कुंदन कुमार/पटना। बिहार में शिक्षक भर्ती (TRE 4.0) की विज्ञप्ति जारी करने की मांग को लेकर अभ्यर्थियों का गुस्सा सातवें आसमान पर है। अपनी मांगों को लेकर आज एक बार फिर पटना की सड़कों पर हजारों छात्रों ने उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया। आंदोलनकारी छात्रों का साफ कहना है कि सरकार इस पूरे मामले पर चुप्पी साधे हुए है और जानबूझकर युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने सरकार विरोधी नारे लगाए और जल्द से जल्द आधिकारिक जवाब देने की मांग की।

​सरकार पर जानबूझकर परेशान करने का आरोप

​छात्रों का नेतृत्व कर रहे नेताओं ने कहा कि वे लंबे समय से शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगें रख रहे हैं, लेकिन प्रशासन की तरफ से केवल आश्वासन मिल रहा है। अभ्यर्थियों का आरोप है कि वैकेंसी निकालने में देरी करके सरकार जानबूझकर उन्हें मानसिक और आर्थिक रूप से परेशान कर रही है। छात्रों ने चेतावनी दी है कि जब तक सरकार TRE 4.0 की बहाली का नोटिफिकेशन जारी नहीं करती, तब तक वे पीछे हटने वाले नहीं हैं।

​कल से शुरू होगी ‘थाली-बेलन क्रांति’

​आंदोलन को और धार देने के लिए छात्र नेता विवेक भट्ट ने एक बड़े आंदोलन का एलान किया है। विवेक भट्ट ने कहा, “कल पटना की सड़कों पर ऐतिहासिक ‘थाली-बेलन क्रांति’ की शुरुआत होगी। इसमें हजारों की संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल होकर सोई हुई सरकार को जगाने का काम करेंगे।”

​सभी जिलों में फैलेगा आंदोलन

​छात्र नेताओं ने साफ कर दिया है कि यह लड़ाई सिर्फ राजधानी पटना तक सीमित नहीं रहेगी। अगर सरकार ने तुरंत वैकेंसी घोषित नहीं की, तो आने वाले दिनों में बिहार के सभी 38 जिलों में छात्र सड़कों पर उतरेंगे। युवाओं का संकल्प है कि जब तक नियुक्ति प्रक्रिया शुरू नहीं हो जाती, तब तक उनका यह आंदोलन अनवरत जारी रहेगा।