Bihar Student Protests: झारखंड के बाद अब बिहार में भी जल्द ही एक बड़े छात्र आंदोलन की शुरुआत हो सकती है। दरअसल शिक्षक भर्ती परीक्षा (TRE 4) भर्ती को लेकर हो रही देरी के बीच छात्र नेता दिलीप कुमार ने राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए प्रदेशव्यापी महाआंदोलन की चेतावनी दी है। उन्होंने यह ऐलान किया है कि 18 अगस्त से अभ्यर्थी पटना के गर्दनीबाग में आमरण अनशन पर बैठेंगे।

विधानसभा घेराव की चेतावनी

छात्र नेता दिलीप कुमार ने TRE 4 शिक्षक भर्ती के अलावा BSSC, लाइब्रेरियन, दरोगा और सिपाही भर्ती की मांग लेकर यह बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि 5 दिनों के अंदर सरकार उनकी इन मांगों पर कोई ठोस फैसला नहीं लेती है, तो इस आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने विधानसभा का घेराव करने तक की चेतावनी दी है।

सरकार पर गुमराह करने का आरोप

छात्र नेता दिलीप कुमार के नेतृत्व में प्रदर्शन कर रहे छात्रों का आरोप है कि सरकार उन्हें गुमराह कर रही है। छात्रों का कहना है कि वे लंबे समय से TRE-4 को लेकर विज्ञापन जारी करने की मांग कर रहे हैं। इसके बावजूद भर्ती का विज्ञापन जारी नहीं किया जा रहा है, जिससे अभ्यर्थियों में काफी नाराजगी देखने को मिल रहा है। अभ्यर्थियों ने यह भी दावा किया है कि बड़ी संख्या में पद खाली हैं, ऐसे में सरकार को बिना देरी की भर्ती की प्रक्रिया पूरी करनी चाहिए।

आपको बता दें कि इस आंदोलन TRE 4 अभ्यर्थियों के अलावा BSSC, लाइब्रेरियन, दरोगा और सिपाही भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थी भी शामिल थे।

46,595 पदों पर होनी है भर्ती

आपको बता दें कि TRE-4 के तहत कुल 46,595 पदों पर शिक्षकों की भर्ती होनी है। इसके लिए प्रस्ताव फरवरी में ही BPSC को भेजी गई थी, जिसे शिक्षा विभाग ने संशोधित कर वार्षिक कैलेंडर में भी शामिल किया। लेकिन आवेदन प्रक्रिया को लेकर कोई सूचना अभी तक नहीं जारी की गई। सूत्रों के अनुसार परीक्षा 22 से 27 सितंबर 2026 के बीच आयोजित हो सकती है और परिणाम नवंबर में जारी होने की उम्मीद है।

पहली बार लागू होगी डोमिसाइल नीति

इस भर्ती प्रक्रिया में पहली बार डोमिसाइल नीति लागू की जाएगी। कक्षा 1 से 12 तक के शिक्षकों के अलावा विभिन्न कल्याण विभागों में भी नियुक्तियां होनी है। TRE-1, TRE-2 और TRE-3 के जरिए बीते दो सालों में लगभग 2.27 लाख शिक्षकों की नियुक्ति पहले ही की जा चुकी है।

ये भी पढ़ें- बांकीपुर हार और शराबबंदी पर आनंद मोहन का बड़ा बयान, तुझको तेरा गुरूर मारेगा