वीरेंद्र कुमार, नालंदा। जिले के बिहारशरीफ से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां लहेरी थाना क्षेत्र के मैहर पर दुर्गा स्थान के पास इंडियन ऑयल की पाइपलाइन से गैस लीकेज के बाद सड़क पर आग लग गई। आग की लपटें देखकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

स्थानीय युवक आनंद देव आर्य ने बताया कि पिछले करीब 2 से 3 दिनों से पाइपलाइन के पास गैस लीकेज हो रही थी। हालांकि, समय रहते इस ओर ध्यान नहीं दिया गया। उन्होंने बताया कि बीती शाम भी वहां कूड़ा जलाकर आग लगाने की बात सामने आई थी। इसके बाद आज सुबह जब लोग दुकान खोलने पहुंचे तो सड़क के पास गैस रिसाव के कारण आग लगी हुई दिखाई दी। आग देखकर स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना अग्निशमन विभाग को दी।

सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लेते हुए आग को नियंत्रित किया। अग्निशमन पदाधिकारी कृष्ण मुरारी प्रसाद ने बताया कि मैहर पर दुर्गा स्थान के समीप पाइपलाइन से गैस लीकेज होने की सूचना मिली थी। टीम मौके पर पहुंची और गैस रिसाव के कारण लगी आग को नियंत्रित कर दिया गया है।

हालांकि, अग्निशमन पदाधिकारी के अनुसार खतरा अभी पूरी तरह टला नहीं है। जब तक पाइपलाइन से जुड़े कर्मचारी मौके पर पहुंचकर गैस लीकेज को ठीक नहीं करते, तब तक वहां खतरा बना रह सकता है। संबंधित पाइपलाइन कर्मचारियों को मामले की सूचना दे दी गई है और उनके मौके पर पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है।

अब बड़ा सवाल यह है कि अगर स्थानीय लोगों के मुताबिक पिछले 2 से 3 दिनों से पाइपलाइन के पास गैस लीकेज हो रही थी, तो समय रहते इसकी जांच और मरम्मत क्यों नहीं की गई? फिलहाल गनीमत रही कि आग लगने के बाद कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। लेकिन जब तक गैस लीकेज की समस्या पूरी तरह ठीक नहीं हो जाती, तब तक स्थानीय लोगों के लिए सावधानी बेहद जरूरी है।

ये भी पढ़ें- ‘तेजस्वी के कलेजा पर लोट रहा सांप’, उपेंद्र कुशवाहा ने बताई वजह, बोले- बौखलाहट में…