Weather update: ​बिहार के मौसम में अचानक बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में तेज आंधी और झमाझम बारिश ने दस्तक दी है जिससे लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली है। पटना से लेकर कैमूर और बक्सर तक मौसम का मिजाज बदला हुआ है।

​दिन में ही छाया अंधेरा

​राज्य के कई जिलों में बादलों ने इस कदर डेरा जमाया है कि दिन में ही शाम जैसा मंजर दिख रहा है। बक्सर में घने काले बादलों के कारण सुबह ही अंधेरा छा गया जिसके चलते वाहन चालकों को दिन में भी लाइट जलाकर चलना पड़ रहा है। वहीं पटना में तेज हवाओं के साथ आसमान पूरी तरह बादलों से ढका हुआ है। रोहतास, औरंगाबाद, कैमूर, छपरा और सीवान में भी सुबह से ही तेज आंधी के साथ बारिश का दौर जारी है। सड़कों पर पानी जमा हो गया है, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ है।

​आखिर क्यों बदल रहा है मौसम?

​मौसम विशेषज्ञों के अनुसार बंगाल की खाड़ी से लगातार आ रही नमी इस बदलाव की मुख्य वजह है। इसके साथ ही पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय स्तर पर बने निम्न दबाव के क्षेत्र ने वातावरण को अस्थिर कर दिया है। दिन की गर्मी और नमी के मेल से शाम होते ही तेज आंधी और वज्रपात (ठनका) की स्थितियां बन रही हैं। बीते 24 घंटों में राज्य का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया था लेकिन अब ठंडी हवाओं ने उमस को काफी कम कर दिया है।

​अगले 7 दिनों का पूर्वानुमान

​मौसम विभाग के अनुसार अगले 3 दिनों तक राज्य के तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की और गिरावट दर्ज की जा सकती है जिससे राहत का अहसास बना रहेगा। हालांकि इसके बाद के 4 दिनों में तापमान में फिर से 3 से 5 डिग्री तक की बढ़ोतरी की संभावना है जिससे पुनः उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। वैज्ञानिकों का मानना है कि जून के पहले सप्ताह तक राज्य में रुक-रुककर बारिश और तेज हवाओं का सिलसिला जारी रह सकता है।
​इस दौरान लोगों को सचेत रहने की सलाह दी गई है क्योंकि मौसम की इस अनिश्चितता के बीच वज्रपात का खतरा बना रहता है। फिलहाल बिहार के लोग भीषण लू से मिली इस राहत का अनुभव कर रहे हैं।