Bihar Top News Today 27 September 2026: बिहार (BIHAR) में आज 27 सितम्बर को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…

राजद नेता के ईंट भट्ठे पर रेड

नालंदा। जिले में शराब तस्करों के खिलाफ उत्पाद विभाग ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। दीपनगर थाना क्षेत्र के मेहनौर गांव के पास स्थित एक फ्लाई ऐश ईंट भट्ठे पर की गई छापेमारी में भारी मात्रा में विदेशी शराब और बीयर बरामद की गई है। इस कार्रवाई से इलाके के शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।​उत्पाद विभाग को लंबे समय से इस इलाके में अवैध शराब के भंडारण और तस्करी की पुख्ता गुप्त सूचना मिल रही थी। सूचना के मुताबिक, मेहनौर गांव के पास स्थित एक फ्लाई ऐश ईंट भट्ठे के परिसर में शराब की एक बड़ी खेप पहुंचाई गई थी। इसी इनपुट के आधार पर उत्पाद विभाग की विशेष टीम ने योजनाबद्ध तरीके से उक्त ईंट भट्ठे पर अचानक छापेमारी की।

बेगूसराय में खाकी पर लाठी-डंडे से हमला

बेगूसराय। बलिया थाना क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ छापेमारी करने गई पुलिस टीम पर स्थानीय लोगों ने हमला कर दिया। उपद्रवियों ने पुलिस पर लाठी-डंडों और चप्पलों से ताबड़तोड़ हमले किए और एक सब-इंस्पेक्टर की सर्विस पिस्टल छीनने की भी कोशिश की। इस दौरान पुलिस की गिरफ्त से मुख्य आरोपी को छुड़ाने का असफल प्रयास किया गया।
​बलिया थाने में तैनात महिला पुलिस अवर निरीक्षक (SI) पल्लवी कुमारी को गश्त के दौरान गुप्त सूचना मिली थी कि इलाके में एक दुकान की आड़ में शराब का अवैध कारोबार चल रहा है। इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने धर्मेंद्र कुमार के ‘शुभम टेंट हाउस’ पर छापेमारी की।

आईबी के हत्थे चढ़ा आतंकी, पाकिस्तान से जुड़े कनेक्शन!

मोतिहारी। ​पूर्वी चंपारण जिले के ढाका क्षेत्र के खुफिया एजेंसी आईबी (इंटेलिजेंस ब्यूरो) और स्थानीय थाना पुलिस ने एक संयुक्त कार्रवाई के दौरान क्रॉस-बॉर्डर आतंकी नेटवर्क से जुड़े एक संदिग्ध युवक को धर दबोचा है। इस कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह से सतर्क हो गई हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, आईबी की पुख्ता सूचना के आधार पर यह कार्रवाई 26 सितंबर की रात को अंजाम दी गई। संयुक्त टीम ने ढाका थाना क्षेत्र के बिसरहिया गांव के समीप से संदिग्ध आरोपी मो. सेयाज आलम को दबोचने में सफलता हासिल की। इस पूरी छापेमारी और धरपकड़ अभियान में ढाका थाना पुलिस की टीम भी आईबी के साथ साठगांठ कर सक्रिय रूप से शामिल रही।

सैकड़ों लोगों ने थामा शिवसेना का दामन

पटना। बिहार की राजनीति में अपनी जड़ें मजबूत करने की दिशा में एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना ने बड़ा कदम उठाया है। इसी कड़ी में राजधानी पटना में पार्टी की ओर से एक भव्य सदस्यता ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने शिवसेना की सदस्यता ली, जिससे पार्टी ने राज्य में अपने संगठन के विस्तार का एक स्पष्ट और मजबूत संदेश दिया है। ​समारोह के दौरान शिवसेना के बिहार प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष झा और उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष अभय द्विवेदी विशेष रूप से मौजूद रहे। इस मौके पर सहरसा जिले के प्रमुख नेता सुदीप प्रताप सिंह ने अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ आधिकारिक रूप से शिवसेना का दामन थामा। इस कार्यक्रम ने पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह भर दिया है।

पप्पू यादव ने दी सुप्रीम कोर्ट जाने की चेतावनी

सुपौल। शनिवार को पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव सुपौल में बाढ़ पीड़ितों को आर्थिक सहायता प्रदान करने पहुंचे। इस दौरान बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की गंभीर स्थिति को देखकर वह आक्रोशित हो उठे और प्रशासन से लेकर सत्ता पक्ष पर जमकर निशाना साधा।
​सांसद पप्पू यादव ने कड़े शब्दों में कहा कि भीम नगर और वीरपुर से लेकर सहरसा और मधुबनी तक सभी ठेकेदार और अधिकारी लूटपाट में लगे हुए हैं। उन्होंने विशेष रूप से भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि गुजरात और दक्षिण भारत से आए ठेकेदार इस क्षेत्र को दोनों हाथों से लूट रहे हैं। सांसद ने दावा किया कि बीजेपी के एक राज्यसभा सांसद के अपने निजी ठेकेदार इस क्षेत्र में सक्रिय हैं, जिन्हें वह किसी भी कीमत पर बख्शेंगे नहीं और सुप्रीम कोर्ट तक घसीटकर ले जाएंगे।

