Bihar News: असम पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने पाकिस्तान से जुड़े एक कथित जासूसी नेटवर्क के मामले में बिहार के दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों पर सुरक्षा से जुड़ी संवेदनशील जानकारी पाकिस्तान तक पहुंचाने का आरोप है। गिरफ्तार युवकों की पहचान पूर्वी चंपारण के 31 वर्षीय अभिषेक कुमार सिंह और बेगूसराय के 39 वर्षीय रीतेश सिंह के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, दोनों गुवाहाटी के सतगांव थाना क्षेत्र के गांधीनगर में किराये के मकान में रह रहे थे। आरोप है कि दोनों पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी से जुड़े एक ऑपरेटिव के संपर्क में थे और सुरक्षा बलों से संबंधित गोपनीय जानकारी साझा कर रहे थे। सेना की मिलिट्री इंटेलिजेंस से मिले शुरुआती इनपुट के बाद STF ने यह कार्रवाई की।
रिटायर्ड जवान का नाम भी शामिल
असम के सीएम हिमंत बिस्व शर्मा ने बताया कि इस मामले में गिरफ्तार लोगों में सेना का एक सेवानिवृत्त जवान भी शामिल है। उनके मुताबिक, रिटायर्ड जवान को अनुबंध के आधार पर दोबारा नियुक्त किया गया था। बता दें कि बिहार के इन दोनों युवकों की गिरफ्तारी केंद्रीय एजेंसियों से मिले इनपुट के आधार पर की गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों ने कथित तौर पर किस तरह की जानकारी साझा की और उनके संपर्क में और कौन-कौन लोग थे?
मोबाइल और सिम कार्ड बरामद
पुलिस ने अभिषेक कुमार सिंह के पास से एक मोबाइल फोन, कई सिम कार्ड और कुछ दस्तावेज बरामद किए हैं। इनकी जांच की जा रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि अब तक कितनी जानकारी साझा की गई और इस पूरे नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं।
मोतिहारी एसपी ने की गिरफ्तारी की पुष्टि
पूर्वी चंपारण के एसपी स्वर्ण प्रभात ने अभिषेक कुमार सिंह की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि स्थानीय स्तर पर उसके परिवार और पृष्ठभूमि से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल STF दोनों आरोपितों से पूछताछ कर रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि पाकिस्तान से जुड़े कथित ऑपरेटिव के साथ उनका संपर्क कब से था और अब तक किस तरह की जानकारी साझा की गई।
ये भी पढ़ें- ‘ज्ञानेश कुमार को फांसी पर लटका देना चाहिए’, RJD विधायक भाई वीरेंद्र का विवादित बयान

