Bihar Top News Today 31 august 2026: बिहार (BIHAR) में आज 31 अगस्त को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…

शिक्षक भर्ती परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया स्थगित

बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की बहुप्रतीक्षित TRE-4.0 शिक्षक भर्ती परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। शिक्षा विभाग के अंतर्गत कुल 32,388 रिक्त पदों पर शिक्षकों की नियुक्ति होनी थी। विज्ञापन संख्या 14/2026 के प्रावधानों के तहत आवेदन प्रक्रिया की शुरुआत 1 सितंबर 2026 से तय की गई थी, लेकिन प्रशासनिक और प्रक्रियात्मक बदलावों के चलते इसे आगामी आदेश तक टाल दिया गया है।
पटना के गर्दनीबाग में छात्र-छात्राओं और अभ्यर्थियों ने व्यापक स्तर पर विरोध प्रदर्शन किया था। इस दौरान अभ्यर्थियों ने परीक्षा पैटर्न में सुधार और पारदर्शिता को लेकर दो मुख्य मांगें प्रमुखता से रखी थीं। पहली मांग TRE-4 के तहत प्रारंभिक (PT) और मुख्य परीक्षा के दो चरणों की जगह एक ही एकल परीक्षा आयोजित करने की थी। दूसरी मांग चयन प्रक्रिया में धांधली रोकने और प्रतीक्षा सूची की समस्याओं से बचने के लिए वन कैंडिडेट-वन रिजल्ट नीति लागू करने की थी।

बदमाशों का आतंक

जिला मुख्यालय बिहारशरीफ में आज सोमवार की सुबह-सुबह बदमाशों का आतंक देखने को मिला, जहां बिहार थाना क्षेत्र के यादव छात्रावास के समीप एक यात्री बस पर अचानक 10 से 12 युवकों ने हमला बोल दिया। लाठी-डंडों और लोहे के पाइप से लैस हमलावरों ने बस के चालक और उपचालक के साथ जमकर मारपीट की। इतना ही नहीं, बदमाशों ने बस के शीशे भी तोड़ दिए गए और उनपर उपचालक के पास रखे करीब 5 हजार रुपये छीनने का आरोप लगा है। घटना के बाद बस में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। चीख-पुकार के बीच किसी तरह स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायल चालक और उपचालक को इलाज के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल पहुंचाया गया। बताया जा रहा है कि बिहारशरीफ से शेखपुरा जा रही ‘बदौनी’ नामक यात्री बस सुबह यादव छात्रावास के समीप पहुंची।

जहरीली शराब पर बोले तेजस्वी

पटना में एक बार फिर से कथित तौर पर जहरीली शराब से मौत का तांडव देखने को मिला है। दरअसल बाढ़ अनुमंडल के बेढ़ना गांव में कल रविवार को चार युवकों की संदिग्ध मौत होने से इलाके में हड़कंप मच गया। आरोप है कि शराब पीने के बाद सभी चारों युवकों की अचानक तबीयत खराब हो गई, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान सभी की मौत हो गई। जहरीली शराब कांड को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव का बयान सामने आया है। तेजस्वी यादव ने पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि, घटना को बेहद ही दुर्भाग्यपूर्ण बताया और कहा कि यह कोई पहली घटना नहीं है, जिसमें लोगों की जहरीली शराब पीने से मौत हुई हो। इससे पहले भी कई बार इस तरह की चीजें हुई हैं। तेजस्वी ने प्रशासन पर आरोप लगाते हुए कहा कि, पहले की घटनाओं से अगर प्रशासन ने सबक लिया होता, तो आज यह घटना नहीं घटती। उन्होंने कहा कि, प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुका है। लगातार हो रही इस तरह की घटनाएं गंभीर है। प्रशासन को इसका जवाब देना चाहिए।

पति ने पत्नी को उतारा मौत के घाट

जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां भोरे थाना क्षेत्र के जगतौली ओपी अंतर्गत विश्रामपुर गांव में आज सोमवार को एक नवविवाहिता की गला दबाकर हत्या कर दी गई। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। मृतका की पहचान विश्रामपुर गांव निवासी उमेश यादव की पत्नी प्रतिमा कुमारी के रूप में हुई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल भेज दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, विश्रामपुर गांव निवासी राजेंद्र यादव के पुत्र उमेश यादव का विवाह 5 मई 2026 को उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के श्रीरामपुर थाना क्षेत्र के भटवलिया गोसाई टोला निवासी रमाशंकर यादव की पुत्री प्रतिमा कुमारी के साथ हुआ था। यह उमेश की दूसरी शादी थी। ग्रामीणों के मुताबिक, उसकी पहली पत्नी की मौत भी संदिग्ध परिस्थितियों में जलने के कारण हुई थी, जिसके बाद उसने प्रतिमा से विवाह किया था।

पुलिसिया अत्याचार के खिलाफ आदित्य

छह साल का आदित्य राज आज सोमवार को भी अपने माता-पिता के साथ गर्दनीबाग धरना स्थल पर डटा हुआ है। आदित्य राज लगातार अपने मां-बाप के साथ हुए पुलिसिया अत्याचार के खिलाफ अपनी लड़ाई लड़ रहा है और सरकार से न्याय की गुहार लगा रहा है। आदित्य ने न्याय पाने के लिए पीएम मोदी से भी मुलाकात करने की मांग कर रहा है। धरना स्थल पर बैठे आदित्य राज का कहना है कि वह देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करना चाहता है, जब तक उन्हें प्रधानमंत्री से मिलने का मौका नहीं मिलता और उनके परिवार को पूरी तरह न्याय नहीं मिल जाता, तब तक उनका यह विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। आदित्य ने कहा कि इस पूरी कार्रवाई में उनके परिवार को निशाना बनाया गया है, जो कि गलत है और उसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा

केंद्रीय मंत्री की बिगड़ी तबीयत

बिहार की सियासत से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। दरअसल केंद्रीय मंत्री और हम पार्टी के संरक्षक जीतन राम मांझी की अचानक तबीयत खराब हो गई है, जिसके बाद उन्हें पटना के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पार्टी द्वारा जारी सूचना के अनुसार वो रूटीन जांच के लिए गए हैं। जबकि सूत्रों से मिल रही जानकारी के अनुसार जीतन राम मांझी को अचानक सांस लेने में तकलीफ हुई थी। यही कारण है कि आनन फानन में उन्हें मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार अब उनकी स्थिति के सुधार हो रहा है।

50 करोड़ का मानहानि नोटिस

बिहार सरकार में मंत्री और महुआ से विधायक संजय कुमार सिंह ने लालू यादव के बड़े बेटे और जजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव को 50 करोड़ का मानहानि नोटिस भेजा है। दरअसल तेज प्रताप यादव ने हालही में सोशल मीडिया पर खुलकर यह आरोप लगाया था कि संजय कुमार सिंह ने दिल्ली के एक होटल में कथित तौर पर युवती के साथ छेड़छाड़ की और उसका शोषण करने का प्रयास किया, जिसके बाद मंत्री के वकील सुशील कुमार की ओर से कल 30 अगस्त को तेज प्रताप यादव को नोटिस जारी करते हुए उनके द्वारा लगाए गए सभी आरोपों को बेबुनियाद और दुर्भावनापूर्ण बताया है।
मानहानि नोटिस भेजने के अलावा संजय कुमार सिंह ने तेज प्रताप यादव पर कई सारे गंभीर आरोप भी लगाए हैं। उन्होंने जजद अध्यक्ष को चुनौती देते हुए कहा है कि हसनपुर के पूर्व विधायक ये बताएं कि, बिहार के प्रतिष्ठित परिवार और समाज की बेटी ऐश्वर्या राय, जो लंबे समय से अपने इंसाफ के लिए दर-दर भटक रही हैं, उनके अंधकारमय जीवन का क्या होगा जिसको आपने अंधकारमय बना दिया उनका क्या होगा?

मेडिकल दुकान पर शिकंजा

पूर्वी चंपारण जिले के मोतिहारी में जहां स्वास्थ्य प्रशासन और ड्रग विभाग ने अवैध रूप से संचालित हो रही एक मेडिकल दुकान पर शिकंजा कसा है। जिले के संग्रामपुर प्रखंड क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई से दवा कारोबारियों के बीच हड़कंप मच गया है। ड्रग विभाग की इस छापामारी के दौरान भारी मात्रा में प्रतिबंधित और नियंत्रित श्रेणी की दवाएं बरामद की गई हैं, जिसके बाद दुकानदार पर कानूनी शिकंजा कसता नजर आ रहा है।यह पूरी कार्रवाई संग्रामपुर प्रखंड क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मधुबनी मठ के समीप वार्ड नंबर-3 स्थित निशा मेडिकल स्टोर पर की गई। ड्रग इंस्पेक्टर सागर मणि सोनी के नेतृत्व में विभाग की एक विशेष टीम ने इस प्रतिष्ठान पर अचानक धावा बोला। शुरुआती जांच में ही यह स्पष्ट हो गया कि इस दुकान का संचालन पूरी तरह से गैरकानूनी तरीके से किया जा रहा था। छापामारी के दौरान दुकान के भीतर से विभिन्न प्रकार की संदिग्ध दवाएं और कई तरह के इंजेक्शन बरामद किए गए, जिन्हें बिना डॉक्टर के पर्चे और वैध अनुमति के बेचे जाने की आशंका जताई जा रही है।

सोन नदी पर बड़ा समझौता

बिहार और झारखंड के बीच पिछले 25 वर्षों से सोन नदी के पानी के बंटवारे को लेकर चला आ रहा गतिरोध आज समाप्त हो सकता है। इस ऐतिहासिक समझौते पर मुहर लगाने के लिए बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज दिल्ली के दौरे पर हैं, जहां केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय बैठक का आयोजन किया गया है। इस समझौते से दोनों राज्यों के बीच लंबे समय से लंबित अंतर-राज्यीय सहयोग को एक नई दिशा मिलने की पूरी संभावना है।

17 सितंबर से शुरू होगा BJP का सेवा संकल्प पखवाड़ा

बिहार सरकार के मंत्री दिलीप जायसवाल ने बैहर दौरे के दौरान एक प्रेस वार्ता में घोषणाएं कीं। उन्होंने बताया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) आगामी 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक महीने का ‘सेवा संकल्प’ पखवाड़ा मनाने जा रही है। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन (17 सितंबर) को विशेष रूप से सेवा और जनहित के कार्यों के साथ मनाया जाएगा। पूरे बिहार में इस एक महीने के अंतराल में विभिन्न प्रकार के सामाजिक, सेवा और जन-कल्याणकारी कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिसके माध्यम से सरकार की नीतियों और योजनाओं को अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाया जाएगा