पत्नी के अवैध संबंध को लेकर चल रहा था विवाद, पति की मौत

नालंदा। जिले के दीपनगर थाना क्षेत्र में तुंगी हॉल्ट के पास एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान गया जिले के नीमचक थाना क्षेत्र के मझौली गांव निवासी वीरेंद्र यादव के 25 वर्षीय पुत्र नीरज कुमार के रूप में हुई है। युवक की संदिग्ध मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने बताया कि नीरज की शादी हो चुकी थी और पिछले करीब पांच महीने से उसकी पत्नी मायके में रह रही थी। परिजनों का आरोप है कि पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति से कथित अवैध संबंध को लेकर पति-पत्नी और दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। इसी बात का नीरज कथित तौर पर विरोध करता था।

बिहार के DGP विनय कुमार ने लिया VRS

DGP Vinay Kumar VRS: बिहार के पुलिस महानिदेशक (DGP) विनय कुमार ने स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (VRS) ले ली है। गृह विभाग ने शनिवार की रात उनके वीआरएस आवेदन को स्वीकार कर लिया। बता दें कि दिसंबर में सेवानिवृत्ति होने वाले थे। हालांकि उन्होंने 3 महीने पहले ही वीआरएस ले लिया। बिहार सरकार ने उन्हें बिहार का नया मुख्य सूचना आयुक्त (CIC) नियुक्त किया है।
बता दे कि बीते 25 सितंबर को मुख्य सूचना आयुक्त के चयन को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी के बीच बैठक हुई थी। इसी बैठक में विनय कुमार के नाम पर सहमति बनी।
वहीं, अंजनी कुमार सिंह को बिहार राज्य सूचना आयोग में सूचना आयुक्त बनाए जाने की जानकारी सामने आई है। इस पद पर रहते हुए वह RTI से जुड़े मामलों की सुनवाई और उनके निपटारे की प्रक्रिया में भूमिका निभाएंगे।

इंडिया गठबंधन की बैठक पर संजय सरावगी का हमला

Bihar News: चुनाव आयोग और ज्ञानेश कुमार को लेकर जारी विवाद के बीच अब विपक्ष पूरी तरह से घेरने की कवायद में जुट गया है। मिली जानकारी के अनुसार इंडिया गठबंधन की 30 सितंबर को नई दिल्ली में बैठक आयोजित की गई। इंडिया गठबंधन की इस बैठक पर बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी की प्रतिक्रिया सामने आई है।

पुलिस कस्टडी में LIC एजेंट को लाठी-रॉड से पीटने का आरोप

पटना के रानीतालाब थाना क्षेत्र में एक एलआईसी एजेंट उपेंद्र कुमार ने पुलिस पर अमानवीय प्रताड़ना का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित का दावा है कि ट्रक चोरी के मामले में उसके भाई की तलाश कर रही पुलिस उसे आधी रात बिना किसी केस के घर से उठा लाई और थाने में बेरहमी से थर्ड डिग्री टॉर्चर दिया। वर्तमान में पीड़ित का इलाज पीएमसीएच (PMCH) में चल रहा है और मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्च स्तरीय जांच शुरू कर दी गई है। ​पीड़ित उपेंद्र कुमार के अनुसार, वह अपने भाई नरेंद्र कुमार से अलग रहते हैं और एलआईसी में नौकरी करते हैं। उन्होंने बताया कि 21 सितंबर की रात करीब 1:30 बजे रानीतालाब थाने की पुलिस उनके पतूत गांव स्थित घर पहुंची। नरेंद्र के घर पर न मिलने पर पुलिस ने उपेंद्र को ही पूछताछ के नाम पर जबरन हिरासत में ले लिया।

बिहार में फिर बाढ़ का खतरा, कोसी-गंडक उफनाई

Bihar Flood: बिहार में लगातार हो रही बारिश के बीच नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ने लगा है। खासकर कोसी और गंडक नदी में पानी बढ़ने के बाद उत्तर बिहार के कई इलाकों में बाढ़ का खतरा फिर मंडराने लगा है। पश्चिम चंपारण के कई गांवों में पानी पहुंच चुका है, वहीं रामनगर के दोन इलाके के 22 गांवों का सड़क संपर्क भी प्रभावित हुआ है। हालात को देखते हुए राज्य के 17 जिलों में प्रशासन को विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है।