पटना। बिहार में आज यानी 30 सितंबर को मौसम सामान्य रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने राज्य के किसी भी जिले के लिए आज बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया है। IMD के अनुसार 30 सितंबर से 2 अक्टूबर तक बिहार में कोई चेतावनी नहीं है। मानसून की वापसी शुरू होने के कारण राज्य में व्यापक बारिश की गतिविधियां फिलहाल कम रहने की संभावना है। हालांकि, उत्तर बिहार में नेपाल में हुई भारी बारिश के बाद नदियों में बढ़े जलस्तर से बाढ़ का संकट बना हुआ है। गंडक नदी का जलस्तर बगहा गेज स्थल पर 91.25 मीटर पहुंच गया है, जो अब तक का सबसे अधिक स्तर है। यह 2024 में दर्ज 90.90 मीटर के पिछले रिकॉर्ड से 35 सेंटीमीटर ज्यादा है। 28 सितंबर को वाल्मीकिनगर गंडक बराज से 5.43 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया था। बराज पर डिस्चार्ज 13 घंटे तक 5 लाख क्यूसेक से अधिक रहा। इसके बाद पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सारण, मुजफ्फरपुर और वैशाली की ओर पानी का दबाव बढ़ा।
आबादी वाले क्षेत्र में पहुंचा पानी
तेज बहाव के कारण पश्चिम चंपारण के बगहा इलाके में तटबंध को नुकसान पहुंचा है और कुछ स्थानों पर बाढ़ का पानी आबादी वाले क्षेत्रों में पहुंचा है। जल संसाधन विभाग के अनुसार तटबंधों पर सीपेज और पाइपिंग के कई संवेदनशील बिंदुओं को ठीक किया गया है और प्रभावित क्षेत्रों में टीमें तैनात हैं। आपदा प्रबंधन विभाग ने उत्तर बिहार के 17 जिलों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। गंडक और अन्य नदियों के जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है। खासकर निचले इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए स्थिति अभी भी चिंता का विषय बनी हुई है।
पटना में उमस और गर्मी
पटना समेत कई शहरों में आज बारिश की संभावना कम है। सुबह वातावरण में नमी के कारण उमस महसूस हो सकती है। दिन में धूप निकलने से गर्मी बढ़ेगी। दोपहर के समय उमस का असर ज्यादा रहने की संभावना है।
जानें क्या बोला मौसम विभाग
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 1 और 2 अक्टूबर को भी बिहार में कोई चेतावनी नहीं है। हालांकि 3 और 4 अक्टूबर के लिए गरज-चमक और आंधी से जुड़ी चेतावनी दर्ज की गई है। इसलिए अगले कुछ दिनों में व्यापक बारिश के बजाय स्थानीय स्तर पर मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।


