कुमार उत्तम, मुजफ्फरपुर। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के बलिगांव थाना क्षेत्र में अपराधियों ने दिनदहाड़े एक डेयरी व्यवसायी को गोली मारकर तीन लाख रुपये लूट लिए। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है, वहीं घायल व्यवसायी का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है।
बैंक से निकाले थे रुपये
मोहन बटेश्वर गांव के रहने वाले 20 वर्षीय धनराज अपने परिवार के साथ डेयरी का कारोबार संभालते हैं। सोमवार सुबह बैंक खुलते ही वह सकरा प्रखंड मुख्यालय स्थित बैंक ऑफ इंडिया पहुंचे और खाते से तीन लाख रुपये निकालकर बैग में रख लिए। इसके बाद वह मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहे थे।
शौच के दौरान घात लगाए बैठे थे अपराधी
बलिगांव थाना क्षेत्र के पास पहुंचने पर धनराज को शौच महसूस हुआ, जिसके बाद वे सड़क किनारे रुक गए। पहले से ही उनका पीछा कर रहे दो बाइकों पर सवार चार बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। अपराधियों ने कुल पांच गोलियां मारीं, जो उनके कमर के नीचे, जांघ और घुटने में लगीं। गोली लगते ही वह बेहोश होकर गिर पड़े और बदमाश तीन लाख रुपये से भरा बैग लेकर फरार हो गए।
व्यवसायी ने की आरोपियों की पहचान
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस को जानकारी दी और घायल को तुरंत मुजफ्फरपुर सदर अस्पताल पहुंचाया। सदर अस्पताल के सर्जन डॉ. अब्दुल कादिर ने बताया कि चार गोलियां आर-पार निकल गई थीं, जबकि एक गोली घुटने के पास फंसी हुई थी, जिसे ऑपरेशन कर निकाल लिया गया है और सील करके पुलिस को सौंप दिया गया है। सर्जरी वार्ड में भर्ती पीड़ित धनराज ने होश में आने के बाद बताया कि हमलावरों में से तीन की उसने पहचान कर ली है, जो उसी इलाके के रहने वाले हैं। आरोपियों के नाम संतोष कुमार, वरुण कुमार और बबलू कुमार बताए गए हैं, जबकि चौथे की पहचान चेहरा देखने पर हो जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।


