Bihar Top News Today 25 july 2026: बिहार (BIHAR) में आज 25 जुलाई को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…

भोजपुर में रेलवे ट्रैक पर उतरे छात्र, पवन सिंह के फाड़े गए पोस्टर

आरा। NEET परीक्षा में कथित पेपर लीक और गड़बड़ियों के खिलाफ आयोजित बिहार बंद का असर भोजपुर जिले में व्यापक रूप से देखने को मिला। निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर आरा और जगदीशपुर समेत कई इलाकों में छात्र एवं वामपंथी संगठनों ने उग्र प्रदर्शन किया। इस दौरान सड़कों पर आगजनी, जाम और रेलवे ट्रैक पर उतरकर हंगामा किया गया।
​प्रदर्शन के दौरान शहर में लगे भाजपा नेता और पावर स्टार पवन सिंह के पोस्टर फाड़ दिए गए। छात्रों ने हाथों में चप्पल लेकर अनोखे तरीके से शिक्षा व्यवस्था के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शनकारियों ने ‘जब-जब मोदी डरता है, पुलिस को आगे करता है’ और ‘शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दें’ जैसे नारे लगाए।

सीतामढ़ी में हिंसक प्रदर्शन, एसपी अमित रंजन घायल

सीतामढ़ी। शहर में शनिवार को प्रदर्शन हिंसक हो गया। प्रदर्शन के दौरान उग्र भीड़ ने पुलिस बल पर पथराव शुरू कर दिया, जिसमें सीतामढ़ी के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अमित रंजन घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और पुलिस प्रशासन ने हालात को नियंत्रित करने के लिए तत्काल अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया।
जानकारी के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान कुछ उपद्रवियों ने अचानक पुलिस को निशाना बनाते हुए पत्थरबाजी शुरू कर दी। इसी दौरान एसपी अमित रंजन पथराव की चपेट में आ गए और घायल हो गए। उन्हें तत्काल पुलिसकर्मियों ने सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया, जहां उनका प्राथमिक उपचार कराया गया।

पटना हिंसा मामले में माले विधायक संदीप सौरभ गिरफ्तार

पटना। पटना में बीते 22 जुलाई को छात्र प्रदर्शन के दौरान हुए बवाल मामले में पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है। पुलिस ने पालीगंज से भाकपा माले विधायक संदीप सौरभ को गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ आइसा के प्रदेश अध्यक्ष धनंजय को भी गिरफ्तार किया गया है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक पुलिस ने सबसे पहले संदीप सौरभ को उनके आवास से उन्हें हिरासत में लिया। बाद में उन्हें कोर्ट में पेश किया गया, जहां न्यायालय ने उन्हें 14 दिनों के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया। माले विधायक को बेउर जेल में रखा गया है।

तेज प्रताप यादव का PM मोदी पर विवादित बयान

पटना। जनशक्ति जनता दल के अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने छात्रों के प्रदर्शन को अपना समर्थन देते हुए बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि, देश की जनता अब इस सरकार से उब चुकी है। परेशान हो चुकी है। प्रदर्शन कर रहे सभी लोगों की मांग कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान अपना इस्तीफा दे। लेकिन वे अपने पद से इस्तीफा नहीं दे रहे हैं। वे कुर्सी से चिपके हुए हैं। इस दौरान तेज प्रताप यादव ने पीएम मोदी पर भी एक विवादित बयान दिया। उन्होंने कहा कि, जब छात्र धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा मांगा जा रहा है, तो पीएम मोदी उनका इस्तीफा क्यों नहीं ले रहे हैं। यह गलत है। उन्होंने कहा कि, पीएम मोदी मेलोनी के चक्कर में देश को बर्बाद कर रहे हैं, जब वो देश विदेश जा रहे हैं, तो वहीं के धर्म को क्यों नहीं अपना ले रहे हैं? वे वहीं पर रहें, उन्हें कोई रोकने नहीं जा रहा है। लेकिन हम लोग देश को बर्बाद नहीं होने देंगे।

झंडू कुमार ने कॉमनवेल्थ गेम्स में जीता ब्रॉन्ज मेडल

नालंदा। जिले की धरती से एक ऐसी खबर आई है, जिसने पूरे बिहार ही नहीं बल्कि पूरे देश का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है। अंतरराष्ट्रीय पैरा पावरलिफ्टर झंडू कुमार ने ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीतकर भारत का नाम विश्व मंच पर रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि पर पूरे इलाके में खुशी की लहर है। अंतरराष्ट्रीय पैरा पावरलिफ्टर झंडू कुमार ने ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों (कॉमनवेल्थ गेम्स) की मेन्स हेवीवेट पैरा पावरलिफ्टिंग स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत के लिए कांस्य पदक जीत लिया। इस ऐतिहासिक उपलब्धि के साथ उन्होंने न केवल देश बल्कि बिहार और नालंदा जिले का नाम पूरी दुनिया में रोशन कर दिया।

