Bihar Top News Today 26 may 2026: बिहार (BIHAR) में आज 26 मई को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…
भाजपा में शामिल हुईं रितु जायसवाल
पटना। ‘मुखिया दीदी’ के नाम से प्रसिद्ध राजद की पूर्व महिला नेता रितु जायसवाल आज मंगलवार (26 मई) को बीजेपी में शामिल हो गई हैं। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। रितु जायसवाल के साथ कई अन्य नेताओं ने भी भाजपा का दामन थामा। इस दौरान प्रदेश कार्यालय में मंत्री दिलीप जायसवाल समेत अन्य लोग मौजूद रहे। रितु जायसवाल का बीजेपी में जाना राजद के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है।
EX बॉयफ्रेंड का जानलेवा हमला
समस्तीपुर। जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित धुरलख चौक के पास सोमवार देर शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। स्नातकोत्तर (PG) की परीक्षा देकर घर लौट रही एक छात्रा पर उसके पूर्व प्रेमी (एक्स बॉयफ्रेंड) ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई है जिसे इलाज के लिए आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
13 लाख की धोखाधड़ी का खुलासा, एक गिरफ्तार
कैमूर: साइबर अपराधी अब भोले-भाले युवाओं को अपना शिकार बनाने के लिए बेहद शातिर तरीके अपना रहे हैं। नौकरी दिलाने के नाम पर युवाओं के नाम पर बैंक खाते खुलवाकर उन्हें मनी म्यूल बनाने का एक बड़ा मामला कैमूर जिले से सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने सत्येंद्र तिवारी नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है जो युवाओं को नौकरी का प्रलोभन देकर उनके दस्तावेजों का दुरुपयोग कर रहा था।
50 फीट ऊंचे सुनामी झूले से गिरकर युवक की मौत
नालंदा। राजगीर मलमास मेले में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है जहां सुनामी झूला झूल रहे एक 25 वर्षीय युवक की गिरकर मौत हो गई। मृतक की पहचान नवादा जिले के बिक्कू गांव निवासी अमन कुमार के रूप में हुई है। इस घटना के बाद पूरे मेले में हड़कंप मच गया है और प्रशासन ने एहतियातन सभी बड़े झूलों के संचालन पर रोक लगा दी है। अमन अपने परिवार के साथ मेला घूमने आया था। चश्मदीद और मृतक के चचेरे भाई प्रिंस ने बताया कि वे दोनों साथ में झूला झूल रहे थे। जैसे ही झूला तेजी से घुमा अमन संतुलन बिगड़ने के कारण नीचे गिर पड़ा। गिरने से पहले वह झूले के पोल से टकराया और फिर सीधे सिर के बल जमीन पर जा गिरा। गंभीर रूप से घायल अमन को पहले स्थानीय अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया जहां से उसे पावापुरी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
मृत डॉक्टर के नाम पर 2 साल से चल रहा था अल्ट्रासाउंड सेंटर
मोतिहारी। जिले में अवैध रूप से संचालित अल्ट्रासाउंड सेंटरों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। प्रभारी सिविल सर्जन के निर्देश पर डॉ. सुनील कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने सदर अस्पताल गेट के पास संचालित “अपना अल्ट्रासाउंड” में छापेमारी कर भारी अनियमितताओं का खुलासा किया है। कार्रवाई के दौरान सेंटर को तत्काल सील कर दिया गया।
तेज आंधी और बारिश ने मचाई तबाही, 5 लोगों की मौत
Bihar News: भागलपुर में कल सोमवार की देर रात आई भीषण आंधी-पानी ने जिले में भारी तबाही मचाई है। आंधी-पानी के कारण अलग-अलग जगहों पर हुए हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई। वहीं, कुछ लोगों के घायल होने की भी खबर है। जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने इस घटना की पुष्टि करते हुए मृतकों के परिजनों को मुवाअजा देने का ऐलान किया है। जिलाधिकारी ने बताया कि, आंधी-पानी के दौरान जान गंवाने वाले मृतकों के परिजनों को 24 घंटे के अंदर सहायता राशि दी जाएगी।
