Bihar Top News Today 30 august 2026: बिहार (BIHAR) में आज 30 अगस्त को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…
44 अधिकारियों की नई पोस्टिंग को लेकर आदेश जारी
बिहार में बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल हुआ है। सरकार ने 3 IAS और BAS के 12 अधिकारियों समेत कुल 44 अधिकारियों की नई पोस्टिंग को लेकर आदेश जारी किया है। इसमें सबसे ज्यादा चर्चा एसडीओ संजीत कुमार की नई पोस्टिंग को लेकर हो रही है। गौरतलब है कि भोजपुर में चर्चित भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में तैनात जगदीशुपर के तत्कालीन एसडीओ संजीत कुमार को पद से हटा दिया गया था। वहीं, अब एक महीने के बाद उन्हें नई जिम्मेदारी मिली है। संजीत कुमार को सुपौल में तैनाती मिली है।जारी सूची के अनुसार बिहार प्रशासनिक सेवा के कई अधिकारियों को भी नई पोस्टिंग मिली है। राकेश कुमार को पथ निर्माण विभाग में उप सचिव बनाया गया है। वहीं, संतन कुमार सिंह को सहरसा का अपर समाहर्ता नियुक्त किया गया है। जबकि नीरज कुमार को शेखपुरा का बंदोबस्त पदाधिकारी, अनिल कुमार को युवा रोजगार एवं कौशल विकास विभाग में उप सचिव, अविनाश कुणाल को सारण का अपर समाहर्ता , अनिल कुमार (सीतामढ़ी) को डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग में विशेष कार्य पदाधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पटना में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़
राजधानी पटना के बिहटा थाना क्षेत्र में आज रविवार की सुबह-सुबह पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई है। मुठभेड़ के दौरान एक अपराधी के पैरे में गोली लगी है। वहीं, पुलिस टीम में शामिल एसआई राजू कुमार सिंह भी गोली लगने से घायल हो गए। उनके हाथ में गोली लगी है। दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।जानकारी के अनुसार पुलिस को बिहटा के परेव स्थित सोन नदी में अवैध बालू खनन और नाविकों से कथित तौर पर रंगदारी वसूलने की सूचना मिली थी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस का सामना अचानक अपराधियों से हो गया। पुलिस को देखते ही अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी, जवाब में पुलिस ने भी गोलियां चलाई। पुलिस की गोली लगने से एक अपराधी घायल होकर गिर पड़ा, जिसे पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया और उसे इलाज के लिए पीएमसीएच में भर्ती कराया गया। वहीं, मुठभेड़ में घायल एसआई का सदर अस्पताल में उपचार कराया गया।
बिहार की सियासत में आरक्षण का मुद्दा
बिहार की सियासत में इन दिनों आरक्षण का मुद्दा फिर से बहस का केंद्र बना हुआ है। सत्ताधारी दल एनडीए में दलित राजनीति के दो प्रमुख चेहरे चिराग पासवान और जीतन राम मांझी आरक्षण को लेकर आमने-सामने हो गए हैं, जिनके बयानों ने इस बहस को एक नई दिशा देने के साथ ही इसे और तेज कर दी है। चिराग का कहना है कि आरक्षण खत्म करना तो दूर उन्हें इनकी समीक्षा भी मंजूर नहीं है। वहीं, मांझी परिवार (जीतन राम मांझी व संतोष सुमन) आरक्षण में संसोधन के पक्ष में हैं।
आरक्षण को लेकर इन नेताओं के बीच मतभेद खुलकर सामने आ गए हैं। यहां तक की बात अब इस्तीफे की मांग तक पहुंच गई है। इस बीच जीतन राम मांझी ने बड़ा बयान दिया है। मांझी ने कहा कि, जो बहस चल रही है, वो बहस स्वतः नहीं है। 2024 में सर्वोच्च न्यायालय ने सर्वसम्मति से एक सुझाव दिया, एक निर्णय दिया कि राज्य चाहे तो शेड्यूल कास्ट कोटा में भी सब-कोटा का विभाजन कर सकता है। इसके संबंध में भारत के कई राज्यों में कोटा में भी सब-कोटा की बात की गई है।
अस्पताल में जच्चा बच्चा की मौत
सासाराम सदर अस्पताल में उस समय अफरा-तफरी का माहौल हो गया, जब अस्पताल में प्रसव के लिए आई गर्भवती महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना से नाराज परिजनों व उनके समर्थकों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। आक्रोशित परिजनों को देखते ही डॉक्टर और स्वास्थ्य कर्मी अस्पताल छोड़कर फरार हो गए। वहीं, घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। मिली जानकारी के अनुसार चेनारी निवासी आशा देवी को उनके परिजन प्रसव के लिए सासाराम सदर अस्पातल लेकर पहुंचे थे, जहां उन्हें अस्पताल के मातृ शिशु वार्ड में भर्ती कराया गया था। हालांकि प्रसव के दौरान गर्भवती महिला की मौत हो गई। इसके साथ ही गर्भ में पल रहे बच्चे की भी जान चली गई। परिजनों का आरोप है कि देर रात अस्पताल में डॉक्टर मौजूद नहीं थे। डॉक्टर की गैरमौजूदगी में दो-तीन नर्सों ने ही आपस में मिलकर प्रसव करवा रही थीं। इसी दौरान महिला की मौत हो गई।
पूर्व सांसद की बिगड़ी तबीयत
पूर्व सांसद और बाहुबली सूरजभान सिंह की सेहत अचानक गंभीर रूप से खराब हो गई है। पटना स्थित आवास पर सीने में तेज दर्द उठने के बाद उन्हें पहले मेडीवर्सल अस्पताल और फिर दिल्ली के फोर्टिस में भर्ती कराया गया। हालत में सुधार न होने पर परिजन उन्हें बेहतर इलाज के लिए चेन्नई ले गए हैं, जहां उनका इलाज जारी है।
राजद की नई कमिटी पर सस्पेंस खत्म!
