Bihar Top News Today 28 august 2026: बिहार (BIHAR) में आज 28 अगस्त को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं. अब तक की बड़ी खबरों पर……
एक ही परीक्षा से होगी भर्ती
शिक्षक भर्ती परीक्षा TRE 4 को लेकर अभ्यर्थियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। सरकार ने अभ्यर्थियों की प्रमुख मांग मानते हुए PT और Mains की अलग-अलग परीक्षा कराने के फैसले को बदल दिया है। अब TRE 4 के लिए एकल परीक्षा आयोजित की जाएगी। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को इसका ऐलान किया। पटना में छात्र नेताओं और शिक्षा विभाग के अधिकारियों के बीच हुई बैठक में विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। बैठक में कुल 10 बिंदुओं पर लिखित सहमति बनी। सरकार के अनुमान के मुताबिक TRE 4 में करीब पांच लाख अभ्यर्थी शामिल हो सकते हैं। अभ्यर्थी 30 सितंबर तक आवेदन कर सकेंगे। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अभ्यर्थियों की संख्या के आधार पर अक्टूबर में परीक्षा की तारीख घोषित की जाएगी। परीक्षा दिसंबर 2026 से जनवरी 2027 के बीच आयोजित होने की संभावना है।
तीन बच्चियों की डूबने से मौत
भागलपुर में जिले के पीरपैंती थाना क्षेत्र के सिरमतपुर गोपालीचक पंचायत अंतर्गत ओली टोला के समीप रक्षाबंधन के पवित्र पर्व पर गंगा स्नान करने गई तीन बच्चियों की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। इस घटना के बाद न केवल उनके परिवारों में, बल्कि पूरे इलाके में मातम पसर गया है। पर्व की खुशियां एक ही पल में चीख-पुकार और आंसुओं में तब्दील हो गईं।
असली मालिकों को मिले मोबाइल
मोतिहारी पुलिस ने रक्षाबंधन के पावन अवसर पर ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत एक सराहनीय पहल करते हुए लगभग 102 गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन उनके असली मालिकों को वापस लौटाए हैं। इस विशेष अभियान के जरिए पुलिस ने जिले के नागरिकों के चेहरों पर त्योहार की खुशियां बिखेर दी हैं। जिन लोगों को उनके बहुमूल्य उपकरण वापस मिले हैं, उनमें महिलाओं की संख्या भी अच्छी-खासी है।
8 दिवसीय विशेष फर्स्ट एड प्रशिक्षण
नालंदा में आपातकालीन परिस्थितियों में समय पर दिया गया प्राथमिक उपचार किसी भी व्यक्ति की जान बचाने में निर्णायक भूमिका निभाता है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए बिहार के नालंदा जिले में भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी की जिला शाखा के परिसर में 8 दिवसीय विशेष फर्स्ट एड प्रशिक्षण कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया है। यह पहल जिले के नागरिकों को संकट के समय में दूसरों के जीवन की रक्षा के लिए सक्षम बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
बिहार में आज शुभकामनाओं का रहा दौर
पटना में रक्षाबंधन के पावन पर्व पर बिहार में शुभकामनाओं का दौर जारी है। भाई-बहन के प्रेम और विश्वास के इस त्योहार पर पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रदेशवासियों को बधाई दी। दोनों नेताओं ने अपने संदेश में रक्षाबंधन के महत्व और भाई-बहन के रिश्ते की मजबूती की कामना की। वहीं, लालू प्रसाद यादव का परिवार इस बार दिल्ली में रक्षाबंधन मनाने जा रहा है। तेजस्वी यादव और तेज प्रताप यादव दिल्ली में ही अपनी बहनों से राखी बंधवाएंगे।
राजद नेता के भाई की हत्या
बेगूसराय जिले के डंडारी थाना क्षेत्र के राजोपुर गांव में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के जिला सचिव के भाई रणधीर कुमार यादव की अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी। इस घटना के बाद से मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और पूरे इलाके में भारी दहशत का माहौल है। पुलिस ने फोरेंसिक जांच और आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सेक्स रैकेट का पर्दाफाश
रोहतास जिले के कोचस थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक होटल में चल रहे सेक्स रैकेट का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने होटल संचालक समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है और एक नाबालिग लड़की को सुरक्षित रेस्क्यू किया है। प्रशासन ने मौके पर दंडाधिकारी की मौजूदगी में होटल को पूरी तरह से सील कर दिया है
प्रशांत किशोर ने महिलाओं ने राखी बांधी
पटना में भी रक्षाबंधन का पर्व राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में विशेष उत्साह के साथ मनाया गया। जन सुराज पार्टी के सूत्रधार और बांकीपुर से विधायक प्रशांत किशोर को पटना स्थित पार्टी कार्यालय में महिलाओं ने राखी बांधी। इस विशेष अवसर पर जन सुराज पार्टी कार्यालय का माहौल पूरी तरह से पारिवारिक और आत्मीय नजर आया। महिलाओं ने प्रशांत किशोर की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर उनके दीर्घायु होने की कामना की। इस दौरान प्रशांत किशोर ने सभी बहनों का आभार व्यक्त किया और उन्हें रक्षाबंधन की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि महिलाओं का यह स्नेह और आशीर्वाद उनके लिए बहुत मूल्यवान है।
वृक्ष को रक्षा सूत्र बांधा
पटना स्थित राजधानी वाटिका-1 में ‘वृक्ष सुरक्षा दिवस’ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वृक्ष को रक्षा सूत्र बांधकर पर्यावरण संरक्षण का स्पष्ट संदेश दिया और इस दौरान उन्होंने नागलिंगम के पौधे का रोपण भी किया। प्रशासन और सरकार के इन प्रयासों का उद्देश्य बिहार की हरित परत को देश के औसत स्तर तक पहुंचाना है, जिसमें जन-भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है।
पुलिस टीम पर हमला
दरभंगा जिले के सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र के भरवाड़ा वार्ड नंबर-1 में कानून व्यवस्था को ठेंगा दिखाने वाली एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। बीती देर रात शराब के नशे में धुत एक युवक ने उत्पात मचाते हुए सूचना पर पहुंची डायल-112 की पुलिस टीम पर अचानक हमला कर दिया। इस हिंसक झड़प में टीम के चार पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।


