ पुलिस कप्तान स्वर्ण प्रभात ने एक बेहद सख्त कदम उठाया है। एसपी ने कोर्ट परिसर में तैनात 10 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित (सस्पेंड) कर दिया है। इन पुलिसकर्मियों पर आरोप है कि वे कोर्ट में पेशी के लिए लाए गए कैदियों से रिश्वत लेकर उनकी मुलाकात बाहरी लोगों से कराते थे। ​पिछले कुछ समय से एसपी स्वर्ण प्रभात को लगातार यह गोपनीय सूचना मिल रही थी कि उपकारा और मंडल कारा से कोर्ट परिसर में लाए जाने वाले कैदियों को सुरक्षा के नाम पर तैनात जवान ही नियमों के विरुद्ध विशेष लाभ पहुंचा रहे हैं। जांच में यह बात सामने आई कि कुछ पुलिसकर्मी पैसे के लालच में गंभीर अपराधियों और कैदियों को उनके परिजनों, खास लोगों और यहां तक कि अज्ञात महिलाओं से एकांत में मुलाकात करवाते थे। यह न केवल जेल मैनुअल का उल्लंघन था, बल्कि एक बड़ी सुरक्षा चूक भी थी।