Bihar Today Weather: बिहार में इन दिनों मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आ रहा है। इस बीच आज सोमवार 31 अगस्त को मौसम विभाग ने राज्य के 11 जिलों में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही बाकी के 27 जिलों में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने को लेकर भी चेतावनी जारी की गई है। वहीं, 40 किमी की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की उम्मीद है। खराब मौसम के दौरान मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
इन 11 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने जिन 11 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, उनमें गोपालगंज, सीवान, पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, सारण, बक्सर, भोजपुर, अरवल, कैमूर, रोहतास और औरंगाबाद जिला शामिल है। इन जिलों में भारी से भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं, राजधानी पटना समेत नवादा, मुंगेर, जमुई, बांका, अररिया, किशनगंज, सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर, मधुबनी, जहानाबाद, बेगूसराय, खगड़िया, दरभंगा, सुपौल, सहरसा, मधेपुरा, वैशाली, समस्तीपुर, नालंदा, गया, पूर्णिया, कटिहार, लखीसराय, भागलपुर और शेखपुरा में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में मध्यम से लेकर अच्छी बारिश देखने को मिल सकती है।
लोगों से सतर्क रहने की अपील
ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों में मौसम के खराब होने के दौरान आसमान से आकाशीय बिजली गिरने का भी खतरा बना रहेगा, जिसे लेकर विभाग ने इस दौरान लोगों को सर्तक और सुरक्षित जगहों पर रहने की सलाह दी है। चेतावनी के बीच मौसम विभाग ने लोगों से खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की है। साथ ही लोगों को मौसम विभाग की अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है। यह सिलसिला 2-3 सितंबर तक जारी रह सकता है।
बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र
मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए बताया है कि उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उसके आसपास के तटीय इलाकों में चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय हो गया है, जिसे मौसम में हुए इस बदलाव की मुख्य वजह बताया जा रहा है। इसके असर से यहां कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके प्रभाव से मानसून की गतिविधियां तेज हो सकती हैं और आने वाले दिनों में बारिश बढ़ने की संभावना है। हालांकि 3 सितंबर के बाद मौसम में बदलाव होने के संकेत हैं।
ये भी पढ़ें- मंत्री संजय कुमार सिंह ने तेज प्रताप यादव को भेजा 50 करोड़ का मानहानि नोटिस, लगाए कई गंभीर आरोप


