पटना। बिहार में यूथ कांग्रेस के संगठनात्मक ढांचे को नया रूप देने की कवायद तेज हो गई है। राज्य में आज से यूथ कांग्रेस के चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया की आधिकारिक शुरुआत हो गई है। यह चुनाव प्रदेश से लेकर ब्लॉक स्तर तक संगठन को मजबूती प्रदान करने के उद्देश्य से कराया जा रहा है।
6 प्रमुख पदों के लिए होगा चुनाव
इस चुनाव के जरिए कुल 6 पदों पर नई नियुक्तियां होंगी, जिनमें स्टेट प्रेसिडेंट, स्टेट जनरल सेक्रेटरी, डिस्ट्रिक्ट प्रेसिडेंट, डिस्ट्रिक्ट जनरल सेक्रेटरी, असेंबली कमिटी और ब्लॉक कमिटी शामिल हैं। राज्य के सभी 53 संगठनात्मक जिलों में यह प्रक्रिया संपन्न होगी। गौरतलब है कि पुरानी कमेटी का कार्यकाल 9 जून को समाप्त हो चुका है।
पात्रता और नामांकन की शर्तें
प्रदेश अध्यक्ष पद के उम्मीदवारों के लिए विशेष योग्यता तय की गई है। बिहार में कुल 638 ब्लॉक हैं, ऐसे में अध्यक्ष पद के दावेदारों को कम से कम 64 ब्लॉक से एक-एक रेफरेंस (समर्थन) लाना अनिवार्य होगा। वहीं, नामांकन शुल्क में भी आरक्षण का प्रावधान है। सामान्य वर्ग के लिए नामांकन फीस 20,000 रुपये है, जबकि एससी, एसटी और महिला उम्मीदवारों के लिए यह राशि 10,000 रुपये तय की गई है।
डिजिटल प्रक्रिया और राहुल गांधी का दौरा
पूरी चुनाव प्रक्रिया इंडियन यूथ कांग्रेस ऐप के जरिए संचालित की जाएगी। उम्मीदवारों को ऐप पर रजिस्टर करने के बाद सभी आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने होंगे। इसके साथ ही यदि किसी उम्मीदवार पर कोई एफआईआर दर्ज है, तो उसकी जानकारी देना अनिवार्य है। अंत में, एक 8 सेकंड का वीडियो रिकॉर्ड कर अपलोड करना होगा। नामांकन की स्क्रूटनी के बाद, स्टेट प्रेसिडेंट के टॉप 3 उम्मीदवारों का साक्षात्कार लिया जाएगा।
इस चुनावी प्रक्रिया के साथ ही प्रदेश में बड़े स्तर पर मेंबरशिप ड्राइव भी शुरू हो गई है जिसके जरिए 10 लाख युवाओं को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। इस अभियान को गति देने के लिए राहुल गांधी 11 जुलाई को बिहार आ रहे हैं। प्रदेश अध्यक्ष शिव प्रकाश गरीबदास ने युवाओं से आह्वान किया है कि वे अधिक संख्या में जुटें और पेपर लीक जैसी समस्याओं के खिलाफ कांग्रेस की आवाज को मजबूत करें।

