Bihar Top News Today 28 September 2026: बिहार (BIHAR) में आज 28 सितम्बर को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…
जेल भेजे गए कैदी की इलाज के दौरान मौत
गोपालगंज। शराब से जुड़े एक मामले में जेल भेजे गए 23 वर्षीय युवक नीरज कुमार यादव की इलाज के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक कटेया थाना क्षेत्र के कल्याणपुर गांव निवासी हरेंद्र यादव का मंझला पुत्र था। इस घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है, वहीं परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर पुलिस अधीक्षक (एसपी) को आवेदन सौंपा है।
श्रद्धालुओं के बीच ताबड़तोड़ फायरिंग
नालंदा। जिले में कानून-व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए अपराधियों ने एक बार फिर बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। जिले के रहुई थाना क्षेत्र अंतर्गत भंडारी मोड़ के पास दिनदहाड़े अज्ञात बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी। यह गोलीबारी उस वक्त हुई जब करीब 50 से 60 श्रद्धालुओं का एक जत्था संत महोत्सव में शामिल होने और पूजा-अर्चना के लिए संत बाबा मंदिर जा रहा था। इस अचानक हुई घटना से पूरे इलाके में भगदड़ और हड़कंप मच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब श्रद्धालुओं की भीड़ भंडारी मोड़ के पास से गुजर रही थी, तभी मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए नकाबपोश बदमाशों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। बदमाशों ने एक के बाद एक कई राउंड गोलियां चलाईं, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई। अपनी जान बचाने के लिए श्रद्धालुओं ने इधर-उधर भागकर शरण ली। इस भयानक हमले में प्रेम गोप नामक एक युवक गोली लगने से घायल हो गया। इसके अलावा, हमलावरों की दो गोलियां वहां चल रही एक स्कॉर्पियो गाड़ी पर जा लगीं, जिससे वाहन का पिछला गेट और शीशा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
बिहार एनडीए में ऑल इज वेल
पटना। बिहार के राजनीतिक गलियारों में चल रही अटकलों पर विराम लगाते हुए ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने स्पष्ट किया है कि राज्य में एनडीए गठबंधन पूरी तरह एकजुट है। हाल ही में एनडीए के कुछ नेताओं द्वारा दिए गए बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि यदि कोई नेता व्यक्तिगत तौर पर कुछ बोलता है, तो वह उसकी अपनी निजी राय हो सकती है, लेकिन इससे गठबंधन की एकजुटता पर कोई असर नहीं पड़ता। मंत्री श्रवण कुमार ने पूर्व के शासनकाल और मौजूदा सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के 20 साल का कार्यकाल बेहद शानदार और बेमिसाल रहा है। इसके साथ ही, वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि सम्राट चौधरी के नेतृत्व को भी 100 दिन से अधिक का समय हो चुका है और उनका शासनकाल भी पूरी तरह बेमिसाल रहा है। सरकार हर मोर्चे पर विकास और सुशासन के साथ आगे बढ़ रही है।
पटना में वाम दलों का विरोध मार्च
पटना। बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, एसआईआर और कथित ‘वोट चोरी’ के मुद्दे को लेकर सीपीआई, सीपीएम और माले के कार्यकर्ताओं ने आज सोमवार को पटना में विरोध मार्च निकाला। यह मार्च गांधी मैदान के गेट नंबर 10 से सुबह 11 बजे शुरू होकर लोकभवन के लिए आगे की ओर बढ़ा। हालांकि जैसे ही मार्च जेपी गोलंबर के पास पहुंचा, वहां सुरक्षा में पहले से तैनात पुलिसकर्मियों ने मार्च को रोक दिया। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच हल्की-फुल्की झड़प भी देखने को मिली।
प्रदर्शन कर रहे वाम दल कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की। इस दौरान उनके हाथों में ‘ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो’ जैसे बैनर और पोस्टर भी नजर आए।
आधिकारी के ठिकानों पर छापेमारी
