Bihar Today Weather: बिहार में बीते कई दिनों से जारी बारिश के बीच आज मौसम का रौद्र रूप देखने को मिल सकता है। दरअसल मौसम विभाग ने आज शुक्रवार 4 सितंबर 2026 को प्रदेश के 24 जिलों में मुसलाधार बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। इस दौरान गरज-चमक के साथ आंधी और आकाशीय बिजली गिरने को लेकर भी चेतावनी जारी की गई है। खराब मौसम के दौरान मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। वहीं, 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।
इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने राजधानी पटना समेत भागलपुर, पूर्णिया, कटिहार, मुंगेर, खगड़िया, जहानाबाद, गया, भोजपुर, बक्सर, सिवान, वैशाली, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, मधुबनी, सहरसा, सुपौल, बेगूसराय और समस्तीपुर में भारी बारिश को लेकर और आंधी की चेतावनी जारी की है। इसके साथ ही कुछ अन्य जिलों में हल्की बारिश होने की भी संभावना है। पटना का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है। वहीं, न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है।
मौसम विभाग ने की सर्तक रहने की अपील
अलर्ट वाले इलाकों में तेज बारिश के साथ आंधी और बिजली गिरने की आशंका जाहिर की गई है, जिसे लेकर विभाग ने इस दौरान लोगों को सर्तक और सुरक्षित जगहों पर रहने की सलाह दी है। मौसम विभाग ने लोगों से खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की है। साथ ही लोगों को मौसम विभाग की अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है। यह सिलसिला 6 सितंबर तक जारी रह सकता है।
उफान पर कई नदियां, बाढ़ जैसे हालात
बिहार में लगातार हो रही भारी बारिश और पड़ोसी राज्य (झारखंड) के पहाड़ी इलाकों से आ रहे पानी के कारण कोसी, गंडक, सोन समेत कई नदियां उफान पर हैं। वहीं, जहानाबाद, औरंगाबाद, रोहतास समेत कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात उत्पन्न हो गए है। अदरी और पुनपुन समेत अन्य स्थानीय नदियों का भी जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। नीचले इलाकों में पानी भरने और बाढ़ जैसे हालात उत्पन्न होने के कारण ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। कई जगहों पर तो घरों में बाढ़ का पानी घुस गया है। लोग पलायन करने को मजबूर हैं।
6 सितंबर के बाद बदलेगा मौसम
मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए बताया है कि उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उसके आसपास के तटीय इलाकों में चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय हो गया है, जिसे मौसम में हुए इस बदलाव की मुख्य वजह बताया जा रहा है। इसके असर से यहां कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके प्रभाव से मानसून की गतिविधियां तेज हो सकती हैं और आने वाले दिनों में बारिश बढ़ने की संभावना है। हालांकि 6 सितंबर के बाद मौसम में बदलाव होने के संकेत हैं।
ये भी पढ़ें- Bihar Morning News: पटना में जन्माष्टमी की धूम, राजद की बैठक, जदयू कार्यालय में जनसुनवाई



