Weather update: भीषण गर्मी और उमस से जूझ रहे बिहार के निवासियों के लिए सोमवार का दिन मिश्रित रहा। जहां राज्य के कुछ हिस्सों में तेज आंधी और बारिश ने राहत दी, वहीं दक्षिण बिहार के कई जिले अभी भी चिलचिलाती धूप का सामना कर रहे हैं। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में व्यापक बदलाव के संकेत दिए हैं।
बारिश और आंधी का अलर्ट
सोमवार को पटना के मोकामा, अररिया, किशनगंज, भागलपुर, मुजफ्फरपुर और मोतिहारी में तेज बारिश दर्ज की गई। वहीं, मुंगेर और बेगूसराय में भी घने बादलों और तेज हवाओं के साथ मौसम का मिजाज बदल गया है। मौसम विभाग ने राज्य के 14 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है, जिसमें पटना सहित 7 जिलों में दोपहर बाद तेज आंधी और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।
गर्मी का सितम और तापमान का हाल
बिहार फिलहाल दो तरह के मौसम का गवाह बन रहा है। दक्षिण बिहार में उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर रही है। पिछले 24 घंटों में कैमूर 40.5 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म जिला रहा, जबकि रोहतास का तापमान 40.4 डिग्री दर्ज किया गया। पटना का अधिकतम तापमान 38 डिग्री और बक्सर का 39.6 डिग्री सेल्सियस रहा। अरवल और नवादा में 68 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी ने जनजीवन को प्रभावित किया। आगामी दो दिनों तक तापमान में 2 से 3 डिग्री की वृद्धि होने के आसार हैं।
मानसून की दस्तक और राहत की उम्मीद
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, 10 जून के बाद प्रदेश में मौसम तेजी से करवट लेगा। 10-11 जून को अररिया, किशनगंज और सुपौल में भारी बारिश के साथ 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है। 12-13 जून से उत्तर बिहार में बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी। राहत की बड़ी खबर यह है कि 15 जून तक दक्षिण-पश्चिम मानसून के बिहार में प्रवेश करने की संभावना है। मानसून पूर्णिया और किशनगंज के रास्ते राज्य में दस्तक देगा। 13 जून से पूरे बिहार में मेघगर्जन के साथ बारिश होने से भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिलने के संकेत हैं। तब तक प्रदेश का तापमान 38 से 42 डिग्री के बीच बने रहने का अनुमान है। प्रशासन ने लोगों को दोपहर में सावधानी बरतने की सलाह दी है।