पटना। बिहार के प्रशासनिक गलियारों में उस वक्त हड़कंप मच गया जब निगरानी अन्वेषण ब्यूरो (विजिलेंस) की टीम ने पटना और बेगूसराय में ताबड़तोड़ छापेमारी की। यह कार्रवाई पटना के एडीएम (सप्लाई) रविंद्र कुमार दिवाकर और उनकी पत्नी सह दानापुर की जिला अवर निबंधक (सब-राजिस्ट्रार) कुमारी स्विटी के ठिकानों पर की गई है। दोनों अधिकारियों पर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का गंभीर आरोप है, जिसके बाद निगरानी थाने में मामला दर्ज कर कोर्ट के वारंट पर यह एक्शन लिया गया।
अवधेश नारायण सिंह ने सभापति पद से दिया इस्तीफा
पटना। बिहार की राजनीति में एक बड़ा बदलाव सामने आया है। विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उनके इस्तीफे के बाद सत्ताधारी गठबंधन के तय फार्मूले के तहत जनता दल यूनाइटेड (जदयू) कोटे से विधान पार्षद रामबचन राय ने सोमवार को आधिकारिक तौर पर विधान परिषद के सभापति के रूप में प्रभार ग्रहण कर लिया है। यह बदलाव राज्य में एनडीए गठबंधन के भीतर सत्ता और पदों के आपसी संतुलन को साधने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।
बेटे की हत्या-अनशन पर बैठी मां
बेगूसराय। जिले के तेघड़ा थाना क्षेत्र के धनकौल गांव में पांच साल के मासूम मो. सुफियान की बेरहमी से हत्या कर दी गई। अपहरण के कई दिनों बाद उसका क्षत-विक्षत शव मिलने के बाद से पूरे इलाके में कोहराम मचा हुआ है। न्याय की आस में अब मृतक की मां ने अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक, पांच साल का मो. सुफियान 17 सितंबर को अचानक लापता हो गया था, जिसके बाद परिजनों ने थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। कई दिनों की तलाश के बाद 22 सितंबर को गांव के पास ही बलान नदी के बांध के पास झाड़ियों से उसका शव बरामद हुआ। हत्यारों की हैवानियत का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि मासूम का सिर धड़ से अलग कर दिया गया था। इसके अलावा उसके दोनों पैर, कलाई और चेहरे को भी तेजाब से बुरी तरह जला दिया गया था ताकि उसकी पहचान न हो सके।
जमुई कांड के आरोपी को कोर्ट लाई पुलिस
जमुई। बिहार के जमुई जिले में 10वीं कक्षा की एक छात्रा के साथ छेड़छाड़ और उससे जुड़े गंभीर मामले में पुलिस ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में, इस सनसनीखेज मामले के मुख्य आरोपी नंदन यादव को सोमवार को भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच स्थानीय न्यायालय में पेश किया गया। आरोपी की पेशी के दौरान सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए गए थे, जिसमें 6 अलग-अलग थानों की पुलिस और कई वरीय पुलिस अधिकारी खुद मौके पर मौजूद रहे। पुलिस के अनुसार, इस घटना के सामने आने के बाद से ही आरोपियों की धरपकड़ के लिए एक विशेष अभियान चलाया जा रहा था। पुलिस टीमों द्वारा लगातार की जा रही छापेमारी के दौरान मुख्य आरोपी नंदन यादव के साथ पुलिस की मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ में नंदन यादव के दाहिने पैर में गोली लग गई थी, जिसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया। घायल अवस्था में उसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हाल ही में डॉक्टरों द्वारा उसकी चिकित्सकीय स्थिति पूरी तरह सामान्य घोषित किए जाने के बाद, उसे कोर्ट में पेश करने की कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई।
डॉक्टरों की अनिश्चितकालीन हड़ताल से ओपीडी सेवा पूरी तरह ठप
सासाराम। बिहार के सहरसा जिले में एक चिकित्सक डॉ. एस.के. आजाद और एक पत्रकार के बीच हुए विवाद के बाद उपजे तनाव का असर अब सासाराम में भी देखने को मिल रहा है। बिहार स्वास्थ्य सेवा संघ (BHS) और इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) के संयुक्त आह्वान पर राज्यभर के डॉक्टरों ने ओपीडी सेवाओं का बहिष्कार कर दिया है, जिसके चलते सासाराम में भी स्वास्थ्य सेवाएं चरमरा गई हैं।
दुकानदार की गला काटकर हत्या
Bihar Crime: बिहार में बेखौफ बदमाशों का आतंक जारी है। ताजा मामला समस्तीपुर जिले से सामने आया है, जहां विभूतिपुर थाना क्षेत्र में अपराधियों ने कल रविवार की रात एक दिव्यांग मुर्गा दुकानदार की गला काटकर बेरहमी से उसकी हत्या कर दी। बदमाशों ने दुकानदार की उसके ही दुकान में गला काटकर इस घटना को अंजाम दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।


