Bihar Crime: बिहार के नवादा जिले से एक बड़ी और दुखद खबर सामने आई है, जहां शहर के बुंदेलखंड थाना क्षेत्र स्थित दर्जी मोहल्ले में आज सोमवार की सुबह एक घर से महिला और उसके दो मासूम बच्चियों का संदिग्ध हालत में शव बरामद होने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। लोगों ने इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे को सील करते हुए जांच-पड़ताल में जुट गई।

बेड पर पड़ा था बच्चियों का शव

मृतका की पहचान अनीदा खातून पति मोहम्मद साजिद और उसकी दो मासूम बच्चियों सरिया खातून (3) और सितारा खातून (4) के रूप में हुई है। अनीदा खातून का शव कमरे में फंदे के सहारे लटका हुआ मिला, जबकि दोनों बच्चिया बेड पर मृत हालत में पड़ी हुई थी। घटना का नजारा देख सभी के होश उड़ गए। घटना के संबंध में कहा जा रहा है कि महिला ने पहले अपनी बच्चियों की हत्या की और फिर खुद फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। हालांकि, महिला ने यह खौफनाक कदम क्यों उठाया। यह खुदकुशी है, या फिर किसी साजिश के तहत इस घटना का अंजाम दिया गया है? पुलिस इस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

दरअसल आज सोमवार की सुबह जब काफी देर तक अनीदा खातून ने अपने कमरे का दरवाजा नहीं खोला तो, परिजनों को किसी अनहोनी की आशंका सताने लगी। इसके बाद जब कमरे को खोला गया तो, अंदर का भयानक दृश्य देख उनके होश उड़ गए। फिलहाल पुलिस ने सभी शवों को अपने कब्जे में लेते हुए उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, घटनास्थल से कुछ जरूरी साक्ष्य जुटाए गए हैं, जो जांच में आगे चलकर काफी काम आ सकते हैं।

दुबई में रहता है मृतका का पति

आसपास के लोगों ने बताया कि अनीदा खातून का पति साजिद काम के सिलसिले में दुबई में रहता है। वह अपने दोनों बच्चियों के साथ उपर के कमरे में रहती थी, जबिक उसकी सास और ससुर नीचे के कमरे में रहते थे। लोगों ने मृतका और उसकी सास के बीच कभी-कभी घरेलू विवाद होने की बात कही है। हालांकि इस घटना की वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाई है।

फिलहाल पुलिस घटना के संबंध में परिवार और कुछ रिश्तेदारों से पूछताछ कर रही है। घटना की जानकारी उसके पति को भी दे दी गई है। पुलिस का कहना है कि मौत की असली वजह का पता पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल सकेगा। फिलहाल हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है। मां और दो मासूम बच्चियों की मौत से पूरे इलाके में मातम का माहौल छाया हुआ है।

ये भी पढ़ें- तीसरी सोमवारी पर कटिहार में दर्दनाक हादसा, कमला नदी में स्नान के दौरान 5 बच्चे डूबे, तीन की मौत