Bihar Today Weather: बिहार में बीते कई दिनों से लगातार बारिश का दौर जारी है। इस बीच मौसम विभाग ने आज बुधवार 2 सितंबर 2026 को राजधानी पटना समेत 31 जिलों में तेज बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। नवादा, जमुई और गयाजी में भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने को लेकर भी चेतावनी जारी की गई है। खराब मौसम के दौरान मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। वहीं, 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।
इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने जिन जिलों में तेज बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है, उनमें राजधानी पटना, गयाजी, सीवान, मोतिहारी, सारण, मधुबनी, पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा, किशनगंज, भोजपुर, मुजफ्फरपुर, खगड़िया, शिवहर, भागलपुर, मुंगेर, सहरसा समस्तीपुर, दरभंगा, बेगूसराय और सुपौल समेत अन्य जिले शामिल हैं। इन जिलों में अच्छी बारिश होने की संभावना है।
उफान पर कई नदियां, बाढ़ जैसे हालात
बिहार में लगातार हो रही भारी बारिश और पड़ोसी राज्य (झारखंड) के पहाड़ी इलाकों से आ रहे पानी के कारण कोसी, गंडक, सोन समेत कई नदियां उफान पर हैं। वहीं, जहानाबाद, औरंगाबाद, रोहतास समेत कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात उत्पन्न हो गए है। अदरी और पुनपुन समेत अन्य स्थानीय नदियों का भी जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। नीचले इलाकों में पानी भरने और बाढ़ जैसे हालात उत्पन्न होने के कारण ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। कई जगहों पर तो घरों में बाढ़ का पानी घुस गया है। लोग पलायन करने को मजबूर हैं।
लोगों से सतर्क रहने की अपील
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान खासकर बिहार के दक्षिण और पूर्वी हिस्सों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने का सलाह दिया है। इन इलाकों में अचानक तेज बारिश के साथ आंधी और बिजली गिरने की आशंका जाहिर की गई है, जिसे लेकर विभाग ने इस दौरान लोगों को सर्तक और सुरक्षित जगहों पर रहने की सलाह दी है। चेतावनी के बीच मौसम विभाग ने लोगों से खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की है। साथ ही लोगों को मौसम विभाग की अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है। यह सिलसिला 5 सितंबर तक जारी रह सकता है।
बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र
मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए बताया है कि उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उसके आसपास के तटीय इलाकों में चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय हो गया है, जिसे मौसम में हुए इस बदलाव की मुख्य वजह बताया जा रहा है। इसके असर से यहां कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके प्रभाव से मानसून की गतिविधियां तेज हो सकती हैं और आने वाले दिनों में बारिश बढ़ने की संभावना है। हालांकि 5 सितंबर के बाद मौसम में बदलाव होने के संकेत हैं।
ये भी पढ़ें- Bihar Morning News: कांग्रेस की PC, जदयू कार्यालय में जनसुनवाई, BJP का सहयोग कार्यक्रम



