वीरेंद्र कुमार/ सोहराब आलम/अविनाश श्रीवास्तव/ weather update: भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों से झुलस रहे बिहार के लोगों को शुक्रवार को बड़ी राहत मिली। राज्य के कई हिस्सों में अचानक मौसम ने करवट ली और मूसलाधार बारिश ने तपती धरती को तर कर दिया। पिछले कई दिनों से 45 से 48 डिग्री सेल्सियस तापमान झेल रहे प्रदेशवासियों ने राहत की सांस ली है।

​बिहारशरीफ में खुशनुमा हुआ मौसम

​बिहारशरीफ मुख्यालय में शुक्रवार सुबह करीब 8:16 बजे अचानक आसमान में काले घने बादल छा गए। ठंडी हवाओं के साथ शुरू हुई हल्की बारिश ने भीषण उमस से जूझ रहे लोगों को सुकून दिया। घरों की छतों और बालकनियों से लोग इस सुहाने मौसम का आनंद लेते नजर आए, वहीं बच्चों की खुशी देखते ही बन रही थी। सड़कों और बाजारों में तापमान में आई भारी गिरावट से आम जनजीवन सामान्य होता दिखा।

​किसानों के चेहरे पर लौटी मुस्कान

​यह बारिश केवल शहरवासियों के लिए ही नहीं, बल्कि किसानों के लिए भी वरदान साबित हुई है। धान की बिचड़े की तैयारी और सब्जी व दलहन की खेती करने वाले किसानों के चेहरे खिल उठे हैं। जानकारों का कहना है कि यह नमी मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने में मददगार होगी। यदि आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज ऐसा ही रहा, तो खेती के कार्यों में तेजी आएगी।

​मोतिहारी और सासाराम का हाल

​मोतिहारी में मौसम का मिजाज बिल्कुल अलग रहा। यहां तेज आंधी के साथ दिन में ही अंधेरा छा गया और देखते ही देखते झमाझम बारिश होने लगी। इस बारिश से आम और लीची के बागवानों को बड़ा फायदा मिलने की उम्मीद है। वहीं सासाराम, जो पिछले कुछ दिनों से प्रदेश का सबसे गर्म इलाका बना हुआ था वहां भी सुबह से हो रही बारिश ने भीषण गर्मी से निजात दिलाई है।

​पटना में जलजमाव और यातायात पर असर

​राजधानी पटना में मूसलाधार बारिश का मिला-जुला असर देखने को मिला। जहां एक ओर गर्मी से राहत मिली वहीं भारी बारिश के कारण जनजीवन थोड़ा अस्त-व्यस्त भी हुआ। शहर के कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति बन गई है जिससे यातायात प्रभावित हुआ है। इसके अतिरिक्त तेज हवाओं के कारण कई स्थानों पर पेड़ों के गिरने की भी सूचना है, जिससे आवाजाही में परेशानी हो रही है।

​क्या कहता है मौसम विभाग?

​मौसम विभाग के अनुसार, यह प्री-मानसून गतिविधियों का नतीजा है। विभाग ने चेतावनी दी है कि बिहार के अधिकांश जिलों में अगले कुछ दिनों तक रुक-रुक कर बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। प्रशासन ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। यह बारिश न केवल गर्मी से राहत लेकर आई है बल्कि कृषि क्षेत्र के लिए भी उम्मीद की नई किरण जगा गई है।