पटना। बिहार में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। पटना के कुछ इलाकों में गुरुवार सुबह हल्की बारिश हुई, जबकि समस्तीपुर में बुधवार रात से बारिश का दौर जारी है। मौसम विज्ञान केंद्र ने आज 24 सितंबर को पूरे बिहार में आंधी-बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार आज राज्य में कहीं भारी तो कहीं बहुत भारी बारिश हो सकती है। साथ ही गरज-चमक, आकाशीय बिजली और तेज हवा की स्थिति बनने की आशंका है। उत्तर बिहार में बारिश की गतिविधियां अधिक रहने का अनुमान है। वहीं दक्षिण बिहार के कई हिस्सों में बारिश अपेक्षाकृत कम हो सकती है, लेकिन कुछ स्थानों पर गरज-चमक और तेज हवा के साथ बारिश होने की संभावना बनी रहेगी। पटना, समस्तीपुर, खगड़िया, सुपौल, जमुई, रोहतास, गया, नवादा, मुजफ्फरपुर, मुंगेर, बांका, किशनगंज, मधुबनी, पूर्वी चंपारण और आसपास के जिलों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।
सिस्टम का असर
मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव क्षेत्र पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसके प्रभाव से अगले कुछ दिनों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने का अनुमान है। यही सिस्टम बिहार के मौसम को प्रभावित कर रहा है। पटना में आज आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। एक-दो दौर में बारिश या गरज के साथ बौछार पड़ सकती है। बुधवार को दिन में तेज धूप के बाद शाम होते ही मौसम बदला और रात में कई इलाकों में तेज बारिश हुई। आज भी लोगों को उमस से राहत मिलने के आसार हैं।
इस दिन भी हो सकती है बारिश
आईएमडी के अनुसार 25 सितंबर को बिहार में भारी बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की स्थिति बन सकती है। 26 सितंबर को भी राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश का अनुमान है। 27 सितंबर को गरज-चमक और तेज हवा की गतिविधियां रह सकती हैं। राज्य में मानसून की गतिविधि पिछले 24 घंटे में छिटपुट रही। कुछ जिलों में अच्छी बारिश हुई, जबकि कई हिस्सों में बारिश सीमित रही। किसानों को सलाह दी गई है कि कटी हुई फसल को खुले में न छोड़ें और बारिश के दौरान खेतों में जाने से बचें। आकाशीय बिजली की आशंका को देखते हुए लोगों को खुले मैदान, पेड़, बिजली के खंभे और जलाशयों के पास जाने से बचने की सलाह दी गई है। बारिश और आंधी के दौरान घर के अंदर रहना सुरक्षित रहेगा।