बिहार के मुख्य विपक्षी दल राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के सांगठनिक ढांचे को लेकर सरगर्मी तेज हो गई है। पार्टी की नई राष्ट्रीय और प्रदेश कमिटी के गठन का रास्ता जल्द साफ होने की उम्मीद है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने हाल ही में पार्टी के सांगठनिक कार्यों और भावी रणनीतियों को लेकर एक अहम उच्चस्तरीय बैठक की। इस बैठक में राजद के कई वरिष्ठ नेता, राज्यसभा सांसद और विधायक प्रमुख रूप से शामिल हुए, जिन्होंने संगठन की मजबूती और आगामी राजनीतिक चुनौतियों पर विस्तार से मंथन किया। बैठक के दौरान पार्टी नेतृत्व ने स्पष्ट संकेत दिया है कि नई कमिटी के गठन में चाटुकारिता के बजाय सांगठनिक निष्ठा और वफादारी को सबसे बड़ा पैमाना बनाया जाएगा। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने दो टूक शब्दों में कहा है कि जो कार्यकर्ता और नेता पार्टी के प्रति वफादार रहे हैं तथा संघर्ष के दिनों में साथ खड़े रहे हैं, उन्हें संगठन में प्राथमिकता के आधार पर उचित मौका दिया जाएगा। राजद लंबे समय से अपनी पुरानी कमिटी के भंग होने के बाद एक नए और ऊर्जावान स्वरूप की तलाश में है।
माता-पिता को न्याय दिलाने धरने पर बैठे आदित्य
सोशल मीडिया पर ‘वायरल बॉय’ के नाम से मशहूर आदित्य ने देश की राजधानी दिल्ली में एक बार फिर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने अपने माता-पिता को न्याय दिलाने और देश में लगातार हो रहे पेपर लीक के मामलों के विरोध में धरना शुरू कर दिया है। आदित्य का आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने उनकी माता के साथ मारपीट की थी और यह सब सरकार के इशारे पर किया गया है। उन्होंने सीधे तौर पर केंद्र सरकार और प्रशासन को आड़े हाथों लेते हुए न्याय की गुहार लगाई है।
चार लोगों की मौत
पटना। जिले के बाढ़ अनुमंडल क्षेत्र में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो जाने का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और मातम का माहौल है। पुलिस प्रशासन और आबकारी विभाग इस मामले की गंभीरता से जांच में जुट गया है। मिली जानकारी के अनुसार यह पूरी घटना बाढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बेढ़ना गांव की है। ग्रामीणों ने बताया कि रविवार को सुबह करीब 10 से 11 बजे के बीच गांव के ही चार युवक एक साथ बैठकर शराब पार्टी कर रहे थे। शराब पीने के कुछ ही समय बाद अचानक चारों की तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी। देखते ही देखते उनके मुंह से झाग निकलने लगा और वे अहोश जैसी स्थिति में पहुंच गए। हालांकि किसी भी विभाग ने अभी जहरीली शराब से मौत की पुष्टि नहीं की है।
प्रेमी के साथ फरार हुई महिला सिपाही
रोहतास जिले के डेहरी से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है, जहां बीते दिनों बिहार पुलिस में कांस्टेबल की नौकरी लगने पर अपने पति को छोड़कर प्रेमी के साथ फरार हुई महिला जवान मीडिया के सामने रूबरू हुई है। साथ ही उसने खुद रोहतास एसपी से मिलकर उनके सामने अपना पक्ष रखा है। कांस्टेबल अर्चना भारती ने बताया है कि, उनका पहले से जिस युवक के साथ प्रेम संबंध था। अब वह उनका पास्ट हो चुका है। अब उनका उनके पुराने प्रेमी से कोई लेना-देना नहीं है। साथ ही उन्होंने बड़ा बयान देते हुए कहा है कि वह अपने मेरिट के दम पर बिहार पुलिस में सिलेक्ट हुई है। उनके चयन में उनके पति या ससुराल पक्ष के किसी भी व्यक्ति का कोई योगदान नहीं है।
चिराग के विधायक पर युवती से छेड़छाड़ का आरोप
राजद सुप्रीमो लालू यादव के बड़े बेटे और जजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव अक्सर सुर्खियों में बने रहते हैं। वहीं, अब उन्होंने महुआ से एलजेपी आर के विधायक और बिहार सरकार में मंत्री संजय सिंह पर बेहद ही गंभीर आरोप लगाए हैं। तेज प्रताप ने यह आरोप लगाया है कि संजय सिंह ने दिल्ली के एक होटल में युवती के साथ छेड़छड़ा और उसका शोषण करने का प्रयास किया है। मामले के बिगड़ने पर उन्होंने पैसे देकर पूरे मामले को रफा-दफा करने की भी कोशिश की। दरअसल महुआ विधायक पर यह आरोप लग रहा है कि हालही में दिल्ली गए संजय सिंह ने कथित तौर पर एक होटल में युवती के साथ छेड़छाड़ करने की कोशिश की। आरोप यह भी है कि कथित युवती ने मंत्री जी की चप्पलों से पिटाई भी की। इसकी जानकारी दिल्ली से लेकर बिहार के बड़े नेताओं और उनकी पार्टी के मुखिया यानी की चिराग पासवान को भी है। हालांकि अभी तक इस मामले पर ना तो संजय सिंह और ना ही एनडीए के किसी नेता की ओर से कोई बयान सामने आया है। वहीं, अब तेज प्रताप यादव ने खुलकर संजय सिंह पर गंभीर आरोप लगाया है।


