Bihar Train Accident: बिहार के भोजपुर जिले में रविवार तड़के एक बड़ा रेल हादसा हो गया। आरा जंक्शन के पास महानंदा एक्सप्रेस की दो बोगियां पटरी से उतर गईं। हादसा सुबह करीब 4:10 बजे हुआ। ट्रेन के दो जनरल कोच पटरी से उतरने के बाद सफर कर रहे यात्रियों और रेलवे महकमे में हड़कंप मच गया। घटना का असर दिल्ली-हावड़ा मुख्य रेलखंड पर भी पड़ा है और ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित हुई है।

आरा जंक्शन के पास हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक महानंदा एक्सप्रेस न्यू जलपाईगुड़ी-कटिहार के रास्ते आरा होते हुए नई दिल्ली जा रही थी। इसी दौरान आरा स्टेशन के पश्चिमी गुमटी के पास अप लाइन पर ट्रेन की दो बोगियां पटरी से उतर गईं। दोनों कोच इंजन के ठीक पीछे लगे जनरल डिब्बे बताए जा रहे हैं। बता दें कि हादसा तड़के सुबह उस वक्त हुआ, जब ज्यादातर यात्री गहरी नींद में थे। अचानक ट्रेन के डिब्बों के पटरी से उतरने की जानकारी मिलते ही रेलवे अधिकारियों को इसकी सूचना दी गई। इसके बाद संबंधित विभागों की टीमें मौके के लिए रवाना हुईं।

मौके पर पहुंची रेलवे की टीमें

हादसे की जानकारी मिलते ही दानापुर रेल मंडल के कंट्रोल रूम को अलर्ट किया गया। तकनीकी अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम आरा पहुंची और मौके का जायजा लेना शुरू किया। रेलवे रिकॉर्ड के मुताबिक हादसे की जगह आरा जंक्शन के पश्चिमी गुमटी के पास किलोमीटर संख्या 593/9 ए के आसपास बताई जा रही है। फिलहाल रेलवे की टीम पटरी से उतरी बोगियों को हटाने और ट्रैक की स्थिति जांचने में जुटी है। दुर्घटना के बाद ट्रैक को सुरक्षित बनाने के लिए जरूरी तकनीकी काम भी शुरू कर दिया गया है।

दिल्ली-हावड़ा रेलखंड पर पड़ा असर

आरा जंक्शन के पास हुए इस हादसे का असर दिल्ली-हावड़ा मुख्य रेलखंड पर पड़ा है। यह देश के व्यस्त रेल मार्गों में शामिल है और यहां से रोजाना बड़ी संख्या में ट्रेनें गुजरती हैं। अप लाइन प्रभावित होने के कारण कई ट्रेनों के परिचालन पर असर पड़ने की स्थिति बनी है। रेलवे की कोशिश है कि दुर्घटनाग्रस्त बोगियों को जल्द से जल्द हटाकर ट्रैक को सुरक्षित किया जाए, ताकि रेल यातायात सामान्य हो सके। यात्रियों को भी अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी रेलवे के आधिकारिक माध्यमों से लेते रहने की सलाह दी गई है।

हादसे की वजह की जांच जारी

महानंदा एक्सप्रेस की दो बोगियां किस वजह से पटरी से उतरीं, इसकी तस्वीर अभी साफ नहीं है। रेलवे की तकनीकी टीम ट्रैक और ट्रेन से जुड़े अलग-अलग पहलुओं की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की सही वजह सामने आएगी।फिलहाल रेलवे का पूरा फोकस राहत और बहाली के काम पर है। दुर्घटनाग्रस्त कोच को हटाने के साथ ट्रैक की सुरक्षा जांची जा रही है, ताकि प्रभावित रेलखंड पर परिचालन जल्द सामान्य किया जा सके।

ये भी पढ़ें- Bihar Flood: गंगा-पुनपुन ने बढ़ाई पटना की टेंशन! टूटा 10 साल का रिकॉर्ड, रद्द हुई 10 ट्रेनें