पटना। बिहार में बुधवार यानी 23 सितंबर से मौसम एक बार फिर सक्रिय होने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र, पटना ने आज राज्य के सभी 38 जिलों में बारिश और गरज-चमक को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। कई स्थानों पर आकाशीय बिजली और तेज हवा के साथ बारिश होने की संभावना है। विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक मौसम में बदलाव बना रहेगा।
पटना, गया, जहानाबाद, अरवल, औरंगाबाद, नवादा, नालंदा, रोहतास, कैमूर, भोजपुर, बक्सर, जमुई, बांका, भागलपुर, मुंगेर, लखीसराय, शेखपुरा, बेगूसराय, खगड़िया, समस्तीपुर, वैशाली, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, मधुबनी, सुपौल, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, अररिया, किशनगंज, सीतामढ़ी, शिवहर, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, सीवान और सारण समेत पूरे बिहार में बारिश की संभावना है।

जानें कब बढ़ेगी बारिश

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 24 और 25 सितंबर को बारिश की गतिविधियां और बढ़ सकती हैं। बिहार के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। 24 सितंबर को भी गरज-चमक के साथ तेज बारिश की संभावना है, जबकि 25 सितंबर को कई इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। इसके बाद 26 सितंबर को भी बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है।

इतना रहेगा तापमान

पटना में आज सामान्य रूप से बादल छाए रहने के साथ एक-दो दौर में बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। 24 सितंबर को अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री और 25 सितंबर को करीब 30 डिग्री तक पहुंच सकता है।

दक्षिण बिहार में हुई बारिश

पिछले 24 घंटे में राज्य के दक्षिणी हिस्से के कई क्षेत्रों में बारिश दर्ज की गई। गया, नवादा, जहानाबाद, अरवल और औरंगाबाद के कुछ इलाकों में बारिश हुई। गया जिले के टनकुप्पा में 52.2 मिमी, टेकरी में 42.4 मिमी और नवादा के अकबरपुर में 38 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा गया के बेलागंज और कोंच, फतेहपुर, नवादा के गोबिंदपुर और जहानाबाद के मखदुमपुर में भी बारिश हुई।

बिजली गिरने के दौरान रहें सावधान

मौसम विभाग ने बारिश के साथ आकाशीय बिजली और तेज हवा की संभावना को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। बारिश और बिजली चमकने के दौरान खुले मैदान, पेड़, बिजली के खंभे और कमजोर संरचनाओं के पास खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है।