कुंदन कुमार, पटना। बिहार सरकार में मंत्री और महुआ से विधायक संजय कुमार सिंह ने लालू यादव के बड़े बेटे और जजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव को 50 करोड़ का मानहानि नोटिस भेजा है। दरअसल तेज प्रताप यादव ने हालही में सोशल मीडिया पर खुलकर यह आरोप लगाया था कि संजय कुमार सिंह ने दिल्ली के एक होटल में कथित तौर पर युवती के साथ छेड़छाड़ की और उसका शोषण करने का प्रयास किया, जिसके बाद मंत्री के वकील सुशील कुमार की ओर से कल 30 अगस्त को तेज प्रताप यादव को नोटिस जारी करते हुए उनके द्वारा लगाए गए सभी आरोपों को बेबुनियाद और दुर्भावनापूर्ण बताया है।
पत्नी ऐश्वर्या राय का इंसाफ कब मिलेगा?
मानहानि नोटिस भेजने के अलावा संजय कुमार सिंह ने तेज प्रताप यादव पर कई सारे गंभीर आरोप भी लगाए हैं। उन्होंने जजद अध्यक्ष को चुनौती देते हुए कहा है कि हसनपुर के पूर्व विधायक ये बताएं कि, बिहार के प्रतिष्ठित परिवार और समाज की बेटी ऐश्वर्या राय, जो लंबे समय से अपने इंसाफ के लिए दर-दर भटक रही हैं, उनके अंधकारमय जीवन का क्या होगा जिसको आपने अंधकारमय बना दिया उनका क्या होगा?
अनुष्का यादव समेत कई लड़कियों का गिनाया नाम
संजय कुमार सिंह ने आगे कहा कि, वहीं, बिनब्याही अनुष्का जो अपने बच्चे के पिता के नाम और अपने अधिकार को लेकर इंसाफ मांग रही हैं। उनके जीवन से जुड़े सवालों का जवाब कौन देगा? एक मासूम निशु सिन्हा, जो पटना के गोला रोड में रहती हैं, उनसे आपके संबंध को लेकर जो सवाल उठ रहे हैं, उनका जवाब क्या है? उन्हें कब इंसाफ मिलेगा? मुजफ्फरपुर की मोनिका मणि कौन हैं? उनसे आपके संबंध को लेकर उठ रहे सवालों पर आपकी सफाई क्या है? दिल्ली के शेरेटॉन होटल में दो दिनों तक आपके साथ रही उनका क्या होगा? क्या उसको इंसाफ मिलेगा?
पूर्व प्रवक्ता अनामिका झा से संबंध को लेकर लगाया आरोप
उन्होंने आगे कहा कि, 1 जनवरी 2008 को दिल्ली के अशोक होटल, कनॉट प्लेस और महरौली फार्म हाउस में न्यू ईयर पार्टी से लौट रही लड़कियों के साथ कथित छेड़खानी को लेकर जो आरोप और सवाल सामने आए थे, उन पर जवाबदेही किसकी है?और पटना में गंगा किनारे के रिसॉर्ट्स को लेकर भी यदि किसी महिला या मासूम की जिंदगी से खिलवाड़ की कोई शिकायत या आरोप सामने आता है, तो उसे इंसाफ कौन दिलाएगा? आपकी पार्टी की प्रवक्ता अनामिका झा के साथ संबंध में जबरदस्ती करने की कोशिश को लेकर जो आरोप और सवाल उठे हैं, उन पर आपकी क्या सफाई है?
सार्वजनिक आचरण को लेकर भी मांगा जवाब
मंत्री संजय कुमार सिंह ने कहा कि, एक सवाल आपके (तेज प्रताप यादव) सार्वजनिक आचरण को लेकर भी है। आप खुद फिल्म अभिनेत्री मलाइका शेरावत के साथ रील्स बना रहे हैं, उनके साथ जिम में नजर आ रहे हैं और उनके सामने उन्हें “हॉट” और “सेक्सी” जैसे शब्दों से संबोधित करते हुए वीडियो भी सामने आए हैं। जब आप दूसरों के निजी जीवन और आचरण पर सवाल उठाते हैं, तो जनता यह भी पूछेगी कि सार्वजनिक जीवन में महिलाओं के प्रति आपकी अपनी भाषा और व्यवहार की मर्यादा क्या है?
‘जिनके घर शीशे के होते है, वो पत्थर नहीं मारते’
अंत में उन्होंने तेज प्रताप यादव को चेतावनी देते हुए कहा कि, तेजप्रताप, जिनके घर शीशे के होते हैं, वे दूसरों के घर पर पत्थर नहीं फेंका करते। दूसरों पर आरोप लगाने से पहले अपने ऊपर उठ रहे सवालों का जवाब देना भी जरूरी है। ऐश्वर्या, अनुष्का, निशु, मोनिका और न जाने कितने नाम इनसे जुड़े सवालों पर आपकी सफाई क्या है? बिहार की जनता जानना चाहती है। आखिर इन सवालों का जवाब कब मिलेगा? दूसरों पर उंगली उठाने से पहले अपने गिरेबान में झांकिए और अपने ऊपर उठ रहे सवालों का जवाब दीजिए।
ये भी पढ़ें- चिराग के विधायक ने दिल्ली के होटल में युवती से की छेड़छाड़, तेज प्रताप यादव ने संजय सिंह पर लगाए गंभीर आरोप


