Bihar Top News Today 24 august 2026: बिहार (BIHAR) में आज 24 अगस्त को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…
सावन की अंतिम सोमवारी पर प्रसिद्ध सिद्धनाथ धाम में उमड़ा भीड़
नालंदा। सावन के पवित्र महीने की अंतिम सोमवारी पर पूरा आज नालंदा जिला पूरी तरह से शिवमय नजर आया। ऐतिहासिक और आध्यात्मिक नगरी राजगीर के शिवालयों से लेकर ग्रामीण इलाकों के मंदिरों तक सुबह से ही हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारे गूंजते रहे। अंतिम सोमवारी के विशेष महत्व को देखते हुए राजगीर के प्रसिद्ध बाबा सोमनाथ सिद्धनाथ महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।
साइबर फ्रॉड मामले में गुजरात से आई NIA टीम की छापेमारी
गोपालगंज। गुजरात के अहमदाबाद से आई राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की टीम ने सोमवार को गोपालगंज जिले में साइबर फ्रॉड से जुड़े एक संदिग्ध मामले की जांच के सिलसिले में छापेमारी की। नगर थाना क्षेत्र के थावे रोड स्थित तुरकाहां गांव में हुई इस कार्रवाई से पूरे इलाके में दिनभर हड़कंप मचा रहा। एनआईए की टीम ने नजमुल होदा उर्फ लाल बाबू के आवास पर सुबह 6 बजे से दोपहर 1 बजे तक यानी लगभग सात घंटे तक सघन तलाशी अभियान चलाया।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया
पटना। बिहार में लगातार बढ़ रहे जलस्तर और गंभीर होती बाढ़ की स्थिति को देखते हुए, राज्य के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज विभिन्न बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जमीनी स्तर पर निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जमीनी हकीकत का जायजा लेते हुए प्रभावित इलाकों में उत्पन्न हुई समस्याओं को करीब से देखा और स्थानीय नागरिकों से बातचीत की।
BPSC परीक्षा नियंत्रक के विवादित बयान पर CM ने दिए कार्रवाई के निर्देश!
पटना। बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) के परीक्षा नियंत्रक राजेश कुमार सिंह का एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दिया गया बयान राज्य में भारी राजनीतिक और प्रशासनिक विवाद का केंद्र बन गया है। गर्दनीबाग में प्रदर्शन कर रहे छात्रों के सवालों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने एक विवादित लोकोक्ति का इस्तेमाल किया, जिसके बाद छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा।
मुख्यमंत्री का निर्देश: मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस पूरे विवाद के बीच मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने परीक्षा नियंत्रक राजेश कुमार सिंह पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
गर्दनीबाग में पीडीएस डीलरों के समर्थन में उतरे तेजस्वी
पटना। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव आज पटना के गर्दनीबाग धरना स्थल पर पहुंचे। वहां उन्होंने धरने पर बैठे जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) डीलरों से मुलाकात की और उनकी मांगों का पुरजोर समर्थन किया। तेजस्वी यादव ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पीडीएस डीलरों की मांगें पूरी तरह से जायज हैं और उनकी पार्टी इस संघर्ष में उनके साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। उन्होंने यह भी मांग की कि इन डीलरों को निश्चित रूप से मानदेय मिलना चाहिए ताकि वे अपने परिवार का जीवन-यापन सुचारू रूप से चला सकें।
घूस मांगने वाला अपर थानाध्यक्ष निलंबित
गोपालगंज। जिले में पुलिस प्रशासन की पारदर्शिता और जवाबदेही को सुनिश्चित करने के लिए पुलिस अधीक्षक (SP) विनय तिवारी की जीरो टॉलरेंस नीति का असर लगातार देखने को मिल रहा है। इसी क्रम में, पासपोर्ट सत्यापन के नाम पर अवैध रूप से तीन हजार रुपये की रिश्वत मांगने और आवेदक का आवेदन गलत तरीके से खारिज करने का मामला सामने आने पर एसपी ने भोरे थाना के अपर थानाध्यक्ष संदीप कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
TRE 4 की मांगों को लेकर छात्रों का प्रदर्शन
पटना। बिहार में शिक्षक नियुक्ति परीक्षा (TRE 4) से जुड़ी विभिन्न मांगों को लेकर छात्र संगठनों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी कड़ी में आज विभिन्न छात्र संगठनों और छात्र युवा संघर्ष मोर्चा के बैनर तले छात्रों ने जोरदार प्रदर्शन किया। हालात तब और गंभीर हो गए जब छात्रों ने अपनी मांगों के समर्थन में एक दिवसीय भूख हड़ताल शुरू कर दी।
नवजात शिशु की खरीद-बिक्री पर 5 गिरफ्तार
मोतिहारी। बिहार के मोतिहारी जिले में पुलिस ने नवजात शिशु की कथित खरीद-बिक्री के अवैध कारोबार का पर्दाफाश करते हुए एक बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए नवजात के माता-पिता, एक आशा कार्यकर्ता, बिचौलिया और बच्चे को खरीदने वाली महिला समेत कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने न केवल मासूम बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया है, बल्कि सौदे में इस्तेमाल किए गए डेढ़ लाख (1.50 लाख) रुपये नकद भी जब्त किए हैं।
एअर इंडिया की फ्लाइट से टकराया पक्षी
पटना। सोमवार की सुबह पटना एयरपोर्ट पर एक बड़ा विमान हादसा टलते-टलते बचा। दिल्ली से 164 यात्रियों को लेकर आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट (AI 1741) के साथ बर्ड हिट (पक्षी के टकराने) की गंभीर घटना सामने आई है। गनीमत यह रही कि पायलट की सूझबूझ और सुरक्षा मानकों के समय पर पालन से विमान सुरक्षित लैंड कर गया और किसी भी प्रकार का बड़ा नुकसान नहीं हुआ।
गंगा नदी का बांध टूटा, गांव में घुसा बाढ़ का पानी
भागलपुर। जिले के नवगछिया उप-मंडल के खरीक प्रखंड स्थित राघोपुर गांव में कल रविवार की देर रात 2:30 बजे गंगा नदी का बांध टूट गया। बांध के टूटने से बाढ़ का पानी तेजी से पूरे गांव में फैल गया। बाढ़ की चपेट में बिहार सरकार के ऊर्जा मंत्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल का आवास भी चपेट में आ गया है। बांध के टूटने और गांव में बाढ़ का पानी घुसने से घर और आस-पास के इलाकों में पानी भर गया, जिससे लोगों में अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। गांव में बाढ़ का पानी घुसने की सूचना मिलते ही मौके पर मंत्री बुलो मंडल भी पहुंचे और कटाव का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को तत्काल राहत एंव सुरक्षा प्रदान कराने का निर्देश दिया।