महाराष्ट्र TET पेपर लीक का मास्टरमाइंड बिहार से गिरफ्तार

Bihar News: महाराष्ट्र टेट परीक्षा पेपर लीक मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने महाराष्ट्र TET परीक्षा पेपर लीक मामले में कथित मास्टरमाइंड बिजेंद्र कुमार गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है। बता दें कि महाराष्ट्र की भिवंडी पुलिस ने आरोपी बिजेंद्र गुप्ता को बिहार से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस की टीम आरोपी बिजेंद्र गुप्ता को अपने साथ लेकर भिवंडी के लिए रवाना हो गई।

बांकीपुर उपचुनाव: नितिन नवीन ने संभाली कमान, PK का जनसंपर्क तेज

पटना। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर पटना की राजनीतिक फिजा पूरी तरह गरमा चुकी है। सत्ताधारी एनडीए और विपक्षी जन सुराज ने मतदाताओं को अपने पाले में लाने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा दिया है। एक तरफ जहां भाजपा के दिग्गज नेता चुनावी रणनीति को धार दे रहे हैं, वहीं जन सुराज के उम्मीदवार सीधे जनता के बीच पहुंचकर नया विकल्प तलाश रहे हैं। ​भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पटना पहुंचकर चुनावी कमान अपने हाथों में ले ली है। पटना एयरपोर्ट पर उनका भव्य स्वागत हुआ, जिसके बाद उन्होंने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ उच्चस्तरीय बैठक की। इस बैठक में बूथ प्रबंधन, मतदाता संपर्क अभियान और चुनाव प्रचार की गति की गहन समीक्षा की गई। पार्टी एनडीए सरकार के विकास कार्यों और उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाने के लिए पूरी तरह आक्रामक रुख अपना रही है।

एनडीए सरकार ने जारी किया सौ दिनों का रिपोर्ट कार्ड

पटना। ​बिहार की एनडीए सरकार ने अपने कार्यकाल के 100 दिन सफलतापूर्वक पूरे कर लिए हैं। इस अवसर पर पटना के बीआईटी मेसरा कैंपस में आयोजित राज्यस्तरीय विकास उत्सव कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 11,464 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया।
‘सेवा, संकल्प और समर्पण’ के नारे के साथ सरकार ने अपनी उपलब्धियों का विस्तृत रिपोर्ट कार्ड और एक विशेष बुकलेट जारी की है। इसके साथ ही उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए डिजिटल और प्रिंट प्रचार रथों को भी रवाना किया गया है।

सीवान में फायरिंग, छपरा पुलिस की गाड़ी जलाई

सीवान। NEET पेपर लीक मामले, केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग और छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में बुलाए गए बिहार बंद के दौरान प्रदेश भर में भारी हिंसा और उपद्रव देखने को मिला है। राज्य के करीब 9 जिलों में जबरदस्त पत्थरबाजी, आगजनी और लाठीचार्ज की घटनाएं सामने आई हैं, जिससे कई इलाकों में तनाव का माहौल बन गया है। इस हिंसक प्रदर्शन की सबसे गंभीर घटना सीवान में सामने आई, जहां पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हुई तीखी झड़प के दौरान 10 राउंड से अधिक गोलियां चलीं। इस गोलीबारी में तीन छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनमें दो को गले में और एक को जांघ में गोली लगी है। हालात की गंभीरता को देखते हुए एक घायल छात्र को तुरंत बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया है। इस दौरान हिंसक भीड़ की पत्थरबाजी में सीवान के एसपी पूरन झा के हाथ में भी चोट आई है।
​दूसरी ओर, छपरा जिले में सुबह से ही प्रदर्शनकारियों का गुस्सा सातवें आसमान पर देखा गया। उग्र छात्रों की भीड़ ने समाहरणालय परिसर में घुसकर जमकर हंगामा किया, सरकारी संपत्ति और ऑफिस के पोस्टर फाड़े तथा पुलिस की बैरिकेडिंग उखाड़कर ले गए। आक्रोशित भीड़ ने एक पुलिस वैन को भी आग के हवाले कर दिया। स्थिति इतनी बेकाबू हो गई कि हालात पर नियंत्रण पाने के लिए आईटीबीपी (ITBP) के जवानों को सड़क पर उतारना पड़ा।

नदी में नहाने गए तीन किशोरों की डूबकर मौत

मुजफ्फरपुर। जिले में शनिवार दोपहर साहेबगंज नगर परिषद क्षेत्र के बैद्यनाथपुर शिवालय मंदिर के सामने बहने वाली बया नदी में नहाने गए तीन किशोरों की गहरे पानी में जाने से डूबकर मौत हो गई। इस दुखद हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
​मृतकों की पहचान वार्ड संख्या-8 के रहने वाले अमृत कुमार (14 वर्ष, पिता गुड्डू साह), साहिल उर्फ झुन्नू (12 वर्ष, पिता मनोज साह) और मोहम्मद रेहान (13 वर्ष, पिता मोहम्मद ऐनुल) के रूप में हुई है। वहीं, उनके साथ नदी में उतरा चौथा किशोर गुड्डू (13 वर्ष, पिता मोहम्मद मुन्ना) किसी तरह तैरकर अपनी जान बचाने में कामयाब रहा।