Bihar Top News Today 26 july 2026: बिहार (BIHAR) में आज 26 जुलाई को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…
30 जुलाई को बिहार बंद
पटना। दिल्ली के जंतर-मंतर से उठी धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग अब पूरे देश में एक बड़ी राजनीतिक और छात्र क्रांति का रूप ले चुकी है। छात्रों के लगातार सड़क पर उतरने और बढ़ते दबाव के बाद आखिरकार सरकार को झुकना पड़ा और धर्मेंद्र प्रधान को अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा। इस बड़ी जीत के बाद, अब ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) और रिवोल्यूशनरी यूथ एसोसिएशन (RYA) ने एक बार फिर आक्रामक रुख अपनाते हुए 30 जुलाई को पूरे बिहार बंद और 31 जुलाई को पटना बंद का ऐलान कर दिया है।
हीरा आभूषण भंडार में लाखों की चोरी
सासाराम। रोहतास जिले के बिक्रमगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत बिक्रमगंज बाजार में दिनदहाड़े अपराधियों ने एक बड़ी लूट की घटना को अंजाम दिया है। आरा जाने वाली मुख्य सड़क पर स्थित प्रतिष्ठित ‘हीरा आभूषण भंडार’ में घुसे पांच अपराधियों ने गनपॉइंट पर लगभग 30 से 35 लाख रुपए मूल्य के आभूषणों की लूटपाट की। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद पूरे बाजार क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया है।
शिक्षा मंत्री के इस्तीफे के बाद देश भर में CJP का कैंडल मार्च
पटना। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के शनिवार को दिए गए इस्तीफे के बाद देश भर में राजनीतिक हलचल और विरोध-प्रदर्शनों का दौर लगातार जारी है। इस हाई-प्रोफाइल इस्तीफे को छात्र संगठनों ने अपने कड़े संघर्ष और आंदोलन की ऐतिहासिक जीत के रूप में देखा है। इसी कड़ी में आज देशभर में विभिन्न राजनीतिक और छात्र संगठनों द्वारा प्रदर्शन, विजय जुलूस और श्रद्धांजलि कार्यक्रमों का एलान किया गया है, जिससे सियासत पूरी तरह से गर्म नजर आ रही है।
छात्र आंदोलनों के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई और दमन के विरोध के साथ-साथ अपनी अन्य लंबित मांगों को मनवाने के लिए कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने आज देशभर में एक शांतिपूर्ण कैंडल मार्च निकालने का बड़ा आह्वान किया है। CJP की ओर से देश के सभी जिलों में स्थित कलेक्टर कार्यालय (कलेक्ट्रेट) के बाहर इस विरोध प्रदर्शन और कार्यक्रम को आयोजित करने की अपील की गई है। इस कैंडल मार्च के जरिए सरकार पर दबाव बनाने की पूरी तैयारी है ताकि छात्रों की बाकी बची मांगों को जल्द से जल्द पूरा किया जा सके। बिहार के भी विभिन्न जिलों में इस कैंडल मार्च के भव्य आयोजन की पूरी तैयारी कर ली गई है, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और युवाओं के जुटने की उम्मीद है।
बांकीपुर उपचुनाव: दिग्गजों ने प्रचार में झोंकी पूरी ताकत
पटना। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव का चुनावी मुकाबला अब अपने अंतिम और सबसे निर्णायक दौर में पहुंच चुका है। मतदान की तारीख नजदीक आते ही सभी प्रमुख राजनीतिक दलों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। इस हाई-प्रोफाइल सीट पर जीत हासिल करने के लिए भाजपा, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और जन सुराज ने अपनी रणनीतियों को तेज कर दिया है। क्षेत्र में लगातार जनसंपर्क, पदयात्रा और रोड शो का दौर जारी है, जिससे सियासी सरगर्मी अपने चरम पर है।
नीरज सिन्हा के समर्थन में उतरे मुकेश निषाद
पटना। शहर के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर सूबे की सियासत का पारा लगातार चढ़ता जा रहा है। एक तरफ जहां सभी प्रमुख दल मैदान में अपनी जीत सुनिश्चित करने के लिए पसीना बहा रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अपनी रणनीति के तहत हर उस सियासी समीकरण को साधने में जुटी है, जिसकी जरूरत चुनावी समर में महसूस की जा रही है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि रणनीतिकार प्रशांत किशोर के मैदान में उतरने के बाद से उपजे राजनीतिक माहौल के मद्देनजर भाजपा किसी भी मोर्चे पर ढिलाई बरतने के मूड में नहीं है। इसी कड़ी में अब क्षेत्रीय और छोटे दलों का समर्थन हासिल करने का सिलसिला भी तेज हो गया है।
मन की बात में सीतामढ़ी की सराहना
सीतामढ़ी। जिले के लिए एक खास रविवार का दिन बेहद ऐतिहासिक और गौरवशाली साबित हुआ। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम मन की बात के दौरान सीतामढ़ी में चल रहे सिंगल यूज़ प्लास्टिक रीसाइक्लिंग अभियान का विशेष रूप से उल्लेख किया। प्रधानमंत्री ने खुले मंच से इस पहल की भरपूर सराहना करते हुए इसे वेस्ट टू वेल्थ यानी कचरे से कंचन और उपयोगी संसाधन तैयार करने का एक बेहतरीन उदाहरण बताया। राष्ट्रीय स्तर पर इस प्रकार की सराहना मिलना पूरे जिले के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।
