Bihar Top News Today 30 july 2026: बिहार (BIHAR) में आज 30 जुलाई को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…

मतदान से पहले जनसुराज के 20 नेता अरेस्ट

बांकीपुर उपचुनाव के लिए आज वोटिंग हुई। ​चुनाव से एक दिन पहले पटना पुलिस ने जनसुराज के करीब 20 नेताओं को हिरासत में ले लिया। पार्टी का आरोप है कि इनमें से कई नेताओं को बिना किसी पुख्ता कानूनी कागजात और नोटिस के उनके घरों से उठाया गया, जिससे वे कुछ समय के लिए पुलिस रिकॉर्ड में ट्रेसलेस हो गए थे। इसी सिलसिले में प्रशांत किशोर अपने साथियों के साथ जक्कनपुर थाने पहुंचे और पुलिस अधिकारियों से उनके नेताओं का ठिकाना पूछने लगे।
​थाने के भीतर प्रशांत किशोर और एसएचओ के बीच बहस हुई। प्रशांत किशोर का कहना था कि यदि उनके किसी कार्यकर्ता ने कोई कानून तोड़ा है, तो पुलिस कानूनी कार्रवाई करे, लेकिन बिना बताए लोगों को गायब करना अपहरण जैसा है। ​प्रशांत किशोर ने स्पष्ट किया कि गिरफ्तार किए गए नेताओं में कई स्थानीय पटना के निवासी हैं, जिन्हें रात के वक्त उनके घरों से उठाया गया। उन्होंने चुनौती दी कि पुलिस यह स्पष्ट करे कि उनके नेताओं को किस जुर्म में और किन धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया है।

बांकीपुर उपचुनाव: BJP और जनसुराज समर्थकों में भिड़ंत

पटना। बिहार की हाई-प्रोफाइल बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान जारी है, लेकिन शुरुआती दो घंटों में वोटर्स का उत्साह थोड़ा ठंडा नजर आया। सुबह 9 बजे तक महज 4.61 प्रतिशत ही मतदान दर्ज किया गया। तुलनात्मक रूप से देखें तो पिछले वर्ष यानी 2025 के विधानसभा चुनाव में इसी समय तक 7.12 प्रतिशत मतदान हुआ था। धीमी शुरुआत के बावजूद दिग्गजों और आम जनता का बूथों पर पहुंचना जारी है।

एक्जीक्यूटिव इंजीनियर के 6 ठिकानों पर EOU की रेड

सासाराम। बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ आर्थिक अपराध इकाई (EOU) का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। इसी कड़ी में आज रोहतास जिले के सासाराम और डेहरी में लघु सिंचाई प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता अरविंद कुमार चौधरी के ठिकानों पर ईओयू की टीम ने अचानक छापेमारी की। यह पूरी कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति के एक बड़े मामले के तहत की जा रही है, जिसमें आरोपी इंजीनियर के खिलाफ लगभग 1 करोड़ 20 लाख रुपये की अवैध संपत्ति का मामला दर्ज किया गया है। ​प्राप्त जानकारी के अनुसार, आर्थिक अपराध इकाई ने रोहतास जिले के दो प्रमुख ठिकानों के अलावा पटना के दानापुर और अन्य जगहों को मिलाकर कुल 6 ठिकानों पर एक साथ यह कार्रवाई शुरू की है। छापेमारी दल में शामिल अधिकारियों द्वारा दस्तावेजों को खंगाला जा रहा है और वित्तीय लेन-देन की गहराई से जांच की जा रही है ताकि अवैध संपत्ति के स्रोतों का खुलासा हो सके।

थाने में भिड़े PK और SHO

पटना। ​बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के मतदान से ठीक पहले बुधवार को पटना में राजनीतिक सरगर्मी काफी बढ़ गई। जनसुराज पार्टी के संयोजक प्रशांत किशोर (PK) और जक्कनपुर थाने के एसएचओ के बीच बहस का मामला सामने आया है। जनसुराज ने पुलिस प्रशासन पर सत्ताधारी दल के दबाव में आकर एकतरफा कार्रवाई करने और उनके नेताओं को अवैध रूप से हिरासत में लेने का गंभीर आरोप लगाया है।

