अररिया। भीषण गर्मी और उमस से जूझ रहे बिहार के निवासियों को बुधवार को मौसम में आए अचानक बदलाव से थोड़ी राहत मिली है। राज्य के विभिन्न हिस्सों में तेज हवा के साथ बारिश दर्ज की गई हालांकि इस दौरान हुई प्राकृतिक आपदा ने अररिया जिले में दो लोगों की जान ले ली।
वज्रपात से अररिया में मातम
राज्य के अररिया जिले में तेज बारिश के दौरान आकाशीय बिजली (वज्रपात) गिरने से दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। इस दुखद घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले में न रहने और सतर्क रहने की अपील की है।
12 जिलों में बारिश, 26 में अलर्ट
बुधवार को राज्य के कई जिलों का मिजाज पूरी तरह बदल गया। मुजफ्फरपुर, लखीसराय और शिवहर में मूसलाधार बारिश हुई। वहीं, मधुबनी, भागलपुर, बेगूसराय, सहरसा, खगड़िया, किशनगंज, सुपौल और बांका में तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश ने लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत दी। समस्तीपुर में भी हल्की बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग ने राज्य के 26 जिलों के लिए ‘यलो अलर्ट’ जारी किया है। विभाग के अनुसार अगले 4-5 दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है। इस दौरान हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक हो सकती है। विभाग ने आकाशीय बिजली गिरने को लेकर विशेष चेतावनी जारी की है।
भीषण गर्मी का प्रकोप अभी भी जारी
एक तरफ जहां कुछ जिलों में बारिश हुई है वहीं दूसरी तरफ पटना समेत कई इलाके अभी भी तप रहे हैं। मंगलवार को कैमूर 42.2 डिग्री तापमान के साथ सबसे गर्म जिला रहा। बक्सर में 41.4, डेहरी में 40.4 और पटना में 40 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटों में शेखपुरा (40.9 डिग्री) और औरंगाबाद (40.8 डिग्री) में भी भीषण गर्मी बनी रही।
मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि मानसून के आगमन और सक्रियता के बीच तापमान में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। फिलहाल, लोगों को तेज धूप और उमस से बचने के लिए सतर्क रहने की आवश्यकता है विशेषकर खेतों में काम करने वाले किसानों को आकाशीय बिजली से सावधान रहने की सलाह दी गई है।