महिला के खाते से उड़ाए 22,500 रुपये
बेगूसराय। एटीएम मशीन में कार्ड फंसने की एक छोटी सी तकनीकी खराबी ने एक महिला की जमा-पूंजी पर डाका डाल दिया। शहर के जीडी कॉलेज रोड स्थित बजरंग चौक के पास एसबीआई एटीएम में प्रमिला देवी नाम की महिला के साथ हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। ठगों ने बड़ी चतुराई से महिला को अपना शिकार बनाया और उनके खाते से 22,500 रुपये उड़ा लिए। पीड़िता अपने बच्चों के साथ पैसे निकालने पहुंची थी। जैसे ही उन्होंने कार्ड इंसर्ट किया, वह मशीन में फंस गया। महिला घबरा गई तभी वहां घात लगाए खड़े एक युवक ने मदद के बहाने प्रवेश किया। उसने महिला को कार्ड खींचने से मना किया और केबिन में चिपके एक फर्जी हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करने का झांसा दिया। ठगों ने खुद को बैंक अधिकारी बताकर महिला को दूसरे स्थान पर भेज दिया ताकि वे आसानी से कार्ड निकालकर पिन के जरिए पैसे निकाल सकें। जब महिला वापस लौटी, तो कार्ड गायब था और खाते से राशि कट चुकी थी।
हरियर गमछिया यादव के शान बा
पटना। बिहार में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के ‘हरे गमछे’ को लेकर दिए गए एक विवादास्पद बयान ने प्रदेश की राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है। इस बयान के बाद उपजे विवाद ने अब कला और संगीत का रूप ले लिया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। विवाद की शुरुआत पिछले शनिवार को पटना में आयोजित एक ‘AI समिट’ के दौरान हुई। मंच से संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि पटना में सुरक्षा के लिए 4 हजार से अधिक AI कैमरे लगाए गए हैं। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि यदि AI सिस्टम को यह निर्देश दे दिया जाए कि “हरे गमछे वाले को खोजो”, तो वह पल भर में ऐसे लोगों की पहचान कर लेगा। हालांकि, बयान के तुरंत बाद उन्होंने स्पष्टीकरण देते हुए कहा कि उनका इशारा किसी खास व्यक्ति या समूह के प्रति नहीं था, लेकिन तब तक बात बिगड़ चुकी थी।
50 हजार के इनामी बदमाश का एनकाउंटर
Bihar Police Encounter: बिहार में एक बार फिर से पुलिस और अपराधियों के बीच एनकाउंटर हुआ है। यह मुठभेड़ खगड़िया जिले के बेलदौर थाना क्षेत्र में हुई, जहां पुलिस ने सुखाय बासा गांव में एक कुख्यात अपराधी का हाफ एनकाउंटर किया है। मुठभेड़ में घायल अपराधी पर 50 हजार का इनाम घोषित था। पुलिस की इस कार्रवाई को लेकर इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा। बता दें कि इससे पहले किशनगंज में बीते गुरुवार देर रात हुई मुठभेड़ में कुख्यात अपराधी पवन कुमार उर्फ चिंटू को पुलिस ने घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया था।
CM सम्राट से मिले मांझी-संतोष सुमन
पटना। बिहार विधान परिषद चुनाव के तारीखों का ऐलान होते ही सियासी हलचल तेज हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी और उनके बेटे बिहार सरकार में मंत्री संतोष सुमन ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात की है। मिली जानकारी के अनुसार यह दोनों बड़े नेताओं की मुलाकात बिहार विधान परिषद चुनाव के सीट को लेकर हो रही है। सूत्रों के अनुसार जीनत राम मांझी और संतोष सुम अपनी पार्टी की तरफ से दावेदारी पेश करने को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मिलने पहुंचे हैं। दरअसल चुनाव आयोग ने जून में खाली हो रहे बिहार विधान परिषद की 9 सीटों और नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के बाद खाली हुई एक रिक्त सीट पर उपचुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। आयोग द्वारा जारी अधिसूचना के मुताबिक, इन सीटों पर 18 जून को मतदान होगा और उसी दिन देर शाम नतीजे भी घोषित कर दिए जाएंगे।

