वीरेंद्र कुमार, नालंदा। जिले में कानून-व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए अपराधियों ने एक बार फिर बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। जिले के रहुई थाना क्षेत्र अंतर्गत भंडारी मोड़ के पास दिनदहाड़े अज्ञात बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी। यह गोलीबारी उस वक्त हुई जब करीब 50 से 60 श्रद्धालुओं का एक जत्था संत महोत्सव में शामिल होने और पूजा-अर्चना के लिए संत बाबा मंदिर जा रहा था। इस अचानक हुई घटना से पूरे इलाके में भगदड़ और हड़कंप मच गया।

​श्रद्धालुओं के जत्थे पर अंधाधुंध फायरिंग

​प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब श्रद्धालुओं की भीड़ भंडारी मोड़ के पास से गुजर रही थी, तभी मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए नकाबपोश बदमाशों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। बदमाशों ने एक के बाद एक कई राउंड गोलियां चलाईं, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई। अपनी जान बचाने के लिए श्रद्धालुओं ने इधर-उधर भागकर शरण ली। इस भयानक हमले में प्रेम गोप नामक एक युवक गोली लगने से घायल हो गया। इसके अलावा, हमलावरों की दो गोलियां वहां चल रही एक स्कॉर्पियो गाड़ी पर जा लगीं, जिससे वाहन का पिछला गेट और शीशा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

​मौके पर पहुंची पुलिस

​घटना की सूचना मिलते ही रहुई थानाध्यक्ष ललित विजय अपनी पुलिस टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए क्षतिग्रस्त स्कॉर्पियो को अपने कब्जे में ले लिया है। अपराधियों की पहचान और उनके भागने के रास्तों का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और मामले की गंभीरता से तफ्तीश शुरू कर दी है।

​पुरानी रंजिश और जेल से रिहाई का एंगल आया सामने
​इस मामले में पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया है जिससे पूछताछ की जा रही है। थानाध्यक्ष ने जानकारी दी है कि पीड़ित पक्ष की तरफ से लिखित आवेदन प्राप्त हो चुका है और एक व्यक्ति को नामजद किया गया है।
​शुरुआती पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि यह पूरी वारदात पुरानी रंजिश का परिणाम हो सकती है। खास बात यह है कि गोलीबारी में घायल हुआ प्रेम गोप महज एक दिन पहले ही जेल से छूटकर बाहर आया था। पुलिस इस एंगल को भी केंद्र में रखकर अपनी जांच को आगे बढ़ा रही है। अधिकारियों का कहना है कि बाकी फरार आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।