रामकृपाल सिंह कंस्ट्रक्शन पर IT का बड़ा छापा

बेगूसराय। जिले में आयकर विभाग (IT) की टीम ने एक बहुत बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर की नामचीन कंपनी राम कृपाल सिंह कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड (RKSCPL) के ठिकानों पर अचानक छापेमारी से देश भर के कारोबारी जगत में हड़कंप मच गया है। बेगूसराय के पॉश इलाके श्रीकृष्ण नगर में स्थित कंपनी के मुख्य आवास और कार्यालय पर सुबह करीब 11 बजे आईटी अधिकारियों की टीम ने दबिश दी।

जमीन के विवाद में एसिट अटैक, 4 लोग झुलसे

समस्तीपुर। जिले में महज 13 धुर जमीन के विवाद में उपद्रवियों ने मानवता की सभी हदें पार कर दीं। चकमहेसी थाना क्षेत्र के माली नगर वार्ड-12 में जमीन के एक टुकड़े पर मकान निर्माण के दौरान कुछ लोगों ने तेजाब (एसिड) से हमला कर दिया। इस खौफनाक वारदात में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनमें से एक की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। पीड़ित युवक को बेहतर इलाज के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (DMCH) रेफर कर दिया गया है।

विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेले में लगा शिव भक्तों का तांता

भागलपुर, सुल्तानगंज। विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेले की शुरुआत के साथ ही पूरा क्षेत्र हर हर महादेव और बोल बम के जयकारों से गूंज उठा है। मेले के पहले दिन ही देश-विदेश से पहुंचे लाखों कांवड़ियों ने उत्तरवाहिनी गंगा में पवित्र डुबकी लगाई और विधिवत पूजा-अर्चना के बाद बाबा बैद्यनाथ धाम के लिए अपनी यात्रा शुरू की।​अजगैविनाथ धाम में पहले दिन से ही आस्था का सैलाब देखने को मिला। बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, असम, नेपाल और राजस्थान सहित विभिन्न राज्यों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु सुल्तानगंज पहुंचे हैं। कांवड़िए गंगा घाटों पर स्नान कर पवित्र जल अपने पात्र में भर रहे हैं और पुरोहितों से संकल्प कराने के बाद नाचते-गाते बाबा भोलेनाथ के दरबार की ओर बढ़ रहे हैं।
​मेले की सुरक्षा और व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी (DM) अलंकृता पाण्डेय और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) प्रमोद कुमार यादव ने संयुक्त रूप से मेला क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने नमामी गंगे घाट, अजगैविनाथ गंगा घाट, कांवड़िया धर्मशाला और धांधी बेलारी कांवड़िया सेवा शिविर का दौरा कर व्यवस्थाओं को परखा।

भूटकून हत्याकांड मामले में कोर्ट ने 29 साल बाद सुनाया फैसला

मुजफ्फरपुर। न्यायालय ने बहुचर्चित भूटकून शुक्ला हत्याकांड में आखिरकार 29 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद ऐतिहासिक फैसला सुना दिया है। अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश-10 की अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने और साक्ष्यों का परीक्षण करने के बाद मुख्य आरोपी दीपक सिंह को दोषी करार देते हुए सजा का ऐलान किया है।
​यह सनसनीखेज हत्याकांड जुलाई 1997 में अंजाम दिया गया था, जिसने बिहार की राजनीति और अपराध जगत में भूचाल ला दिया था। मृतक भूटकून शुक्ला वैशाली जिले के लालगंज से पूर्व विधायक मुन्ना शुक्ला के भाई थे। उनके पिता एक जाने-माने अधिवक्ता थे, जो नया टोला स्थित अपने निजी मकान में रहते थे।

वेतन की मांग को लेकर शिक्षकों का प्रदर्शन

मोतिहारी। कचहरी चौक पर गुरुवार को वित्त रहित शिक्षकों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान शिक्षकों ने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और चेतावनी दी कि यदि 24 अगस्त तक वेतन का भुगतान नहीं किया गया, तो वे पूरे राज्य में उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में शिक्षक शामिल हुए, जिन्हें कांग्रेस सेवा दल का भी भरपूर समर्थन मिला।

करंट लगने से दो की मौत

नालंदा। जिलें में करंट लगने से दो अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की जान चली गई। पहली घटना पावापुरी ओपी थाना क्षेत्र के साईडीह गांव की है, जहां करंट लगने से एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव निवासी उपेंद्र पासवान के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है।