Bihar Weather Today: बिहार में कल सोमवार को आई आंधी पानी ने भारी तबाही मचाई। आंधी-पानी और आकाशीय बिजली की चपेट में आने से प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में 26 लोगों की जान चली गई। वहीं, कई लोगों के घायल होने की खबर है। समय के साथ मौत और घायलों का आंकड़ा बढ़ सकता है।

पूरे बिहार में वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी

इस बीच मौसम विभाग ने पूरे बिहार में भीषण वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार अगले 48 से 72 घंटे को बिहार के लिए बेहद ही संवेदनशील रहने वाला है। आज मंगलवार को 18 जिलों मुंगेर, बांका, जमुई, औरंगाबाद, सुपौल, अररिया, किशनगंज, मधेपुरा, सहरसा, पूर्णिया, कटिहार, खगड़िया, भागलपुर, रोहतास, कैमूर, बक्सर, भोजपुर और अरवल में भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं राजधानी पटना समेत 10 जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा गोपालगंज और सिवान में ओलावृष्टि की भी चेतावनी जारी की गई है।

8 मई के बाद साफ होगा मौसम

मौसम विभाग के मुताबिक 7 मई तक बिहार में आंधी-बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। इस दौरान तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट देखने को मिल सकती है। हालांकि 8 मई के बाद मौसम के साफ होने की उम्मीद जताई गई है। अगले 24 घंटे के दौरान राज्य का तापमान 32 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है।

फसलों को भी पहुंचा भारी नुकसान

कल आई आंधी-पानी से जहां 26 लोगों की जान चली गई। वहीं, तेज हवा और ओलावृष्टि होने की वजह से खेत की फसलों को भी भारी पैमाने पर नुकसान पहुंचा है। वहीं, लीची और आम के फल भी बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। इस बीच मौसम विभाग ने लोगों से आंधी पानी के दौरान खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है।

ये भी पढ़ें- बिहार में कुदरत का कहर…आंधी-पानी और आकाशीय बिजली गिरने से 23 लोगों की मौत, 18 घायल