तेजस्वी ने दी बड़े आंदोलन की चेतावनी
पटना। विदेश यात्रा से करीब 24 दिनों के लंबे अंतराल के बाद बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पटना एयरपोर्ट पहुंचे। एयरपोर्ट पर उतरते ही उन्होंने मौजूदा सरकार और मुख्यमंत्री के खिलाफ आक्रामक तेवर दिखाए। तेजस्वी यादव ने राज्य सरकार पर तानाशाही रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए छात्रों के समर्थन में बड़ा अल्टीमेटम दिया है। पटना एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत के दौरान तेजस्वी यादव ने तीखी टिप्पणी करते हुए कहा कि जिनके ऊपर हत्या जैसे गंभीर मामलों के मुकदमे रहे हों, वे आज पुलिस के बल पर छात्रों और विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने वाले युवाओं के साथ अपराधियों जैसा व्यवहार किया जा रहा है, जिसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
राजद नेता ने पार्टी से इस्तीफा देने की घोषणा
पटना। बिहार के राजनीतिक गलियारों से इस वक्त एक बड़ी खबर सामने आ रही है। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) को एक के बाद एक कई झटके लग रहे हैं। इसी कड़ी में अब पार्टी के वरिष्ठ नेता, पूर्व मंत्री और सीतामढ़ी के पूर्व सांसद अर्जुन राय ने RJD से अपने इस्तीफे का ऐलान कर दिया है। रविवार को मुजफ्फरपुर शहर के चांदनी चौक स्थित अपने निजी आवास पर एक विशेष प्रेसवार्ता के दौरान उन्होंने अपनी पार्टी छोड़ने के इस बड़े फैसले की आधिकारिक घोषणा की। प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए अर्जुन राय ने स्पष्ट किया कि वह सिर्फ RJD से अलग ही नहीं हो रहे हैं, बल्कि आगामी सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सदस्यता ग्रहण करेंगे। उन्होंने अपनी इस राजनीतिक पारी के बदलाव के पीछे की वजह बताते हुए कहा कि वह देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के यशस्वी नेतृत्व और बिहार में पार्टी के प्रदेश संगठन के कामकाज से बेहद प्रभावित हैं। उनका मानना है कि वर्तमान में देश और प्रदेश का सही दिशा में विकास केवल एनडीए (NDA) के साथ ही संभव है।
फायरब्रांड नेता को जान से मारने की धमकी
पटना। अपने बेबाक बयानों और तीखे तेवरों के लिए हमेशा सुर्खियों में रहने वाले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के तेजतर्रार नेता और बिहार के पूर्व विधायक हरिभूषण ठाकुर बचौल एक बार फिर जान से मारने की धमकी मिली हैं। जिसके बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पूर्व विधायक ने पटना के पाटिलपुत्र थाने में एफआईआर दर्ज कराने के लिए आवेदन दे दिया है, और पुलिस ने इस मामले की गहन छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस को दिए गए लिखित आवेदन में हरिभूषण ठाकुर बचौल ने पूरी घटना का विवरण साझा किया है। हरिभूषण ठाकुर बचौल ने लिखित शिकायत की है कि 25 जुलाई की रात की है जब वे पटना स्थित अपने आवास ग्रीन हेरिटेज, सिद्धेश्वरनगर के सी ब्लॉक स्थित फ्लैट संख्या 206 में मौजूद थे। रात को लगभग 8 बजकर 46 मिनट पर उनके मोबाइल फोन पर लगातार कॉल्स आने लगे। हैरानी की बात यह है कि धमकी देने वाले ने उनके दोनों चालू नंबरों पर एक साथ संपर्क साधने की कोशिश की। जैसे ही उन्होंने फोन कॉल रिसीव किया, दूसरी तरफ से अशुद्ध भाषा और गालियों का इस्तेमाल करते हुए उन्हें सीधे तौर पर जान से मारने की धमकी दी गई।
TET पेपर लीक मामले में सरगना बिजेंद्र और सहयोगी इंद्रजीत गिरफ्तार
पटना। बिहार में सक्रिय अंतरराज्यीय परीक्षा माफिया सिंडिकेट पर महाराष्ट्र पुलिस ने बहुत बड़ा शिकंजा कसा है। एक बड़ी और गोपनीय छापेमारी के दौरान महाराष्ट्र पुलिस ने बिहार के समस्तीपुर जिले से महाराष्ट्र टीईटी (शिक्षक पात्रता परीक्षा) पेपर लीक मामले के मुख्य मास्टरमाइंड बिजेंद्र गुप्ता और उसके खास सहयोगी इंद्रजीत विजय सिंह को दबोच लिया है।
यह पूरी कार्रवाई महाराष्ट्र पुलिस के लिए एक बड़ी सफलता मानी जा रही है, लेकिन साथ ही यह बिहार की स्थानीय पुलिस और जांच एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करती है। जिस शातिर अपराधी बिजेंद्र को पकड़ने में पटना पुलिस पिछले 4 साल से पूरी तरह नाकामयाब रही थी और जिसे बिहार की आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) पिछले 2 साल से सरगर्मी से तलाश रही थी, उसे आखिरकार महाराष्ट्र पुलिस ने उसके पैतृक गांव से धर दबोचा। कानूनी प्रक्रिया और ट्रांजिट रिमांड की औपचारिकताएं पूरी करने के बाद, शनिवार को पुलिस दोनों आरोपियों को हवाई जहाज (फ्लाइट) से लेकर महाराष्ट्र के लिए रवाना हो गई।


